TRENDING TAGS :
Meerut News: नवरात्रि-रामलीला पर सुरक्षा का कवच बनी मेरठ पुलिस, RAF संग फ्लैग मार्च और कड़ी चेकिंग
Meerut News: RAF के साथ भारी पुलिस बल का फ्लैग मार्च और BDDS, एंटीसबोटॉज टीम व डॉग स्क्वॉड द्वारा सघन चेकिंग अभियान ने लोगों को भरोसा दिलाया कि इस बार त्योहार पूरी सुरक्षा और शांति के बीच मनाए जाएंगे।
नवरात्रि-रामलीला पर सुरक्षा का कवच बनी मेरठ पुलिस (photo: social media )
Meerut News: आगामी नवरात्रि और रामलीला पर्वों को शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने के लिए मेरठ पुलिस ने मंगलवार को नगर और देहात दोनों क्षेत्रों में सुरक्षा की पूरी ताकत झोंक दी। RAF के साथ भारी पुलिस बल का फ्लैग मार्च और BDDS, एंटीसबोटॉज टीम व डॉग स्क्वॉड द्वारा सघन चेकिंग अभियान ने लोगों को भरोसा दिलाया कि इस बार त्योहार पूरी सुरक्षा और शांति के बीच मनाए जाएंगे।
नगर क्षेत्र में फ्लैग मार्च का नेतृत्व सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी कोतवाली अंतरिक्ष जैन ने किया। घंटाघर से निकला काफिला बली बाजार, सर्राफा मोड़, लाल बाजार, कागज़ी बाजार, नील गली, खैरनगर, दवाई मार्केट होते हुए छतरीपीर चौराहा और प्यारेलाल हॉस्पिटल तक पहुंचा और पुनः घंटाघर पर आकर समाप्त हुआ। रास्तेभर पुलिस बल की मौजूदगी ने लोगों को यह संदेश दिया कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह पुलिस के नियंत्रण में है।
RAF और पुलिस बल की पैनी नजर
वहीं, ग्रामीण क्षेत्र में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिजीत कुमार ने मवाना में फ्लैग मार्च की अगुवाई की। बस स्टैण्ड चौकी, गोल मार्केट, खतौलिया चौक, गढ़ वाला चौक, डेरे वाला पुल और सर्राफा बाजार चौखट्टा जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर RAF और पुलिस बल की पैनी नजर रही। स्थानीय लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा कि त्योहारों पर किसी भी प्रकार की अशांति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसी क्रम में BDDS और एंटीसबोटॉज टीम ने डॉग स्क्वॉड के साथ रामलीला और रावण दहन स्थलों पर सघन जांच की। भैंसाली मैदान, सूरजकुंड, कसेरुखेड़ा मिलिट्री मैदान, ग्राम ढिंढाला, प्रहलाद नगर, श्रीराम इंटर कॉलेज (दौराला) और रेलवे स्टेशन जैसे प्रमुख स्थलों पर संदिग्ध वस्तुओं और व्यक्तियों की गहन तलाशी ली गई।
चेकिंग के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि नहीं मिली। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस अभियान का मकसद केवल सुरक्षा का संदेश देना ही नहीं, बल्कि त्योहारों को सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराना भी है। आमजन को भरोसा है कि नवरात्रि और रामलीला पर पुलिस की सतर्कता से शांति और सुरक्षा का माहौल कायम रहेगा।


