TRENDING TAGS :
Sonbhadra News: सोनांचल में हरियाली भरने की तैयारी, 9 जुलाई को लगेंगे 1.54 करोड़ पौधे, मंडलायुक्त ने परखी व्यवस्था
Sonbhadra News: मंडलायुक्त ने निर्देशित किया कि लक्ष्य के अनुरूप सभी 26 राजकीय विभाग पौधों के उठान का कार्य रात तक अनिवार्य रूप से पूरा कर लें।
सोनांचल में हरियाली भरने की तैयारी, 9 जुलाई को लगेंगे 1.54 करोड़ पौधे, मंडलायुक्त ने परखी व्यवस्था (Photo- Newstrack)
Sonbhadra News: सोनभद्र, 8 जुलाई 2025: सोनभद्र जिले में 9 जुलाई (बुधवार) को 'एक पेड़ मां के नाम' थीम पर चलाए जाने वाले पौधरोपण महाभियान की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। दोपहर बाद सोनभद्र पहुंचे मंडलायुक्त बालकृष्ण त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में इस अभियान के तहत 37 करोड़ पौधों के रोपण का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें अकेले सोनभद्र में 1 करोड़ 54 लाख 18 हजार 618 पौधे रोपे जाएंगे।
26 विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारियां, जनभागीदारी पर जोर
मंडलायुक्त ने निर्देशित किया कि लक्ष्य के अनुरूप सभी 26 राजकीय विभाग पौधों के उठान का कार्य रात तक अनिवार्य रूप से पूरा कर लें। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि अभियान में जनप्रतिनिधियों और जनपद के नागरिकों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप इस महाभियान को जन आंदोलन का रूप देते हुए लोगों को अधिक से अधिक पौधरोपण के लिए प्रेरित करने को कहा गया।
ग्राम वन, शक्ति वन सहित विशेष वनों की तैयारी
जिलाधिकारी बीएन सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत अधिक से अधिक जनपदवासियों को अभियान का भागीदार बनने के लिए प्रेरित किया गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम वन, बाल वन, शक्ति वन, युवा वन, मित्र वन, ऑक्सी वन, एकलव्य वन, गोपाल वन तैयार करने के लिए निर्धारित स्थलों पर पौधरोपण कराया जाए।
इन पौधों के रोपण पर विशेष ध्यान
अधिकारियों से कहा गया है कि पौधरोपण के दौरान आम, नीम, अर्जुन, बेल, आंवला, अशोक, बबूल, कैथा, इमली, पीपल, बरगद, करौंदा, नींबू, कटहल, चिरौंजी, अनार, अमरूद, सहिजन जैसे पौधों को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही, 'एक पेड़ मां के नाम' पौधरोपण की फोटो संबंधित वेबसाइट पर क्यूआर स्कैन करते हुए अपलोड कर महाभियान-2025 का साक्षी बनने का आह्वान भी किया गया।
'सिर्फ पौधे नहीं, भविष्य की पूंजी'
मंडलायुक्त बालकृष्ण त्रिपाठी और जिलाधिकारी बीएन सिंह ने अधिकारियों को इसे महज एक अभियान के रूप में नहीं, बल्कि मानव जीवन को संरक्षित रखने और भविष्य के लिए एक पूंजी तैयार करने के रूप में देखने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि बुधवार को निर्धारित लक्ष्य से भी अधिक पौधों का रोपण हो, इसका खास ख्याल रखा जाए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी (आईएएस), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश चंद्र, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी आशुतोष जायसवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अश्वनी कुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारियों ने भी अपने-अपने महकमे की तैयारियों की जानकारी दी और मातहतों को अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह और मंडलायुक्त के ओएसडी राजेश श्रीवास्तव भी इस दौरान मौजूद रहे।


