TRENDING TAGS :
दो भारतीयों की गोली मारकर सरेआम हत्या, वॉलमार्ट के बाहर मौत का तांडव, इस देश में मचा दहशत
कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के सरे शहर में वॉलमार्ट स्टोर के बाहर हुई गोलीबारी में दो भारतीय मूल के युवाओं की मौत हो गई।
Canada: कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के सरे शहर में वॉलमार्ट स्टोर के बाहर हुई गोलीबारी में दो भारतीय मूल के लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 23 साल के गगनप्रीत (गैरी) रेहल और 24 साल की सुखजीत कौर के रूप में हुई है। यह वारदात 15 नवंबर की रात हुई थी। दोनों को गोली लगने के बाद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
कनाडा की इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) इस दोहरे हत्याकांड की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में पुलिस को शक है कि यह कोई अचानक हुई गोलीबारी नहीं, बल्कि सोच-समझकर किया गया हमला था। जांच एजेंसियां इसके तार संगठित अपराध से जुड़े होने की आशंका भी जता रही हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक हत्या के पीछे की वजह का खुलासा नहीं किया है।
दोनों मृतक पड़ोसी इलाके डेल्टा के रहने वाले थे
पुलिस के मुताबिक, गगनप्रीत रेहल और सुखजीत कौर ब्रिटिश कोलंबिया के पड़ोसी शहर डेल्टा के रहने वाले थे। जांच एजेंसियों ने बताया है कि गगनप्रीत का पहले भी हथियारों और फायरआर्म्स से जुड़े मामलों में पुलिस से संपर्क रहा था। वहीं, सुखजीत कौर के कनाडा में संपर्कों के बारे में पुलिस के पास सीमित जानकारी थी। अधिकारियों ने इन जानकारियों को जांच का हिस्सा बनाया है, लेकिन अभी तक इनका हत्या की वजह से कोई सीधा संबंध सार्वजनिक रूप से साबित नहीं किया गया है।
गोलीबारी के 13 मिनट बाद जली हुई मिली कार
इस मामले में पुलिस को एक जली हुई कार भी मिली है, जिसे जांच की अहम कड़ी माना जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, 15 नवंबर की रात करीब 10 बजकर 38 मिनट पर सरे पुलिस को 88 एवेन्यू और 124 स्ट्रीट के पास वॉलमार्ट की पार्किंग में गोलीबारी की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस और मेडिकल टीम ने गोली लगने से घायल महिला और पुरुष को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन दोनों की जान नहीं बचाई जा सकी। इसके करीब 13 मिनट बाद रात 10 बजकर 51 मिनट पर प्रिंसेस ड्राइव के 9700 ब्लॉक में एक कार में आग लगने की सूचना मिली। जांचकर्ताओं को शक है कि यह चार दरवाजों वाली जली हुई कार गोलीबारी में इस्तेमाल की गई हो सकती है। पुलिस अब इस कार को वहां छोड़कर जाने वाले लोगों की पहचान करने में जुटी है।
संगठित अपराध से जुड़े होने की आशंका, पुलिस ने मांगी जानकारी
इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम की अधिकारी सार्जेंट फ्रेडा फोंग के मुताबिक, शुरुआती जांच में गोलीबारी के संकेत संगठित अपराध से जुड़े दिखाई दे रहे हैं। पुलिस इसे टारगेटेड हमला मानकर जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक किसी खास गिरोह या हत्या के मकसद की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
जांच टीम दोनों मृतकों के परिवारों के साथ मिलकर वारदात से पहले उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास 15 नवंबर की रात 10 बजे से 11 बजे के बीच वॉलमार्ट पार्किंग या उस इलाके में जली हुई कार से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज, डैशकैम रिकॉर्डिंग या कोई दूसरी जानकारी है, तो वह जांच एजेंसियों से साझा करे। पुलिस इस दोहरे हत्याकांड के आरोपियों तक पहुंचने के लिए सभी संभावित सुरागों की जांच कर रही है।


