TRENDING TAGS :
जमीनी विवाद में फायरिंग करने वाला आरोपी मुंबई से चढ़ा यूपी STF के हत्थे, 50 हजार का इनाम था घोषित
यूपी STF ने प्रतापगढ़ गोलीकांड के फरार 50 हजार के इनामी अपराधी अभिषेक उर्फ प्रद्युमन यादव को नवी मुंबई से गिरफ्तार कर लिया। वह जमीन विवाद में हुई फायरिंग के बाद से फरार था और उस पर कई संगीन मुकदमे दर्ज थे।
UP News: यूपी STF ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र के कुख्यात अपराधी अभिषेक उर्फ प्रद्युमन यादव को महाराष्ट्र के नवी मुंबई से गिरफ्तार कर लिया। उस पर 50 हजार का इनाम घोषित था और वह जुलाई 2025 में हुए गोलीकांड के बाद से फरार चल रहा था। जमीन विवाद से जुड़े इस मामले में प्रद्युमन और उसके साथियों पर महिलाओं समेत कई लोगों पर जानलेवा हमला और फायरिंग करने का आरोप है। लंबे समय से मुंबई में छिपकर रह रहे इस अपराधी पर यूपी STF की खुफिया टीम नजर रखे थी। आखिरकार सोमवार की रात उसे दबोच लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उसका आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसमें कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं।
जमीन विवाद में दिया खौफनाक वारदात को अंजाम
प्रतापगढ़ के रानीगंज थाना क्षेत्र के जरियारी गांव का रहने वाला अभिषेक उर्फ प्रद्युमन यादव लंबे समय से जमीन विवाद में उलझा हुआ था। बीते 24 जुलाई को वह अपने साथियों के साथ कब्जा करने पहुंचा लेकिन सामने से अंबरीस यादव के पक्ष के लोग भी महिलाओं के साथ एकत्रित हो गए। दोनों पक्षों में जमकर ईंट-पत्थर चले और माहौल हिंसक हो गया। इसी दौरान प्रद्युमन और उसके साथियों ने फायरिंग शुरू कर दी। घटना में ललिता देवी और गीता गंभीर रूप से घायल हो गईं। इस मामले में रानीगंज थाने में मुकदमा दर्ज हुआ और तभी से प्रद्युमन फरार चल रहा था।
मुंबई में छिपा था फरार अपराधी, STF ने दबोचा
यूपी STF को गुप्त सूचना मिली कि प्रद्युमन नवी मुंबई के घनसोली इलाके में छिपा है। इंस्पेक्टर शैलेन्द्र सिंह और उपनिरीक्षक राहुल परमार की अगुवाई में गठित टीम ने 22 सितंबर की रात करीब 1 बजे रवाले चौराहा, धनसोली से उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त ने जमीन विवाद में हुई घटना की पुष्टि भी की। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, प्रद्युमन का लंबा आपराधिक इतिहास है जिसमें महामारी एक्ट, बलवा, जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे शामिल हैं। उसकी गिरफ्तारी यूपी STF के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है, क्योंकि लंबे समय से पुलिस और STF उसके पीछे लगी थीं। गिरफ्तारी के बाद प्रद्युमन को रानीगंज पुलिस के हवाले कर दिया गया है, जहां आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस रिकार्ड के मुताबिक प्रद्युमन पर पहले भी कई केस दर्ज हैं, जिनमें 2020 का महामारी एक्ट मामला, बलवा और जानलेवा हमले के केस, 2025 का गोलीकांड, और आर्म्स एक्ट में मामला शामिल हैं।


