TRENDING TAGS :
Meerut News: हाईवे पर हैवानियतः टेंपो चालक ने की महिला से दुष्कर्म की कोशिश, चलते वाहन से कूदकर बचाई जान
Meerut News: पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह शनिवार शाम कंकरखेड़ा क्षेत्र में एक नेता के घर बर्थडे पार्टी में शामिल होने आई थी।
Meerut News
Meerut News: शहर का व्यस्त नेशनल हाईवे-58 शनिवार रात दहशत का मंजर बन गया, जब दिल्ली निवासी 35 वर्षीय महिला ने अपनी आबरू बचाने के लिए जान दांव पर लगा दी। नशे में धुत टेंपो चालक ने उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की, विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। मजबूरन महिला को एमआईईटी इंजीनियरिंग कॉलेज के पास चलते टेंपो से कूदना पड़ा। हादसे में उसके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं, यहां तक कि नाक की हड्डी भी टूट गई। राहगीरों की मदद से पुलिस मौके पर पहुंची और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह शनिवार शाम कंकरखेड़ा क्षेत्र में एक नेता के घर बर्थडे पार्टी में शामिल होने आई थी। देर रात आनंद विहार लौटने के लिए उसने परतापुर तक का टेंपो पकड़ा। सफर की शुरुआत में ही चालक ने उसे बराबर में बैठने के लिए कहा और कुछ दूरी पर पहुंचते ही छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब महिला ने विरोध किया तो उसकी गर्दन दबाकर दुष्कर्म की कोशिश की और धमकाया कि शोर मचाने पर टेंपो से बाहर फेंक देगा।
एमआईईटी कॉलेज के पास गाड़ी की स्पीड धीमी होते ही महिला ने हिम्मत दिखाकर हाईवे पर छलांग लगा दी। वह लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़ी रही। हैरानी की बात यह है कि करीब एक किलोमीटर तक आरोपी महिला से मारपीट और धमकी देता रहा, मगर इस दौरान न तो पुलिस गश्त दिखी और न ही किसी ने उसकी चीखें सुनीं।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि आरोपी चालक की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और हाईवे के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह भी पड़ताल कर रही है कि महिला किस नेता के यहां गई थी और पैसों के लेन-देन की बात क्यों हो रही थी। रात के अंधेरे में हुई इस सनसनीखेज वारदात ने न सिर्फ पुलिस की मुस्तैदी पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि हाईवे पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता भी पैदा कर दी है।


