गाजा के मुसलमानों के साथ धोखा! UAE ने इजरायल से की अरबों डॉलर की सीक्रेट हथियार डील, सनसनीखेज खुलासा

Israel UAE Electronic Defence System: रिपोर्ट्स के मुताबिक, UAE ने इजरायल की प्रमुख रक्षा कंपनी एल्बिट सिस्टम्स के साथ करीब 2.3 अरब डॉलर की डील की है, जो अगले आठ वर्षों तक चलेगी।

Shishumanjali kharwar
Published on: 20 Dec 2025 3:40 PM IST
Israel UAE Electronic Defence System
X

Israel UAE Electronic Defence System

Israel UAE Electronic Defence System: गाजा में जारी भीषण युद्ध के बीच इजरायल और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की दोस्ती को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। अब्राहम समझौते के तहत पहले ही इजरायल से रिश्ते सामान्य कर चुका UAE अब यहूदी देश के साथ अरबों डॉलर की एक गुप्त हथियार डील में शामिल पाया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, UAE ने इजरायल की प्रमुख रक्षा कंपनी एल्बिट सिस्टम्स के साथ करीब 2.3 अरब डॉलर की डील की है, जो अगले आठ वर्षों तक चलेगी।

इस सौदे के तहत एल्बिट सिस्टम्स UAE को अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक डिफेंस सिस्टम उपलब्ध कराएगी। इजरायल की ओर से पहले इस बड़ी डील की पुष्टि तो की गई थी, लेकिन हथियार खरीदने वाले देश का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया था। अब फ्रांस स्थित ‘इंटेलिजेंस ऑनलाइन’ की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि यह देश UAE ही है। बताया जा रहा है कि यह डिफेंस सिस्टम नागरिक और सैन्य विमानों को मिसाइल हमलों से बचाने में सक्षम होगा।

रिपोर्ट के अनुसार, यह सिस्टम एल्बिट का ‘जे-म्यूजिक एयरक्राफ्ट प्रोटेक्शन सिस्टम’ हो सकता है, जो लेजर तकनीक पर आधारित है। यह तकनीक सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलों के सेंसर को निष्क्रिय कर देती है, जिससे विमान सुरक्षित रह सकता है। एल्बिट सिस्टम्स के प्रेसिडेंट और सीईओ बेज़ालेले मचलिस ने कहा कि इस सौदे के जरिए ग्राहक को कंपनी की उन्नत तकनीक और मजबूत क्षमताओं का लाभ मिलेगा।

वॉशिंगटन स्थित रक्षा विशेषज्ञ बिलाल साब का कहना है कि डील से जुड़ी जानकारियां सीमित रखी गई हैं, इसलिए इसके पूरे दायरे को समझना जरूरी है। उनका मानना है कि UAE और इजरायल के बीच इतनी बड़ी रक्षा साझेदारी पर वैश्विक नजर बनी रहनी चाहिए। यह डील ऐसे समय सामने आई है जब गाजा में हजारों फिलिस्तीनी नागरिकों की मौत के बाद मुस्लिम देशों और यूरोप में इजरायल के बहिष्कार की मांग तेज हो रही है।

इसके बावजूद UAE ने इजरायल के साथ अपने रक्षा संबंध और मजबूत किए हैं। UAE की सरकारी रक्षा कंपनी EDGE पहले भी कई इजरायली कंपनियों के साथ साझेदारी कर चुकी है। नवंबर 2021 में EDGE और इजरायल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज के बीच मानवरहित युद्धपोत विकसित करने को लेकर करार हुआ था। हाल ही में EDGE ने इजरायली कंपनी थर्डआई सिस्टम्स में 10 मिलियन डॉलर का निवेश कर 30 प्रतिशत हिस्सेदारी भी खरीदी है।

विश्लेषकों का मानना है कि इन सौदों से साफ है कि गाजा युद्ध के बावजूद UAE और इजरायल के रिश्ते मजबूत बने हुए हैं। हालांकि, इससे कई अरब देशों में असंतोष भी बढ़ा है। UAE एक ओर अमेरिका और इजरायल के साथ रणनीतिक गठजोड़ बढ़ा रहा है, वहीं दूसरी ओर चीन के साथ भी सैन्य सहयोग को विस्तार दे रहा है, जिससे वैश्विक राजनीति में नई जटिलताएं पैदा हो रही हैं।

Shishumanjali kharwar
ABOUT THE AUTHOR

Shishumanjali kharwar

Former Content Writer Mail ID -Shishulko@gmail.comShishulko@gmail.com

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story