बांग्लादेश में बवाल के बीच भारत को लेकर क्या बोल गए तारिक रहमान? मंत्री के घर पर पेट्रोल बम से हमला

Bangladesh Violence: बांग्लादेश में फिर हिंसा भड़क उठी। विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर के सिलहट स्थित घर पर पेट्रोल बम फेंका गया। तारिक रहमान ने अवामी लीग पर हिंसा फैलाने का आरोप लगाया और बिना नाम लिए भारत पर निशाना साधा।

Aditya Kumar Verma
Published on: 21 Nov 2026 8:17 AM IST
Bangladesh Violence
X

Image Source- Social Media

Bangladesh Violence: बांग्लादेश में एक बार फिर हिंसा भड़क उठी है। प्रधानमंत्री तारिक रहमान की सरकार में विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर के सिलहट स्थित घर पर शुक्रवार तड़के पेट्रोल बम (Petrol Bomb Attack) फेंका गया। इस घटना के बाद बांग्लादेश की राजनीति में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है।

हमले के कुछ ही घंटों बाद मंत्री हुमायूं कबीर ने शेख हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग (Awami League) के कार्यकर्ताओं पर पूरे देश में हिंसा फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने अवामी लीग की गतिविधियों को आतंकवादी गतिविधि करार दिया। वहीं, बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने बिना भारत का नाम लिए पड़ोसी देश पर निशाना साधा है। उनके बयान के बाद भारत की प्रतिक्रिया भी सामने आई है।

विदेश राज्य मंत्री के घर पर फेंका गया पेट्रोल बम

शुक्रवार तड़के सिलहट में विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर के घर को निशाना बनाया गया। हमलावरों ने उनके आवास पर पेट्रोल बम फेंका। हालांकि, इस हमले में किसी की मौत या अन्य नुकसान की खबर नहीं है।

सिलहट मेट्रोपॉलिटन पुलिस के उपायुक्त मोहम्मद अफजल हुसैन ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मंत्री के घर पर हुए पेट्रोल बम हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। फिलहाल पुलिस हमले में शामिल लोगों की पहचान नहीं कर पाई है।

हुमायूं कबीर ने अवामी लीग पर लगाया हिंसा फैलाने का आरोप

हमले के बाद विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अवामी लीग अब एक आतंकवादी संगठन बनकर रह गई है। कहीं पेट्रोल बम फेंका जा रहा है तो कहीं आग लगाकर लोग भाग जा रहे हैं।

हुमायूं कबीर ने कहा, "अब अवामी लीग आतंकवादी संगठन बनकर रह गया है। कहीं पेट्रोल बम फेंक दिया तो कहीं आग लगाकर भाग गए।"

बता दें कि बांग्लादेश में शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग पर आतंकवाद विरोधी कानूनों के तहत प्रतिबंध लगाया गया है। ऐसे में मंत्री के आवास पर हमले के बाद पार्टी के खिलाफ सरकार की तरफ से लगाए जा रहे आरोपों ने राजनीतिक तनाव को और बढ़ा दिया है।

तारिक रहमान ने बिना नाम लिए भारत पर साधा निशाना

इस पूरे घटनाक्रम के बीच बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान का बयान भी चर्चा में है। उन्होंने आरोप लगाया है कि अवामी लीग के विरोध प्रदर्शनों को सीमा पार बैठे लोग संचालित कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने अपने बयान में सीधे तौर पर भारत का नाम नहीं लिया।

इससे पहले गुरुवार को उत्तरी बांग्लादेश के लालमोनिरहाट में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तारिक रहमान ने अवामी लीग के नेताओं पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि पार्टी के नेताओं ने बांग्लादेश और वहां के लोगों के हितों पर ध्यान नहीं दिया।

प्रधानमंत्री ने भारत का नाम लिए बिना कहा कि सीमा के उस पार का देश, जहां वे भाग गए हैं, उनका मालिक है। उन मालिकों को खुश करने के लिए उन्होंने फिर से बांग्लादेश और उसके लोगों के खिलाफ साजिश शुरू कर दी है।

भारत ने आरोपों पर टिप्पणी करने से किया इनकार

तारिक रहमान के बयान के बाद भारत की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। भारत ने उनके आरोपों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। हालांकि, भारत ने बांग्लादेश के साथ अच्छे और सकारात्मक संबंध बनाए रखने के अपने पुराने रुख को दोहराया है।

शुक्रवार को विदेश मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के बयान को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा कि बांग्लादेश के अंदरूनी घटनाक्रम पर उन्हें कोई टिप्पणी नहीं करनी है।

भारत के इस जवाब के बाद फिलहाल दोनों देशों के बीच इस मुद्दे पर कोई सीधी बयानबाजी सामने नहीं आई है।

हमले के बाद फिर चर्चा में बांग्लादेश की राजनीति

बांग्लादेश में विदेश राज्य मंत्री के घर पर पेट्रोल बम फेंके जाने की घटना ने वहां की सुरक्षा व्यवस्था और राजनीतिक माहौल को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ हुमायूं कबीर ने अवामी लीग पर हिंसा फैलाने का आरोप लगाया है, तो दूसरी तरफ प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने सीमा पार से विरोध प्रदर्शनों को संचालित किए जाने का दावा किया है।

वहीं, भारत ने बांग्लादेश के आंतरिक मामलों पर टिप्पणी करने से परहेज किया है और सकारात्मक संबंधों की बात दोहराई है। ऐसे में मंत्री के घर पर हुए हमले और भारत को लेकर दिए गए बयानों के बाद बांग्लादेश का यह घटनाक्रम एक बार फिर चर्चा में है।

Aditya Kumar Verma
ABOUT THE AUTHOR

Aditya Kumar Verma

Content Writer Mail ID - adityakumarverma993@gmail.comadityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा उत्तर प्रदेश के पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने भारतीय राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों की व्यापक रिपोर्टिंग की है। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है और वे रिपोर्टर, एंकर तथा सब-एडिटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही वो उत्तर प्रदेश की राजनीति, शासन-प्रशासन और नौकरशाही व्यवस्था की गहरी समझ रखते हैं। पत्रकारिता के अलावा उन्हें पुस्तकों का अध्ययन, लेखन, कविता-लेखन और पाठ और यात्राएं करना विशेष रूप से पसंद है। विभिन्न संस्कृतियों और समाजों को करीब से जानने-समझने की उनकी रुचि ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी लेखन शैली और रिपोर्टिंग में भी देखने को मिलता है।

Next Story