यूपी पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल! 7 IPS अफसरों का हुआ ट्रांसफर, लखनऊ-कानपुर-नोएडा पर खास फोकस

UP News: शासन की ओर से जारी आदेश में 7 आईपीएस अधिकारियों का तबादले में लखनऊ, कानपुर, मेरठ, गाजियाबाद और नोएडा जैसे जिलों पर खास ध्यान दिया गया है।

Hemendra Tripathi
Published on: 17 Sept 2025 2:55 PM IST
यूपी पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल! 7 IPS अफसरों का हुआ ट्रांसफर, लखनऊ-कानपुर-नोएडा पर खास फोकस
X

7 IPS अफसरों का हुआ ट्रांसफर  (photo: social media )

UP News: प्रशासनिक व्यावस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए यूपी पुलिस महकमे में तेजी के साथ फेरबदल किया जा रहा है। बीते मंगलवार को हुए IAS ट्रांसफरों के ठीक बाद बुधवार को एक बार फिर 7 IPS अफसरों के ट्रांसफर कर दिए गए। शासन की ओर से जारी आदेश में 7 आईपीएस अधिकारियों का तबादले में लखनऊ, कानपुर, मेरठ, गाजियाबाद और नोएडा जैसे जिलों पर खास ध्यान दिया गया है। राजधानी लखनऊ से लेकर NCR तक नए पुलिस अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है, ताकि त्योहारों के मौसम और बढ़ते अपराधों पर सख्त नियंत्रण रखा जा सके। खास बात यह है कि SDRF के सेनानायक रहे डॉ. सतीश कुमार को हटाकर डीजीपी मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है, वहीं, देव रंजन वर्मा को डीआईजी ट्रेनिंग, लखनऊ बनाया गया है। इन तबादलों को सरकार ने रणनीतिक दृष्टिकोण से बेहद अहम माना है।

लखनऊ और कानपुर में अफसरों को मिली नई जिम्मेदारी

जारी हुई तबादले की लिस्ट में सबसे बड़ा बदलाव राजधानी लखनऊ और कानपुर कमिश्नरेट में देखने को मिला है। ममता रानी चौधरी को डीसीपी लखनऊ कमिश्नरेट की जिम्मेदारी दी गई है जबकि अतुल कुमार श्रीवास्तव को डीसीपी कानपुर बनाया गया है। इन दोनों शहरों में कानून-व्यवस्था और ट्रैफिक नियंत्रण से लेकर संगठित अपराध तक से निपटना सबसे बड़ी चुनौती होगी। शासन की नजर खासतौर पर राजधानी और औद्योगिक नगर कानपुर की सुरक्षा व्यवस्था पर है।

NCR में अपराध नियंत्रण पर फोकस

गाजियाबाद और नोएडा जैसे NCR के बड़े शहरों में भी नए अफसरों को उतारा गया है। शैलेंद्र कुमार सिंह को डीसीपी गौतमबुद्धनगर (नोएडा) और त्रिगुण सिंह बिसेन को डीसीपी गाजियाबाद कमिश्नरेट बनाया गया है। NCR में साइबर अपराध, जमीन पर कब्जा, माफिया नेटवर्क और बढ़ते ट्रैफिक अपराधों पर लगाम कसना नई तैनाती का सबसे अहम लक्ष्य होगा। वहीं, अभिजीत कुमार को मेरठ ग्रामीण का नया एएसपी बनाया गया है। इन बदलावों से साफ है कि सरकार ने अपराध नियंत्रण को लेकर बड़े पैमाने पर रणनीति बदली है।

DGP मुख्यालय और ट्रेनिंग विंग में बदलाव

तबादले की सूची में SDRF के सेनानायक डॉ. सतीश कुमार को हटाकर डीजीपी मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। इसके अलावा देव रंजन वर्मा को डीआईजी ट्रेनिंग, लखनऊ बनाया गया है। यह फेरबदल इस ओर इशारा करता है कि अब पुलिस प्रशिक्षण और प्रशासनिक ढांचे को भी मजबूती देने पर जोर दिया जा रहा है।

1 / 4
Your Score0/ 4
Hemendra Tripathi
ABOUT THE AUTHOR

Hemendra Tripathi

EX Reporter Mail ID - Journalist.hemendra@gmail.comJournalist.hemendra@gmail.com

Hemendra Tripathi is a former Reporter at Newstrack.com.

Next Story