UP News: मुख्यमंत्री ने बाढ़ का किया हवाई सर्वे, प्रशासन को राहत कार्यों में तेजी लाने के दिये निर्देश

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को औरैया जनपद के कलेक्ट्रेट परिसर में बाढ़ से प्रभावित लोगों के बीच राहत सामग्री वितरित की।

Newstrack Network
Published on: 5 Aug 2025 7:56 PM IST (Updated on: 5 Aug 2025 8:01 PM IST)
UP News: मुख्यमंत्री ने बाढ़ का किया हवाई सर्वे, प्रशासन को राहत कार्यों में तेजी लाने के दिये निर्देश
X

UP floods 2025

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को आगरा में आयोजित कार्यक्रमों के उपरांत औरैया पहुंचे। मुख्यमंत्री ने आगरा और औरैया के मध्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण भी किया। मुख्यमंत्री ने बाढ़ की स्थिति देखी और औरैया पहुंचने पर प्रशासन को राहत कार्यों में तेजी लाने, आपदा प्रभावितों को सभी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। औरैया में मुख्यमंत्री ने 'एक पेड़ मां के नाम' के तहत अशोक का पौधा भी रोपा। औरैया में इस दौरान प्रदेश सरकार की मंत्री प्रतिभा शुक्ला, विधायक गुड़िया कठेरिया आदि मौजूद रहीं।

मुख्यमंत्री ने मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि बीते 10–15 दिनों में भारी वर्षा के चलते प्रदेश के 21 जनपद बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। बाढ़ राहत कार्यों की निगरानी और समन्वय के लिए प्रत्येक जिले में प्रभारी मंत्रियों की तैनाती की गई है, जो जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्यों को गति दे रहे हैं।

राहत कार्यों में NDRF, SDRF और PAC की टीमें तैनात

मुख्यमंत्री ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में NDRF की 16, SDRF की 18 और PAC फ्लड यूनिट की 31 टीमें राहत कार्यों में लगी हैं। इन सभी टीमों की निगरानी में राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं। इसके अलावा 1250 से अधिक नौकाओं की व्यवस्था कर नागरिकों के आवागमन को सुचारू किया गया है।

औरैया के 12 गांवों में 5000 से अधिक परिवार प्रभावित

सीएम योगी ने बताया कि औरैया जनपद के 12 राजस्व गांवों में 5000 से अधिक परिवार बाढ़ से प्रभावित हैं। राजस्थान के धौलपुर क्षेत्र से चंबल नदी में छोड़े गए जल के कारण यमुना नदी का जलस्तर सामान्य खतरे के निशान 113 मीटर से साढ़े चार मीटर ऊपर पहुंच गया है, जिससे औरैया, जालौन, इटावा और आगरा के तटवर्ती क्षेत्र प्रभावित हुए हैं।

प्रभावितों को सरकार की ओर से राहत सामग्री और सहायता

मुख्यमंत्री ने बताया कि बाढ़ से प्रभावित लोगों को राहत के रूप में ब्रेकफास्ट, दोपहर व रात्रि का भोजन, स्वच्छ पेयजल, पशुओं के लिए चारा और सूखा राहत किट उपलब्ध कराई जा रही है। किट में 10 किलो आटा, 10 किलो चावल, 10 किलो आलू, 2 किलो दाल, 1 किलो तेल, नमक, मसाले, डिग्निटी किट और बरसाती आदि शामिल हैं।

जनहानि पर चार लाख रुपये की सहायता

सीएम ने कहा कि जनहानि होने पर आपदा राहत कोष से प्रति परिवार 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। जिन परिवारों के घर नदी में विलीन हो गए हैं, उन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत नया आवास प्रदान किया जा रहा है। पशुधन की हानि पर मुआवजा और स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से चिकित्सीय सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।सांप, बिच्छू या कुत्तों के काटने की घटनाओं से बचाव के लिए एंटी रेबीज व एंटी स्नेक वेनम वैक्सीन सभी संबंधित अस्पतालों में उपलब्ध कराई गई है।

सरकार हर बाढ़ पीड़ित के साथ, नागरिक सतर्क रहें: मुख्यमंत्री

सीएम योगी ने कहा कि सरकार हर बाढ़ पीड़ित के साथ संवेदनशीलता से खड़ी है और हरसंभव सहायता प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की फसल को हुई क्षति के सर्वेक्षण के आदेश दे दिए गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद तत्काल मुआवजा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से सितंबर तक अलर्ट मोड में रहने की अपील की।

लाभार्थियों को सौंपे गए चेक और प्रमाण पत्र

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को चेक और प्रमाण पत्र प्रदान किए:

कृषि अनुदान चेक: अस्ता मुस्तकिल के सुभाष चंद्र और देवीदयाल, अजीतमल के फरिहा गांव के सुधी सिंह और जगत नारायण को

मुख्यमंत्री आवास योजना प्रमाण पत्र: चपटा गांव की शशि देवी, लक्ष्मी देवी, सैदपुर की प्रियंका देवी, क्योंटरा की रोली देवी (प्रमाण पत्र उनके पति विनोद को मिला) और शिवप्रकाश को

जनहानि पर राहत राशि: भरसेन गांव के सत्तार अली की पत्नी सितारा बानो, ग्राम सलैया की भीखा देवी के पति मुन्नीलाल, व जयकरन का पूर्वा गांव की शिखा की मां सुधा को चार-चार लाख रुपये के चेक

कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख जनप्रतिनिधि:

राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, विधायक गुड़िया कठेरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे, मद्य निषेध परिषद के उपाध्यक्ष बृजेश शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया एवं जिला प्रभारी आनंद सिंह उपस्थित रहे।

1 / 6
Your Score0/ 6
Shalini Rai

Shalini Rai

Mail ID - raishalini910@gmail.com

Next Story