China News: भारी बारिश ने चीन में मचाई तबाही, चोंगकिंग में इमरजेंसी लागू

China News: चीन के चोंगकिंग और हुनान प्रांत में भारी बारिश और बाढ़ से हालात गंभीर हो गए हैं। कई लोग लापता हैं और चोंगकिंग के योंगचुआन जिले में लेवल-3 इमरजेंसी लागू कर दी गई है।

Newstrack/IANS
Published on: 24 May 2026 2:40 PM IST
China News
X

China News

China News: दक्षिण-पश्चिम चीन की चोंगकिंग नगर पालिका के योंगचुआन ज‍िले में भारी बारिश के बाद दस से ज्यादा लोग लापता हो गए हैं।मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार देर रात पश्चिमी चोंगकिंग के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई। जिले के गुआनकोवान और हानजियागोउ गांव में क्रमशः 296.7 मिमी और 256.9 मिमी तक बेहद भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के हवाले से स‍िन्हुआ समाचार एजेंसी ने बताया कि हाल की भारी बारिश के बाद लगातार हो रही तेज बारिश से भूस्खलन, जमीन धंसने और मलबा बहने जैसी प्राकृतिक आपदाओं का खतरा काफी बढ़ गया है।

स्थिति को देखते हुए, चोंगकिंग प्रशासन ने रविवार सुबह सात बजे योंगचुआन ज‍िले में भू-आपदा के लिए लेवल-तीन इमरजेंसी लागू कर दी। स्थानीय विभाग राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। वहीं, मध्य चीन के हुनान प्रांत के शिमेन काउंटी में भारी बारिश से मरने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई है, जबकि 14 लोग अब भी लापता हैं। स्थानीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, आगे की जांच में पांच और लोगों के लापता होने की पुष्टि हुई है। फिलहाल खोज और बचाव अभियान जारी है।

तेज बारिश 17 मई की सुबह सात बजे शुरू हुई थी। यह इस साल शिमेन काउंटी में आई पहली बड़ी बारिश है। चांगदे शहर के आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक, अब तक 23 कस्बे और इलाके इससे प्रभावित हुए हैं। राहत और बचाव कार्य के साथ-साथ टूटी हुई सड़कों और दूसरी जरूरी सुविधाओं को ठीक करने का काम भी जारी है, ताकि प्रभावित लोगों तक रोजमर्रा की जरूरत की चीजें पहुंचाई जा सकें।

चीन के राष्ट्रीय विकास और सुधार आयोग ने बुधवार को बताया कि हुनान प्रांत में बाढ़ के बाद राहत और पुनर्वास कार्यों के लिए केंद्र सरकार की तरफ से 5 करोड़ युआन (करीब 73.1 लाख अमेरिकी डॉलर) की आपात सहायता दी गई है। हुनान के कई इलाकों में भारी बाढ़ से जान-माल का काफी नुकसान हुआ है। लगातार बारिश की वजह से शिमेन काउंटी में पहले ही पांच लोगों की मौत और 11 लोगों के लापता होने की खबर सामने आई थी, जिसके बाद अब यह संख्या और बढ़ गई है।

Vineeta Pandey

Vineeta Pandey

News Publisher Mail ID - pandeyvineeta2010@gmail.com

Vineeta Pandey is an News Publisher at Newstrack.com.

Next Story