कोरोना फिर लौटाएगा वो खौफनाक दौर? नया वैरिएंट इंसानी कोशिकाओं में ऐसे कर रहा एंट्री!

Coronavirus New Variant PJ.2.1: कोरोना के नए वैरिएंट PJ.2.1 की पहचान मई 2026 में कनाडा में हुई थी और अब यह कई देशों में मिल चुका है। शोध में इसकी मानव कोशिकाओं में प्रवेश की क्षमता बढ़ने के संकेत मिले हैं। जानिए वैक्सीन की एंटीबॉडीज पर इसका कितना असर है।

Shalni Kumari
Published on: 11 Nov 2026 1:59 PM IST
COVID New Variant PJ.2.1
X

COVID New Variant PJ.2.1 

Coronavirus New Variant PJ.2.1: कोरोना महामारी का वो दौर शायद ही कोई भूल पाया हो, जब एक वायरस ने पूरी दुनिया की रफ्तार थाम दी थी। अब एक बार फिर कोरोना के नए वैरिएंट PJ.2.1 ने वैज्ञानिकों का ध्यान खींचा है। इसकी खास बात यह है कि यह मानव कोशिकाओं में प्रवेश करने की क्षमता के मामले में कुछ दूसरे वैरिएंट्स से आगे नजर आया है। कनाडा से सामने आया यह वैरिएंट अब उत्तरी अमेरिका से लेकर यूरोप, एशिया और ओशेनिया के कुछ हिस्सों में भी पाया गया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या यह नया वैरिएंट पहले की तरह चिंता बढ़ा सकता है?

कहां मिला कोरोना का नया वैरिएंट PJ.2.1?

कोरोना वायरस (SARS-CoV-2) के नए वैरिएंट PJ.2.1 की पहचान सबसे पहले 2 मई 2026 को कनाडा के ओंटारियो (Ontario) में हुई थी। इसके बाद कनाडा के दूसरे प्रांतों और अमेरिका में भी इसके मामले सामने आए। शोधकर्ताओं ने स्पेन, फ्रांस, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड समेत कई देशों में इसकी मौजूदगी दर्ज की है।

अक्टूबर 2026 में मार्कस हॉफमैन और उनके सहयोगियों का शोध Journal of Infection में प्रकाशित हुआ। इसमें PJ.2.1 के फैलाव और उसकी जैविक विशेषताओं का शुरुआती विश्लेषण किया गया है। शोधकर्ताओं ने इसे 'सॉल्टेशन वैरिएंट' (Saltation Variant) बताया है। इसका मतलब ऐसे वैरिएंट से है, जो धीरे-धीरे कुछ बदलाव हासिल करने के बजाय एक साथ बड़ी संख्या में आनुवंशिक बदलावों के साथ सामने आता है।

मानव कोशिकाओं में दाखिल होने की क्षमता ने खींचा ध्यान

शोध में सबसे ज्यादा ध्यान इस वैरिएंट के स्पाइक प्रोटीन (Spike Protein) पर दिया गया है। यही प्रोटीन कोरोना वायरस को मानव कोशिकाओं से जुड़ने और उनमें प्रवेश करने में मदद करता है। वैज्ञानिकों के मुताबिक, PJ.2.1 के स्पाइक प्रोटीन में कई बदलाव मिले हैं, जो कोशिकाओं में वायरस के प्रवेश की प्रक्रिया को प्रभावित कर सकते हैं।

कोरोना वायरस मानव कोशिकाओं में प्रवेश करने के लिए मुख्य रूप से ACE2 रिसेप्टर (ACE2 Receptor) से जुड़ता है। शोध में संकेत मिला कि PJ.2.1 की ACE2 से जुड़ने की क्षमता कुछ अन्य वैरिएंट्स के मुकाबले ज्यादा हो सकती है। प्रयोगशाला में किए गए परीक्षणों में इसकी कोशिकाओं में प्रवेश करने की क्षमता चार में से पांच परीक्षण की गई सेल लाइनों में लगभग 1.5 से 2.5 गुना अधिक देखी गई।

क्या वैक्सीन से बनी एंटीबॉडीज पर भी बेअसर है नया वैरिएंट?

नए वैरिएंट को लेकर एक बड़ी चिंता यह थी कि कहीं यह वैक्सीन (Vaccine) से बनी एंटीबॉडीज (Antibodies) को चकमा देने में ज्यादा सक्षम तो नहीं है। लेकिन शुरुआती शोध में इस मोर्चे पर कोई बड़ा खतरा सामने नहीं आया। वैज्ञानिकों को PJ.2.1 में अध्ययन किए गए अधिकांश दूसरे वैरिएंट्स की तुलना में वैक्सीन से बनी एंटीबॉडीज के प्रति ज्यादा प्रतिरोध का प्रमाण नहीं मिला।

इसका मतलब है कि कोशिकाओं में प्रवेश करने की बढ़ी हुई क्षमता के संकेत मिलने के बावजूद, यह कहना सही नहीं होगा कि वैरिएंट वैक्सीन से बनी प्रतिरक्षा को आसानी से बेअसर कर देता है। शोधकर्ताओं ने यह भी स्पष्ट किया है कि इसके व्यवहार और संभावित असर को समझने के लिए आगे निगरानी और अध्ययन की जरूरत है।

फ्लू जैसे लक्षण, पहचानना हो सकता है मुश्किल

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक, कोविड-19 (COVID-19) के लक्षण फ्लू और दूसरे श्वसन संक्रमणों (Respiratory Infections) से मिलते-जुलते हो सकते हैं। बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना, थकान और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण संक्रमण के दौरान दिखाई दे सकते हैं। इसलिए केवल लक्षणों के आधार पर यह तय करना मुश्किल हो सकता है कि व्यक्ति को कोरोना है या कोई दूसरा संक्रमण।

फिलहाल PJ.2.1 को लेकर सामने आए निष्कर्ष शुरुआती शोध पर आधारित हैं। अभी यह साबित नहीं हुआ है कि यह वैरिएंट पहले के वैरिएंट्स से ज्यादा गंभीर बीमारी पैदा करता है या इससे अस्पताल में भर्ती होने और मौत का खतरा बढ़ता है। इसलिए डरने के बजाय सतर्क रहना और संक्रमण के लक्षण दिखने पर जरूरत के मुताबिक जांच और चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।

Shalni Kumari
ABOUT THE AUTHOR

Shalni Kumari

Mail ID - skumari4bih@gmail.comskumari4bih@gmail.com
Next Story