एक तरफ बम धमाके, दूसरी तरफ आगजनी... बांग्लादेश में हिंसा ने ली 4 की जान, मंत्री भी निशाने पर

Violence in Bangladesh: बांग्लादेश में शेख हसीना की अवामी लीग के बंद और लॉकडाउन के बीच कई जगह हिंसा व आगजनी हुई। सिलहट में मंत्री हुमायूं कबीर के घर के मुख्य गेट पर आग लगाने की कोशिश की गई, जबकि अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हुई।

Shalni Kumari
Published on: 20 Nov 2026 3:50 PM IST
Sheikh Hasina
X

Violence in Bangladesh

Violence in Bangladesh: बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव एक बार फिर हिंसक रूप लेता दिखाई दे रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग की ओर से बुलाए गए बंद और लॉकडाउन के बीच कई इलाकों में आगजनी और झड़पों की घटनाएं सामने आई हैं। हालात इतने बिगड़ गए कि सिलहट में विदेश राज्य मंत्री-1 हुमायूं कबीर के आवास को भी निशाना बनाने की कोशिश की गई। उनके घर के मुख्य गेट पर आग लगा दी गई। इस बीच अलग-अलग हिंसक घटनाओं में चार लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। घटनाओं के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।

मंत्री हुमायूं कबीर के घर के गेट पर लगाई आग

मंत्री के आवास पर आग लगाने की घटना सिलहट के दरियापारा इलाके में हुई। जानकारी के मुताबिक, तड़के सुबह कुछ लोगों ने उनके घर के मुख्य गेट पर आग लगाने की कोशिश की। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों को गेट के लोहे पर जलने के निशान मिले। वहीं, जमीन पर राख और जली हुई पॉलीथीन भी बरामद हुई। सिलहट मेट्रोपॉलिटन पुलिस के डिप्टी कमिश्नर (CTSB) अफजल हुसैन ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, किसी ने पॉलीथीन जलाकर मुख्य गेट में आग लगाने की कोशिश की थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि गेट पर पेट्रोल बम से हमला नहीं किया गया था।

अफजल हुसैन के मुताबिक, मंत्री का घर मुख्य गेट से दो मकान आगे परिसर के अंदर स्थित है। घटनास्थल के पास ही एक पुलिस चौकी भी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इसके बाद मंत्री के आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई।

बंद और विरोध प्रदर्शन के दौरान कई जगह हिंसा

अवामी लीग की ओर से बुलाए गए बंद के बीच बांग्लादेश के कई हिस्सों में तनाव और हिंसा की घटनाएं हुईं। प्रदर्शन के दौरान झड़पों के साथ देसी बमों से हमले और आगजनी की खबरें भी सामने आईं। अलग-अलग घटनाओं में सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) से जुड़े दो नेताओं की मौत हो गई। इसके अलावा दो अन्य लोगों की भी जान चली गई। इस तरह अब तक इन हिंसक घटनाओं में कुल चार लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है।

अवामी लीग पर पीएम तारिक रहमान का हमला

हिंसा की घटनाओं को लेकर बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने अवामी लीग पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के समर्थक देश में अशांति फैलाने के लिए आगजनी और हत्याओं का सहारा ले रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने लोगों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि आतंकवाद, हत्याओं और चुनाव में धांधली की राजनीति को दोबारा शुरू करने की कोशिश करने वालों को जनता को मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story