TRENDING TAGS :
लखनऊ में पेयजल परियोजनाओं का नगर विकास मंत्री ने किया शिलान्यास, लाखों लोगों को मिलेगी राहत
Lucknow News: एके शर्मा ने कहा कि सरकार बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
Drinking Water Projects in Lucknow (Photo: Social Media)
Lucknow News: लखनऊ के जानकीपुरम सेक्टर जे योजना में कई महत्वपूर्ण जलकल परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। नगर विकास मंत्री एके शर्मा और लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने परियोजनाओं की आधारशिला रखी है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य जानकीपुरम और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले हजारों परिवारों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना है। यह कार्यक्रम शिव मंदिर पार्क सेक्टर-जे, जानकीपुरम में आयोजित हुआ।
परियोजनाओं से सुधरेगी व्यवस्था
जिसमें विधायक डॉ. नीरज बोरा और योगेश शुक्ला विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक, पार्षद और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। जलकल विभाग और नगर निगम लखनऊ द्वारा संचालित परियोजनाओं में कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
-सेक्टर-जे में एलडीए पार्क और भवन संख्या C-06 के सामने सुलभ आवास के निकट नए नलकूप बनाए जाएंगे।
-सेक्टर-जे के अवर जलाशय परिसर में 660 किलोलीटर क्षमता का सीडब्ल्यूआर (क्लियर वॉटर रिजरवॉयर) का निर्माण होगा।
-सेक्टर-जे में 1500 किलोलीटर क्षमता वाले पुराने ओवरहेड टैंक को ध्वस्त कर नया बनाया जाएगा।
-सेक्टर-जे के भाग-4 में एक नलकूप का रीबोर किया जाएगा।
जनप्रतिनिधियों ने जताया विश्वास
इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र की जल आपूर्ति प्रणाली और मजबूत हो जाएगी। शिलान्यास के मौके पर नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने कहा कि सरकार नागरिकों की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि परियोजनाओं से हजारों परिवारों को वर्षों से चली आ रही पानी की समस्या से राहत मिलेगी। महापौर सुषमा खर्कवाल ने इसे "मेरा शहर, मेरी शान" के संकल्प की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में गणमान्य लोगों की उपस्थिति
इस समारोह में पार्षद राघव राम तिवारी, प्रदीप शुक्ला, दीपक लोधी, मान सिंह और पार्षद प्रतिनिधि राजकुमार मौर्य और सौरभ तिवारी सहित कई स्थानीय नेता मौजूद थे। प्रशासनिक अधिकारियों में नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, महाप्रबंधक जलकल कुलदीप सिंह और जोनल अधिकारी अमरजीत यादव शामिल हुए। स्थानीय निवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि अब उनकी पानी की समस्या का समाधान हो सकेगा।
1 / 9
पेयजल परियोजनाओं का उद्देश्य जानकीपुरम और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को स्वच्छ पानी उपलब्ध कराना। -
See Source Article Next Story


