TRENDING TAGS :
Siddharthnagar News: साइकोट्रॉपिक दवाओं का बड़ा भंडाफोड़, मेडिकल स्टोर पर छापा, नशीली दवाएं बरामद
Siddharthnagar News: एफएसडीए की कार्रवाई में डुमरियागंज स्थित एक मेडिकल स्टोर पर भारी मात्रा में कोडीनयुक्त कफ सिरप और साइकोट्रॉपिक दवाओं का अवैध भंडार पकड़ा गया, संचालक पर एफआईआर
साइकोट्रॉपिक दवाओं का बड़ा भंडाफोड़, मेडिकल स्टोर पर छापा, नशीली दवाएं बरामद (Photo- Newstrack)
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की मण्डल स्तरीय टीम ने डुमरियागंज बस स्टैंड के पास स्थित एक मेडिकल स्टोर पर छापेमारी कर नशीली दवाओं के बड़े अवैध कारोबार का खुलासा किया है। यह कार्रवाई आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश के निर्देश पर सहायक आयुक्त (औषधि) नरेश मोहन दीपक के नेतृत्व में की गई।
बीते 25 अक्टूबर को औषधि निरीक्षक सिद्धार्थनगर नवीन कुमार और बस्ती अरविंद कुमार की संयुक्त टीम द्वारा की गई छापेमारी में भारी मात्रा में साइकोट्रॉपिक सिरप, कोडीनयुक्त कफ सिरप और नारकोटिक्स औषधियाँ अवैध रूप से भंडारित पाई गईं। चार संदिग्ध दवाओं के नमूने मौके पर नियमानुसार एकत्रित किए गए।
कारण बताओ नोटिस हुआ था जारी
जांच के दौरान सामने आया कि दुकान संचालक धर्मात्मा प्रसाद पुत्र जगन्नाथ द्वारा विभिन्न स्थानों पर नशीली दवाओं की आपूर्ति तो की जा रही थी, लेकिन उनसे जुड़े विक्रय बिल औषधि निरीक्षक कार्यालय सिद्धार्थनगर में प्रस्तुत नहीं किए गए। इतना ही नहीं, सहायक आयुक्त (औषधि) द्वारा जारी कारण बताओ नोटिस का भी कोई जवाब नहीं दिया गया।
एफएसडीए की जांच में यह भी उजागर हुआ कि फर्म द्वारा कोडीन युक्त कफ सिरप—काॅडीवा सिरप 100 एमएल, तथा प्रोक्सीवीन स्पास कैप्सूल जैसी नशे की लत बढ़ाने वाली दवाओं की अवैध सप्लाई की जा रही थी। इस नेटवर्क का दायरा सिद्धार्थनगर की कई तहसीलों तक फैला हुआ था।
जांच में यह भी पाया गया कि उक्त दवाओं की अवैध आपूर्ति में लखनऊ स्थित निर्माता फर्म—मेसर्स बायोहव लाइफ साइंस प्रा. लि. की भी सांठगांठ होने की आशंका है, जिसके खिलाफ पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
एफएसडीए ने मामले को गंभीर मानते हुए बीएनएन एक्ट 2023 की धारा 206(ए), 271, 276, 318(4) के तहत डुमरियागंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
संचालक पर मुकदमा दर्ज
इस संबंध में औषधि निरीक्षक सिद्धार्थनगर नवीन कुमार ने बताया कि नशीली दवाओं के अवैध नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि औषधि निरीक्षक खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रसाधन सिद्धार्थनगर के तहरीर पर फर्म मैसर्स कशौधन मेडिकल स्टोर डुमरियागंज के संचालक धर्मात्मा कशौधन पुत्र जगन्नाथ प्रसाद के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया हैं।


