TRENDING TAGS :
Sonbhadra : पुलिस मुठभेड़ में एक और पशु तस्कर गिरफ्तार, था 25,000 का इनामी, पैर में लगी गोली
Sonbhadra News: सोनभद्र में गो-तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई! पन्नूगंज पुलिस और एसओजी टीम ने मुठभेड़ में ₹25,000 के इनामी गो-तस्कर संजय राम दिवाना को गिरफ्तार किया। जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Sonbhadra News: गो-तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। रविवार को थाना पन्नूगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान एक अंतरप्रांतीय गो-तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। गोली लगने से आरोपी घायल हो गया, जिसे पुलिस ने इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया है।
गोली लगने से घायल हुआ आरोपी
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी तथा क्षेत्राधिकारी सदर राज सोनकर के पर्यवेक्षण में जनपद में गो-तस्करी और अंतरराज्यीय अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को थाना पन्नूगंज पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना पन्नूगंज में दर्ज मुकदमा संख्या 188/2025, धारा 109, 325 बीएनएस एवं 3/5A/5B/8 गोवध निवारण अधिनियम से सम्बंधित ₹25,000 के इनामी अपराधी संजय राम उर्फ संजय दिवाना पुत्र रामकुंवर, निवासी सरईगढ़ टोला खदरा थाना रायपुर, सिलहट पीएसी कैंप के पास छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्र, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश कुमार चौबे, उपनिरीक्षक बृजेश दूबे, और कॉन्स्टेबल दीपक गिरी व ओमप्रकाश यादव की संयुक्त टीम मौके पर पहुँची। पुलिस टीम ने घेराबंदी शुरू की तो खुद को फँसा देख संजय दिवाना ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इसमें गोली लगने से आरोपी घायल हो गया।
अन्य सदस्यों की जारी है तलाश
मौके से पुलिस ने एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। पुलिस ने घायल आरोपी को पकड़कर जिला अस्पताल लोढ़ी में इलाज के लिए भर्ती कराया, जहाँ उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, संजय दिवाना एक कुख्यात गो-तस्कर है, जिसका लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, पशु क्रूरता, गोवध, पुलिस पर हमला और गिरोहबंदी जैसी गंभीर धाराओं में छह से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। एसपी ने बताया कि यह कार्रवाई जनपद में चल रहे अंतरराज्यीय गो-तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान की बड़ी सफलता है। पुलिस टीम के साहसिक कार्य की सराहना की गई है और फरार गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।


