TRENDING TAGS :
'तथाकथित शिक्षिका' लिखकर सपा नेत्री पूजा शुक्ला पर दर्ज हुई FIR! सरकारी स्कूल में अवैध रूप से PDA पाठशाला चलाने का लगा आरोप
Lucknow News: लखनऊ के बीकेटी में समाजवादी पार्टी की नेता पूजा शुक्ला पर सरकारी स्कूल में अवैध रूप से PDA पाठशाला चलाने का आरोप लगा है। बेसिक शिक्षा विभाग की शिकायत पर अब एफआईआर दर्ज हुई है। आरोप है कि बिना अनुमति स्कूल का ताला तोड़कर शिक्षण कार्य शुरू किया गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला गरमा गया।
Samajwadi Party Leader Pooja Shukla Booked for Running Illegal PDA School in Govt Campus in Lucknow
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की ओर से स्कूल मर्जर को लेकर लिए गए फैसले के बाद समाजवादी पार्टी, आम आदमी पार्टी व कांग्रेस की ओर से शिक्षा जैसे मुद्दे को उठाते हुए सरकार पर जमकर सवाल खड़े किए गए। इसी बीच समाजवादी पार्टी की ओर से प्रदेश की योगी सरकार को घेरते हुए PDA पाठशाला की शुरुआत की गई और इस मुद्दे को तेजी के साथ हवा मिलनी शुरू होगी। जैसे जैसे PDA पाठशाला अपने चरम पर पहुंची, वैसे वैसे इस पाठशाला का अलग-अलग स्थान पर आयोजन करने वाले सपा नेताओं पर मुकदमा दर्ज करने की कवायत भी तेज होने लगी। इसी बीच लखनऊ के बीकेटी क्षेत्र में समाजवादी पार्टी द्वारा संचालित PDA पाठशाला अब विवादों में घिर गई है। सपा नेत्री पूजा शुक्ला पर सरकारी प्राथमिक विद्यालय के बंद परिसर में जबरन ताला तोड़कर अवैध रूप से शिक्षण गतिविधियां संचालित करने का आरोप लगा है। बेसिक शिक्षा विभाग की तहरीर पर पुलिस ने पूजा और अन्य अज्ञात लोगों पर FIR दर्ज की है।
विद्यालय में ताला तोड़कर अवैध प्रवेश का आरोप
शिक्षा विभाग की ओर से थाने में दी गई तहरीर के मुताबिक, बीकेटी स्थित प्राथमिक विद्यालय उमरभारी में बिना अनुमति ताले तोड़कर कक्षा शुरू की गई। यह स्कूल 1 जुलाई से बंद था, जिसे बढ़ौली विद्यालय के साथ पेयर किया गया था। बताया गया कि 31 जुलाई को कुछ अज्ञात लोग जबरन स्कूल का ताला तोड़कर अंदर घुसे और कक्षाओं का उपयोग करते हुए शिक्षण कार्य शुरू कर दिया। परिसर की एक चाबी प्रधानाध्यापक के पास थी और दूसरी रसोइया मालती देवी के पास। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सपा नेत्री पूजा शुक्ला खुद बच्चों को पढ़ाते दिखीं।
बिना अनुमति चला शिक्षण, सपा नेत्री पर दर्ज हुई FIR
1 अगस्त को जब विभाग को इसकी जानकारी मिली तो तुरंत स्कूल को दोबारा बंद कराया गया। सैरपुर थाने में पूजा शुक्ला और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ BNS की धारा 324(4) (सरकारी संपत्ति में अवैध घुसपैठ) और 329(4) (सार्वजनिक कार्य में बाधा) के तहत केस दर्ज किया गया है। विभाग ने साफ किया कि न तो किसी NGO को और न ही किसी व्यक्ति को विद्यालय चलाने की कोई अधिकृत अनुमति दी गई थी। FIR दर्ज होने के बाद सपा नेत्री पूजा शुक्ला ने योगी सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगाया लगाते हुए कहा कि सरकार PDA आंदोलन से डर रही है और शिक्षा के अधिकार को कुचलने का प्रयास कर रही है। सपा का दावा है कि यह आंदोलन जारी रहेगा और वंचित बच्चों को शिक्षित करने का कार्य बंद नहीं होगा। मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ चुका है और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर निगाहें टिकी हैं।


