Meerut News: AAP का 'स्कूल बचाओ आंदोलन' शुरू, संजय सिंह बोले - 'योगी सरकार को बच्चों की शिक्षा की चिंता नहीं'

Meerut News: इस मार्च में बड़ी संख्या में ग्रामीण, अभिभावक और स्कूली बच्चे भी शामिल हुए, जिन्होंने सरकार की शिक्षा नीतियों के प्रति अपनी नाराजगी व्यक्त की।

Sushil Kumar
Published on: 16 July 2025 6:27 PM IST
Meerut News: AAP का स्कूल बचाओ आंदोलन शुरू, संजय सिंह बोले - योगी सरकार को बच्चों की शिक्षा की चिंता नहीं
X

AAP का 'स्कूल बचाओ आंदोलन' शुरू  (photo: social media )

Meerut News: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार द्वारा हजारों सरकारी स्कूलों को बंद करने के कथित फैसले के खिलाफ आम आदमी पार्टी (आप) ने मेरठ में बुधवार को एक बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी के यूपी प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मेरठ के गोटका गांव से गगोल नंबर 2 प्राथमिक विद्यालय तक पैदल मार्च कर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। इस मार्च में बड़ी संख्या में ग्रामीण, अभिभावक और स्कूली बच्चे भी शामिल हुए, जिन्होंने सरकार की शिक्षा नीतियों के प्रति अपनी नाराजगी व्यक्त की।

संजय सिंह ने योगी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह सरकार गरीब, दलित, पिछड़े और वंचित समाज के बच्चों की शिक्षा से खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने तीखा हमला करते हुए कहा, "जब उत्तर प्रदेश के सरकारी स्कूलों में लाखों बच्चे पढ़ते हैं, तब सरकार 27,000 स्कूलों को बंद करने की योजना बना रही है। वहीं दूसरी ओर, प्रदेश में 27,308 शराब की दुकानें खोल दी गई हैं। यह 'पाठशालाएं बंद, मधुशालाएं चालू' वाली स्थिति शिक्षा विरोधी मानसिकता का साफ उदाहरण है।"

उन्होंने दावा किया कि यह फैसला शिक्षा के अधिकार कानून (Right to Education Act) का खुला उल्लंघन है, जिसमें एक किलोमीटर के दायरे में स्कूल की गारंटी दी गई है। संजय सिंह ने सरकारी स्कूलों की मौजूदा बदहाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "आज कई स्कूलों में केवल एक शिक्षक है, कहीं भवन जर्जर हैं और कहीं बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं। जब सरकार खुद स्कूल बर्बाद करेगी तो छात्र कैसे आएंगे?" उन्होंने प्रदेश में प्राथमिक शिक्षा पर हो रहे खर्च को भी अपर्याप्त बताया। "जहां राष्ट्रीय औसत ₹12,768 प्रति छात्र है, वहीं यूपी में सरकार महज ₹9,167 खर्च कर रही है," उन्होंने आरोप लगाया।

"स्कूल बचाओ आंदोलन"

संजय सिंह ने घोषणा की कि आम आदमी पार्टी "स्कूल बचाओ आंदोलन" के तहत प्रदेशभर में बड़े पैमाने पर जागरूकता फैलाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द शिक्षकों की भर्ती, स्कूलों की मरम्मत और बंद स्कूलों को पुनः खोलने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया तो पार्टी सड़क से लेकर सदन तक अपना संघर्ष जारी रखेगी।

इस मौके पर पश्चिम प्रांत अध्यक्ष सोमेन्द्र ढाका, जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी, महानगर अध्यक्ष अंकित गिरी समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने इस आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।

1 / 6
Your Score0/ 6
Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

वरिष्ठ संवाददाता, मेरठmeerutsushilkumar@newstrack.com
Next Story