Sonbhadra News: सोनभद्र पुलिस ने लखनऊ से पढ़ रहे चार शातिर ठगों को दबोचा, भेजा जेल

Sonbhadra News: सोनभद्र पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले लखनऊ के चार छात्रों को दबोचा, आरोपी QR कोड स्कैन कर बैंक खातों से रकम उड़ाते थे।

Mithilesh Dev Pandey
Published on: 2 Nov 2025 8:36 PM IST
Sonbhadra Police arrest four vicious thugs from Lucknow, send them to jail
X

सोनभद्र पुलिस ने लखनऊ से पढ़ रहे चार शातिर ठगों को दबोचा, भेजा जेल (Photo- Newstrack)

Sonbhadra News: सोनभद्र। जनपद पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। थाना पिपरी और साइबर क्राइम पुलिस थाना की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर फ्रॉड करने वाले एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। टीम ने इस गिरोह के चार शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पकड़े गए आरोपित QR कोड स्कैन कर लोगों के बैंक खातों से रकम उड़ा देते थे।

ऑनलाइन भुगतान के नाम पर ₹5200 की ठगी

घटना का खुलासा तब हुआ जब रेनूकूट निवासी अजय कुमार ने थाना पिपरी में शिकायत दर्ज कराई कि अज्ञात व्यक्तियों ने उनके दुकान पर लगे QR कोड की कॉपी कर उसे कहीं और भेज दिया। आरोपियों ने उसी QR कोड से ऑनलाइन भुगतान के नाम पर ₹5200 की ठगी कर ली। इस पर थाना पिपरी में मुकदमा अपराध संख्या 217/2025, धारा 318(4), 336(3) BNS व 66D IT Act के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) और क्षेत्राधिकारी पिपरी के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से शनिवार की रात आरोपियों को मुर्धवा मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय उनके पास से चार एंड्रॉइड मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आर्यन सिंह (21), अंगद सिंह (20), मो. आरिफ (24) और मो. तौहीद वारसी (22) के रूप में हुई है। सभी आरोपी लखनऊ स्थित गोयल इंस्टिट्यूट व महर्षि यूनिवर्सिटी से बीबीए और डेटा एनालिसिस का कोर्स कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार ये युवक काफी समय से QR कोड फ्रॉड के जरिए ठगी कर रहे थे। ये जनसेवा केंद्रों व वित्तीय संस्थानों से संपर्क स्थापित कर उनका QR कोड हासिल कर लेते थे और उसी के माध्यम से धोखाधड़ी करते थे। ठगी की रकम का हिस्सा इन्हें कमीशन के रूप में मिलता था।

पुलिस का कहना है कि ये आरोपी बेहद शातिर हैं और इनके खिलाफ अन्य शिकायतें भी सामने आई हैं। जांच में कई बैंक खातों और लेनदेन की जानकारी खंगाली जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना पिपरी के प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय, साइबर थाना प्रभारी डी.के. चौधरी, व0उ0नि0 शिव कुमार सिंह सहित पुलिसकर्मियों शिव नन्दन, महेश कुमार सरोज, अखिलेश यादव व प्रदीप कुमार पाल की सक्रिय भूमिका रही।

सोनभद्र पुलिस की बड़ी उपलब्धि

सोनभद्र पुलिस का यह अभियान साइबर अपराधियों के खिलाफ चल रहे विशेष ऑपरेशन की एक और बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि QR कोड या अज्ञात लिंक को स्कैन करने से पहले सतर्क रहें और किसी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी थाने में दें।

1 / 7
Your Score0/ 7
Mithilesh Dev Pandey
ABOUT THE AUTHOR

Mithilesh Dev Pandey

mithilesh.sonbhadra@gmail.com
Next Story