TRENDING TAGS :
भई गजब! 4 बच्चे पैदा करो... सरकार देगी जीरो टैक्स का इनाम, हो चुकी पूरी तैयारी, जल्द होगा लागू
यूरोपीय देश ग्रीस ने तेज़ी से कम होती आबादी को गंभीरता से लेते हुए एक ऐसी पॉलिसी लागू करने का मन बना लिया है, जो लोगों को ज्यादा से ज्यादा बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहित करे।
Population Decline Problem (photo: social media)
Population Decline Problem: भारत और चीन जैसे देशों में देखा जाए तो आज के हिसाब से आबादी का आंकड़ा करीब 140 करोड़ के पार पहुंच चुका है, वहीं यूरोपीय देशों में स्थिति इससे पूरा उलट है। यहां कम होती जनसंख्या और तेजी से बढ़ती बुजुर्ग आबादी एक गंभीर समस्या बनकर सामने खड़ी हो गयी है। इसी संकट से निपटने के लिए दक्षिण-पूर्वी यूरोप का देश ग्रीस (Greece) अब नई और अनोखी योजना लेकर आया है, जिसमें लोगों को अधिक बच्चे पैदा करने पर बड़ा इनाम दिया जाएगा।
4 बच्चे पैदा करने पर मिलेगा जीरो टैक्स का फायदा
ग्रीस सरकार ने हाल ही में €1.6 बिलियन (लगभग ₹1.4 अरब) के राहत पैकेज का एलान किया है। इसके अंतर्गत, 4 बच्चों वाले निम्न-आय परिवारों को जीरो टैक्स यानी पूरी तरह टैक्स से छूट दी जाएगी। इसके अलावा सभी इनकम टैक्स रेट्स में 2 % की कमी भी लागू की जाएगी। ये नियम साल 2026 से प्रभाव में लाये जायेंगे।
प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोटाकिस ने इसे पिछले 50 सालों का सबसे बड़ा टैक्स सुधार करार दिया है। उनका कहना है कि यह कदम न सिर्फ हाल की आर्थिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है, बल्कि माता-पिता को ज़्यादा से ज़्यादा बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहित करने का भी एक तरीका है।
घटती जन्मदर से भविष्य में संकट
ग्रीस में जन्म दर अब यूरोप में सबसे कम हो चुकी है। यहां प्रति महिला केवल 1.4 बच्चे पैदा हो रहे हैं। अगर ऐसे ही हालात बने रहे तो साल 2050 तक ग्रीस की जनसंख्या कम होकर 8 मिलियन से भी कम हो सकती है और करीब 36 फीसदी आबादी बूढ़ी हो जाएगी। यही सबसे बड़ा कारण है कि सरकार ने लोगों को बच्चों के जन्म पर आर्थिक रूप से देने का फैसला लिया है।
छोटे गांवों को भी मिलेगा लाभ
नई योजना के अंतर्गत केवल बच्चों वाले परिवार ही नहीं, बल्कि 1500 से कम आबादी वाले गांवों और बस्तियों को भी टैक्स से राहत मिलेगी। इसका मुख्य उद्देश्य छोटे इलाकों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति को मजबूत करना है।
सरकार का बड़ा संदेश
घोषणा के दौरान प्रधानमंत्री मित्सोटाकिस ने कहा –
"यदि आपका कोई बच्चा नहीं है तो जीवनयापन की लागत अलग है, लेकिन जब आपके 2 या 3 बच्चे होते हैं, तो जीवन जीने का तरीका पूरी तरह बदल जाता है। ऐसे में हमें उन नागरिकों को इनाम देने का रास्ता निकालना होगा, जो अधिक बच्चे पैदा करने का विकल्प चुनते हैं।" आज सोचने वाली बात है कि जहां भारत जैसे देशों में जनसंख्या नियंत्रण की अक्सर गंभीर चर्चाएं होती हैं, वहीं ग्रीस जैसे देशों में लोगों को अधिक बच्चे पैदा करने पर पुरस्कृत किया जा रहा है।


