यूपी STF ने विदेशी नागरिकों को ई-मेल ब्लास्टिंग से ठगी का खेल किया बेनकाब, 1 आरोपी किया गिरफ्तार

यूपी एसटीएफ ने आगरा से विदेशी नागरिकों से ठगी करने वाले हाईटेक साइबर गैंग का भंडाफोड़ किया।

Hemendra Tripathi
Published on: 15 Sept 2025 7:12 PM IST
यूपी STF ने विदेशी नागरिकों को ई-मेल ब्लास्टिंग से ठगी का खेल किया बेनकाब, 1 आरोपी किया गिरफ्तार
X

UP News: यूपी में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए यूपी पुलिस की टीम के साथ साथ यूपी STF की टीम भी जुटी हुई है। तेजी से चल रहे अभियानों के बीच यूपी STF की टीम ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेशी नागरिकों को ई-मेल ब्लास्टिंग (मल्टीपल मेल) के जरिए ठगी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश किया है। इस गैंग का एक सक्रिय सदस्य अमित कुमार ढांडा को आगरा के वायु विहार रोड से गिरफ्तार किया गया। यूपी STF टीम ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से एप्पल मैकबुक, मोबाइल, इनोवा हाईकोस कार और आधार कार्ड बरामद हुए हैं। जांच में खुलासा हुआ कि यह नेटवर्क कोलकाता में संचालित कॉल सेंटर से जुड़ा है, जहां विदेशी नागरिकों के कंप्यूटर को AnyDesk के जरिए हैक कर उनसे करोड़ों की ठगी की जाती थी। ठगी की रकम चीन के बैंक खातों से होकर हवाला के जरिये भारत आती थी। STF ने इस हाई-प्रोफाइल साइबर ठगी की कड़ी जांच शुरू कर दी है।

ई-मेल ब्लास्टिंग से ठगी का हाईटेक नेटवर्क

यूपी STF को काफी समय से आगरा-मथुरा क्षेत्र में विदेशी नागरिकों से ठगी करने वाले गिरोह के एक्टिव होने की सूचना मिल रही थी। 14 सितंबर को जगदीशपुरा थाना क्षेत्र में दबिश देकर अमित ढांडा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह का सरगना इरफान मलिक कोलकाता के पार्क सर्कस इलाके से कॉल सेंटर चलाता है। यहां से विदेशी नागरिकों की ई-मेल आईडी पर लगातार मेल ब्लास्ट किए जाते थे। मेल का जवाब देने वालों को कॉल पर फंसाया जाता और AnyDesk डाउनलोड कराकर उनके सिस्टम को रिमोट से हैक कर लिया जाता। इसके बाद अलग-अलग बहाने से उनसे पैसे वसूले जाते थे।

चीन से जुड़ा मनी ट्रांसफर रैकेट

गिरफ्तार आरोपी अमित ढांडा ने खुलासा किया कि ठगी के पैसे का लेन-देन चीन के खातों के जरिए होता था। एक चीनी नागरिक गिरोह को बैंक खाता उपलब्ध कराता और उसमें ठगी की रकम डाली जाती थी। चीन का नेटवर्क 35 प्रतिशत कमीशन काटकर 65 प्रतिशत रकम हवाला से भारत भेजता था। अमित ढांडा उसमें से 10 प्रतिशत हिस्सा रखकर बाकी रकम इरफान मलिक तक पहुंचाता था। STF को यह भी पता चला कि आरोपी पहले से ही गुरुग्राम साइबर थाने में 420 और IT एक्ट के मामलों में वांछित रहा है। यह नेटवर्क न केवल भारत बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैला हुआ है।

STF की बड़ी कार्रवाई, कई खुलासों की उम्मीद

एसटीएफ ने आरोपी के पास से एप्पल मैकबुक, आईफोन, कार और नकदी बरामद की है। आगरा कमिश्नरेट के थाना जगदीशपुरा में आरोपी पर नया मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू हो गई है। साइबर एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह नेटवर्क विदेशी नागरिकों को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये की ठगी कर चुका है। एसटीएफ अब गिरोह के अन्य सदस्यों, कॉल सेंटर के लोकेशन और हवाला चैनल की गहन जांच कर रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े कई बड़े नाम और देशों के तार सामने आ सकते हैं।

1 / 6
Your Score0/ 6
Hemendra Tripathi
ABOUT THE AUTHOR

Hemendra Tripathi

Hemendra Tripathi is a former Reporter at Newstrack.com.

Next Story