TRENDING TAGS :
वैष्णोदेवी धाम हादसा: यूपी के 11 श्रद्धालुओं की मौत, लखनऊ की चांदनी भी शामिल, CM योगी ने दिए निर्देश
वैष्णो देवी हादसे में यूपी के 11 श्रद्धालु मरे, लखनऊ की महिला की मौत।
Vaishno Devi Landslide 11 UP Pilgrims Dead Lucknow Woman Among Victims
Lucknow News: जम्मू-कश्मीर के वैष्णो देवी धाम में बीते 26 अगस्त को हुए भीषण भूस्खलन ने उत्तर प्रदेश के कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। हादसे में लखनऊ की चांदनी की मौत हो गई, जबकि उनके पति मयंक गंभीर रूप से घायल हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के शव शीघ्र उनके घर पहुंचाने और घायलों को बेहतर इलाज दिलाने के निर्देश दिए हैं। राहत आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने बताया कि मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। इस हादसे में यूपी के कुल 11 लोगों की मौत हो चुकी है और 14 लोग घायल हुए हैं। रेस्क्यू टीम ने घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया है।
भूस्खलन से मची तबाही, हादसे का शिकार हुए यूपी के 11 लोग
जम्मू-कश्मीर के कटरा स्थित वैष्णो देवी धाम में 26 अगस्त को अचानक हुए भूस्खलन ने श्रद्धालुओं के बीच अफरा-तफरी मचा दी। हादसे में उत्तर प्रदेश के 11 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल बताए जा रहे हैं। लखनऊ की रहने वाली चांदनी इस हादसे में मौत के शिकार हुईं, जबकि उनके पति मयंक गंभीर रूप से घायल हैं।
मुख्यमंत्री ने दिए तत्काल राहत के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता दी जाएगी। उन्होंने राहत आयुक्त को निर्देश दिए कि सभी मृतकों के शव 24 घंटे के भीतर उनके घर पहुंचाए जाएं। राहत आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी के अनुसार, मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
आगरा का परिवार भी हादसे में तबाह
आगरा के रकाबगंज क्षेत्र के कुम्हारपाड़ा निवासी अर्जुन सिंह का परिवार भी इस हादसे की चपेट में आ गया। भूस्खलन में उनकी पत्नी सुनीता (50), 11 महीने की बेटी सेजल और 11 साल की बेटी भावना की मौके पर ही मौत हो गई। अर्जुन सिंह और एक अन्य सदस्य अब भी लापता बताए जा रहे हैं। तीनों के शवों को जम्मू से आगरा एंबुलेंस के जरिए भेजा गया है। हादसे में लखनऊ के संगीता, वैष्णवी, कमलेश, पूर्वी, गोरन और मयंक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। राहत आयुक्त ने कहा कि शेष घायलों की विस्तृत जानकारी जल्द उपलब्ध कराई जाएगी।


