TRENDING TAGS :
कुत्ते को रस्सी से बांधा... बाइक से कई किलोमीटर तक दौड़ाया! लखनऊ में पशु क्रूरता का हैरान कर देने वाला मामला, 'AASRA' ने दी तहरीर
Lucknow News: लखनऊ में तीन नाबालिगों द्वारा बाइक से कुत्ते को घसीटने का वीडियो वायरल हुआ। ‘AASRA’ संस्था की संस्थापिका चारु खरे ने हजरतगंज कोतवाली में तहरीर देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामला पशु क्रूरता व मोटरवाहन अधिनियम का उल्लंघन।
Lucknow News: उत्तर प्रदेश में बीते लंबे समय से आवारा कुत्ते यानी स्ट्रीट डॉग के साथ क्रूरता से जुड़े अनेकों मामले सामने आ रहे हैं। कभी कुत्ते के साथ दुष्कर्म तो कभी बेरहमी से पीट-पीटकर सरेआम उसकी हत्या करने से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं। इन सबके बीच स्ट्रीट डॉग के साथ मजाक-मजाक में क्रूरता करने से जुड़ा एक नया मामला लखनऊ से एक बार फिर सामने आया, जिससे जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में मोटरसाइकिल सवार 3 युवक एक आवारा कुत्ते को घसीटते हुए नजर आ रहे हैं। इस मामले में 'AASRA' दी हेल्पिंग हैंड्स नाम की संस्था की संस्थापिका चारु खरे ने हजरतगंज कोतवाली में तहरीर देते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
तेज रफ्तार बाइक सवारों ने रस्सी बांधकर कुत्ते को कई किलोमीटर तक दौड़ाया
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन नाबालिक बच्चे कुत्ते के गले में रस्सी बांधकर उसे तेज रफ्तार के साथ दौड़ाते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में कोई राहगीर उन नाबालिकों को ऐसी हरकत करने से रोकना भी है लेकिन वह उस राहगीर की एक न सुनते हैं और कुत्ते को तेज रफ्तार बाइक के साथ दौड़ाते रहते हैं। गौर करने वाली बात यह है कि कुत्ते के साथ क्रूरता करने वाले तीनों नाबालिक बच्चे यातायात नियमों का पालन भी करते नहीं दिखाई दे रहे हैं। तेज रफ्तार में बाइक पर तीन सवारी बिना हेलमेट के सड़क पर कुत्ते के साथ इस क्रूरता की वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
'AASRA' ने तहरीर देकर की कार्रवाई की मांग
पशु क्रूरता से जुड़ा ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद 'AASRA' दी हेल्पिंग हैंड्स नाम की संस्था की संस्थापिका चारु खरे ने हजरतगंज थाने पहुंचकर तहरीर देते हुए मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने अपनी तहरीर में जिस इंस्टाग्राम अकाउंट से तेज रफ्तार मोटरसाइकिल के साथ कुत्ते को दौड़ने का वीडियो पोस्ट हुआ, उस इंस्टाग्राम अकाउंट का जिक्र करते हुए वीडियो में दिख रही मोटरसाइकिल से संबंधित जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने अपनी तहरीर में लिखा कि ये कृत्य न केवल पशु क्रूरता अधिनियम के अंतर्गत आता है बल्कि मोटरवाहन अधिनियम का भी गंभीर उल्लंघन है। उन्होंने इस मामले पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।


