TRENDING TAGS :
Pratapgarh News: मत्स्य पालन अधिकारी 14 हजार की घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
Pratapgarh News: प्रतापगढ़ के विकास भवन में विजिलेंस टीम ने मत्स्य पालन अधिकारी विकास कुमार दीपांकर को 14 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा, कार्यालय में मचा हड़कंप।
Pratapgarh News: प्रतापगढ़। जिले के विकास भवन में शुक्रवार को विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मत्स्य पालन विभाग के अभिकरण अधिकारी विकास कुमार दीपांकर को घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। अधिकारी शिकायतकर्ता से 14 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे।
जानकारी के अनुसार, मत्स्य पालन विभाग के अधिकारी ने एक मछली पालक से फाइल आगे बढ़ाने के लिए पैसे की मांग की थी। मछली पालक ने इसकी शिकायत प्रयागराज विजिलेंस टीम से लिखित रूप में की। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस अधिकारियों ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
योजना के तहत शिकायतकर्ता को पैसे लेकर अधिकारी के कार्यालय भेजा गया। जैसे ही उसने पैसे टेबल पर रखे और अधिकारी ने गिनती शुरू की, विजिलेंस टीम ने दफ्तर में घुसकर विकास कुमार दीपांकर को रंगे हाथ पकड़ लिया। अधिकारी को गिरफ्तार करते समय उन्होंने विरोध करने की कोशिश की, जिसके बाद टीम ने उसे घसीटते हुए दफ्तर से बाहर निकाला।
विजिलेंस टीम आरोपी को अपने वाहन में बैठाकर सीधे प्रयागराज ले गई। यह पूरी कार्रवाई अचानक हुई, जिससे विकास भवन कार्यालय में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों में चर्चा रही कि अधिकारी की यह करतूत लंबे समय से चल रही थी, लेकिन अब जाकर खुलासा हुआ।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। विजिलेंस टीम अब उसकी संपत्ति और पूर्व की कार्यप्रणाली की भी जांच कर रही है।
विजिलेंस अधिकारियों ने बताया कि शिकायतें मिलने पर किसी भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

