लखनऊ में शादी के नाम पर ठगी! महिला टीचर से ब्याह रचाकर 2 स्कूटी लेकर हुआ फरार, शुरू हुई खोजबीन तो खुला राज, दर्ज हुई FIR

Lucknow News: लखनऊ में एक महिला शिक्षक से शादी कर युवक दो स्कूटी लेकर फरार हो गया। सोशल मीडिया से शुरू हुई बातचीत शादी तक पहुंची, लेकिन फिर हुआ धोखा।

Hemendra Tripathi
Published on: 22 Aug 2025 11:21 AM IST
लखनऊ में शादी के नाम पर ठगी! महिला टीचर से ब्याह रचाकर 2 स्कूटी लेकर हुआ फरार, शुरू हुई खोजबीन तो खुला राज, दर्ज हुई FIR
X

Lucknow News

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कभी प्रेम जाल में फंसा कर तो कभी नौकरी या शादी का झांसा देकर ठगी करने से जुड़े अनेकों मामले सामने आते हैं। इन्हीं मामलों के बीच अब लखनऊ में एक महिला टीचर के साथ शादी के नाम पर ठगी करने से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया है। बताया जाता है कि आरोपी राजीव ने सोशल मीडिया के जरिए झांसे में लेकर साल 2022 के मई महीने में लखनऊ के अलीगंज स्थित आर्य समाज मंदिर में महिला टीचर के साथ शादी कर ली। शादी के कुछ समय बाद वह महिला टीचर की दो स्कूटियां लेकर फरार हो गया। काफी खोजबीन के बाद पीड़ित शिक्षिका के सामने आरोपी को लेकर एक ऐसा राज सामने आया, जिसने पीड़िता को हैरत में डाल दिया। अब इस मामले में पीड़िता ने महानगर थाने में तहरीर देते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।

सोशल मीडिया से हुई थी मुलाकात, खुद को अकेला बताकर रचाई शादी

पीड़िता ने महानगर थाने में दी गई तहरीर में बताया कि साल 2022 की शुरुआत में उसकी मुलाकात राजीव कुमार से सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। आरोपी ने खुद को बीएड पास बताते हुए ये दावा किया कि कोरोना महामारी के दौर में उसके माता-पिता की मौत हो गई और वह अब इस दुनिया में अकेला है। आरोपी की बातों में आकर पीड़िता भावनाओं में बह गई, जिसके बाद धीरे धीरे वह उसके झांसे में आ गयी। पीड़िता ने बताया कि 20 मई को लखनऊ के अलीगंज स्थित आर्य समाज मंदिर में आरोपी ने पीड़ित महिला टीचर से शादी कर ली।

शादी के बाद पीड़िता की 2 स्कूटी लेकर फरार हुआ आरोपी, छानबीन में खुला राज

पीड़िता ने बताया कि शादी के बाद आरोपी पीड़िता की एक स्कूटी अपने साथ ले गया फिर कहा कि वह खराब हो गई है, उसे मरम्मत के लिए दुकान पर डाला हुआ हैं, जो कभी वापस नहीं लाया। उसके कुछ समय बाद दूसरी स्कूटी भी ले गया और उसे भी बेचकर फरार हो गया। जब आरोपी कई दिनों तक वापस नहीं आया तो पीड़िता ने उसकी खोजबीन शुरू की। इसी बीच पीड़िता को पता चला कि आरोपी राजीव की पहले से दो पत्नियां और तीन बच्चे हैं। एक पत्नी से दो और दूसरी पत्नी से एक बच्चा है। यही नहीं, आरोपी पर मुरादाबाद में धोखाधड़ी के दो मामले दर्ज हैं और एक मामले में वह जेल भी जा चुका है।

परिवार को डरा रहा आरोपी, मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी अब जान से मारने की धमकियां दे रहा है। इतना ही नहीं, पीड़िता की बहन को भी वॉट्सऐप पर मेसेज करके डराया जा रहा है, इससे पूरा परिवार में दहशत का माहौल है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर महानगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने और कितनी महिलाओं को इस तरह ठगा है।

1 / 10
Your Score0/ 10
Hemendra Tripathi
ABOUT THE AUTHOR

Hemendra Tripathi

EX Reporter Mail ID - Journalist.hemendra@gmail.comJournalist.hemendra@gmail.com

Hemendra Tripathi is a former Reporter at Newstrack.com.

Next Story