TRENDING TAGS :
Mathura News: अनिरुद्ध आचार्य फिर विवादों में, साधु-संतों ने की निंदा, बार-बार विवादित बयान और माफ़ी का सिलसिला
Mathura News: वृंदावन के अनिरुद्ध आचार्य फिर विवादों में, साधु-संतों ने कड़ी निंदा करते हुए कहा—व्यास पीठ पर महिलाओं पर टिप्पणी करना आस्था का अपमान है।
अनिरुद्धआचार्य ने फिर दिया विवादित बयान, संत हुए नाराज (Photo- Newstrack)
Mathura News: मथुरा के वृंदावन में रहने वाले अनिरुद्ध आचार्य लगातार विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। कभी उन्होंने सीता जी पर आपत्तिजनक टिप्पणी की, कभी राधा जी और लड़कियों पर अश्लील बयान दिए। हर बार वे माफी मांगकर मामले को शांत करने की कोशिश करते हैं, लेकिन विवाद थमता नहीं है।
नया बयान और बढ़ा विवाद
आचार्य ने अब कहा है कि "लड़का और लड़की अगर शादी तक ब्रह्मचर्य का पालन करेंगे तभी स्वस्थ और संस्कारी बच्चे पैदा होंगे। अन्यथा संतान में संस्कार की कमी होगी।" इस बयान ने धार्मिक और सामाजिक हलकों में नई बहस छेड़ दी है।
साधु-संतों का विरोध
इस बयान के बाद साधु-संतों ने कड़ा विरोध जताया है।
दिनेश फलाहारी महाराज (याचिकाकर्ता, श्रीकृष्ण जन्मभूमि केस) ने कहा कि अनिरुद्ध आचार्य ने व्यास पीठ की मर्यादा भंग कर दी है और इसे मजाक का मंच बना दिया है।
गुंजन शर्मा (प्रदेश अध्यक्ष, श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास) ने कहा कि इस गुरु का नाम ही गलत है और उनके खिलाफ कोर्ट में कार्रवाई शुरू की गई है।
महंत मधुसूदन दास जी महाराज ने कहा कि केवल बेटियों को ही मुद्दा बनाना अनुचित है, बहस पूरे समाज पर होनी चाहिए।
महंत अभी दास जी महाराज ने टिप्पणी की कि व्यास पीठ केवल भगवान के गुणगान के लिए होती है, महिलाओं पर बयानबाजी करना चिंता का विषय है।
लगातार विवादों से बढ़ा असंतोष
अनिरुद्ध आचार्य के बयान अक्सर धार्मिक आस्थाओं को आहत करते हैं। जानकारों का मानना है कि वह पब्लिसिटी पाने के लिए ऐसा करते हैं। साधु-संतों का कहना है कि इस तरह के बयान समाज में असंतोष और सनातन धर्म की परंपराओं को ठेस पहुँचाते हैं।


