TRENDING TAGS :
Lucknow News: कछुओं की तस्करी करने वाले तस्कर को यूपी STF ने लखनऊ से किया गिरफ्तार, 102 जिंदा 'इंडियन रुफ्ड टर्टल' बरामद
Lucknow News: गिरफ्तारी के दौरान शातिर तस्कर के कब्जे से 102 जीवित कछुए बरामद हुए हैं, जो कि इंडियन रुफ्ड टर्टल प्रजाति के बताए जा रहे हैं।
Lucknow News
Lucknow News: उत्तर प्रदेश प्रतिबंधित वन्य जीवों के दांत, नाखून आदि के साथ साथ शराब, नशीले पदार्थ की तस्करी करने वाले तस्करों की धड़पकड़ के लिए यूपी STF की टीम तेजी के साथ धड़पकड़ की कार्रवाई कर रही है। इसी कार्रवाई के बीच शुक्रवार रात यूपी STF की टीम ने शुक्रवार को लखनऊ के बंथरा इलाके से एक शातिर कछुआ तस्कर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान शातिर तस्कर के कब्जे से 102 जीवित कछुए बरामद हुए हैं, जो कि इंडियन रुफ्ड टर्टल प्रजाति के बताए जा रहे हैं। शातिर तस्कर को बंथरा थाना क्षेत्र के हरौनी मार्ग पर स्थित लतीफ नगर के पास की गयी है।
कछुओं को बांग्लादेश और म्यांमार के रास्ते चीन व हॉन्गकॉन्ग भेजता था तस्कर
यूपी एसटीएफ की टीम ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त का नाम पिंकू है, जो कि हरौनी का रहने वाला है। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर हुई पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह लखीमपुर, बहराइच, सीतापुर के साथ साथ उन्नाव जिले से कछुओं को लखनऊ लाता है और फिर पश्चिम बंगाल के व्यापारियों की मदद से बांग्लादेश व म्यांमार होते हुए चीन, हॉन्गकॉन्ग और मलेशिया जैसे देश में भेजता है। गिरफ्तारी के दौरान शातिर तस्कर के कब्जे से 1 मोटरसाइकिल व मोबाइल फोन के साथ साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड और 1,770 रुपए नकद बरामद हुए हैं।
कछुओं की खेप लेकर बिहार और पश्चिम बंगाल जाने वाला था शातिर तस्कर
यूपी STF से जुड़े अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि मुखबिर की ओर से सूचना मिली कि शातिर तस्कर कछुओं की बड़ी खेप लेकर लखनऊ से बिहार व पश्चिम बंगाल जाने वाला है। मुखबिर की ओर से बताई गई सूचना को गंभीरता से लेते हुए बताए गए स्थान पर STF की टीम पहुंचती है और मौके से तस्कर की गिरफ्तार कर लेती है। टीम के अनुसार, शातिर तस्कर पिंकू के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।


