TRENDING TAGS :
बाप रे...! चक्रवात गेजानी से 75% शहर खाक, मची ऐसी तबाही कि कांप उठेगी रूह
Cyclone Gezani Madagascar: मेडागास्कर में उष्णकटिबंधीय चक्रवात गेजानी ने भारी तबाही मचाई। 36 लोगों की मौत, कई लापता, टोमासिना में 195 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाएं।
Cyclone Gejane Madagascar: हिंद महासागर की लहरों के बीच उठा एक तूफान, और देखते ही देखते खुशहाल शहर मातम में बदल गया। तेज हवाएं, अंधेरा, डर और चीख-पुकार... यह मंजर था मेडागास्कर का, जहां उष्णकटिबंधीय चक्रवात गेजानी ने तट से टकराते ही भीषण तबाही मचा दी। इस प्राकृतिक आपदा ने अब तक 36 लोगों की जान ले ली है, जबकि 33 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई परिवार आज भी अपने लापता परिजनों की राह देख रहे हैं।
टोमासिना बना तबाही का केंद्र
इस तूफान का सबसे ज्यादा असर देश के पूर्वी बंदरगाह शहर टोमासिना में देखने को मिला। मंगलवार देर रात जब चक्रवात ने शहर में दस्तक दी, तब हवाओं की रफ्तार 195 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा थी। तेज हवाओं के साथ भारी बारिश ने कई इमारतों को पल भर में जमींदोज कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक, अधिकतर मौतें इमारतों के ढहने और उड़ते मलबे की चपेट में आने से हुई हैं।
लापता लोग और सुरक्षित निकासी
इस आपदा के बाद हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। 15 लोग अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है। राहत की बात यह है कि प्रशासन ने समय रहते कदम उठाते हुए 2,700 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। अस्थायी राहत शिविरों में पीड़ितों के लिए भोजन, पानी और प्राथमिक इलाज की व्यवस्था की जा रही है।
बुनियादी ढांचा बुरी तरह प्रभावित
राष्ट्रीय जोखिम एवं आपदा प्रबंधन कार्यालय ने बताया कि टोमासिना की करीब 75 प्रतिशत आधारभूत संरचना या तो पूरी तरह नष्ट हो चुकी है या बुरी तरह क्षतिग्रस्त है। कई मकान धराशायी हो गए हैं, बिजली के खंभे उखड़ चुके हैं और सड़कों पर मलबा फैला हुआ है। मंगलवार से ही शहर की बिजली आपूर्ति ठप है, जिससे हालात और मुश्किल हो गए हैं।
रेड अलर्ट और आगे की चुनौती
मेडागास्कर के मौसम विभाग ने बाढ़ और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए कई इलाकों में रेड अलर्ट जारी किया है। प्रशासन लोगों से अपील कर रहा है कि वे सुरक्षित स्थानों पर ही रहें और अफवाहों से बचें। अब सबसे बड़ी चुनौती राहत और पुनर्वास की है, ताकि इस तूफान से टूटे जीवन को फिर से संभाला जा सके।


