TRENDING TAGS :
'हमारी सरकार करे सीधी बातचीत', बांग्लादेश में 4 हिंदूओं की मौत पर भड़के अधीर रंजन चौधरी, बोलें- भार
बांग्लादेश के रंगपुर में एक हिंदू परिवार के चार सदस्य अपने बंद घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले।
Bangladesh Hindu Family Death: बांग्लादेश के रंगपुर शहर में एक साथ एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने भी चिंता जताई है। उन्होंने इसे लेकर सरकार को सख्त कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में एक ऐसा वर्ग मौजूद है जो देश को सांप्रदायिक सोच के आधार पर चलाना चाहता है और यह भारत के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
बता कि बांग्लादेश के रंगपुर शहर में मृतकों में एक रिटायर्ड शिक्षक, उनकी पत्नी, 23 साल की बेटी और 12 साल का बेटा शामिल हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, चारों के शव शनिवार रात करीब 11:30 बजे रंगपुर शहर के दासपाड़ा यानी मछुआपाड़ा इलाके स्थित उनके घर से बरामद किए गए। घर बाहर से बंद था।
अधीर रंजन चौधरी ने जताई गंभीर चिंता
अधीर रंजन चौधरी ने कहा, 'बांग्लादेश में एक ऐसा गुट है जो सांप्रदायिक मानसिकता के आधार पर देश चलाना चाहता है। यह भारत के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है। अगर बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के खिलाफ इस तरह के हमले और हिंसा जारी रहती है तो यह हम सभी के लिए गंभीर चिंता का विषय होगा।'
उन्होंने आगे कहा, 'इस मुद्दे पर बांग्लादेश सरकार के साथ सीधी बातचीत करना हमारी सरकार के लिए आवश्यक है। बांग्लादेश ब्रिक्स समूह का सदस्य नहीं है, और जबकि सार्क लगभग ठप हो चुका है, बिम्सटेक का भविष्य अनिश्चित बना हुआ है। कुल मिलाकर, हमारे देश और बांग्लादेश के बीच संबंधों की वर्तमान स्थिति को सकारात्मक नहीं कहा जा सकता है।'
बंद घर में मिले चारों के शव
मृतकों की पहचान 65 वर्षीय गणपति चक्रवर्ती, उनकी 50 वर्षीय पत्नी प्रीतिलता चक्रवर्ती, 23 वर्षीय बेटी आगामी चक्रवर्ती प्रार्थी और 12 वर्षीय बेटे प्रियम चक्रवर्ती के रूप में हुई है। गणपति रंगपुर जिला स्कूल में शिक्षक रह चुके थे और पिछले साल 31 दिसंबर को रिटायर हुए थे। उनकी बेटी आगामी ने इसी साल अंग्रेजी में मास्टर डिग्री पूरी की थी, जबकि 12 वर्षीय प्रियम पांचवीं कक्षा में पढ़ता था। परिवार के रिश्तेदारों के मुताबिक, गुरुवार दोपहर के बाद किसी से संपर्क नहीं हो पाया। लगातार फोन बंद मिलने के बाद परिजनों को शक हुआ और शनिवार रात वे घर पहुंचे।
पुलिस ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया
परिजनों के पहुंचने पर घर का मुख्य दरवाजा बंद मिला और अंदर की सभी लाइटें भी बंद थीं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर का ताला तोड़ा और अंदर दाखिल हुई, जहां चारों के शव मिले। मृतकों की रिश्तेदार पूजा चक्रवर्ती ने स्थानीय मीडिया को बताया कि उन्होंने गुरुवार दोपहर आखिरी बार अपनी बहन से बात की थी। इसके बाद परिवार से कोई संपर्क नहीं हो सका।
घर में अलग-अलग जगह मिले शव
पुलिस और जांच एजेंसियों को चारों शव घर में अलग-अलग जगह मिले। रंगपुर मेट्रोपॉलिटन CID के अधिकारी सुबीर चौधरी के मुताबिक, मां और बेटी के शव सीढ़ियों के पास मिले, जबकि गणपति चक्रवर्ती का शव घर की छत पर पाया गया। वहीं, उनके 12 वर्षीय बेटे प्रियम का शव एक बिस्तर के नीचे मिला। शवों की इस तरह अलग-अलग जगह से बरामदगी ने मामले को और रहस्यमय बना दिया है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि चारों की मौत कब और कैसे हुई।
पुलिस, CID और डिटेक्टिव ब्रांच जांच में जुटी
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस के साथ क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (CID) और डिटेक्टिव ब्रांच भी जांच में जुट गई है। पुलिस घटनास्थल से मिले सबूतों की जांच कर रही है। फोरेंसिक टीम भी मौके से मिले साक्ष्यों का परीक्षण कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मौत की सही वजह, घटना का समय और इसके पीछे का मकसद स्पष्ट नहीं है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि घर के अंदर आखिर क्या हुआ था और चारों की मौत किन परिस्थितियों में हुई।


