Donald Trump Birthday: 80 साल के हुए राष्ट्रपति ट्रंप, वाइट हाउस में हुआ UFC फाइट का आयोजन, बर्थडे पर अरबों किए खर्च

Donald Trump Birthday: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने 80वें जन्मदिन पर व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में 60 मिलियन डॉलर की लागत से एक विशाल UFC पिंजरा (Cage Fight) तैयार करवाया।

Harsh Srivastava
Published on: 14 Jun 2026 3:12 PM IST
Donald Trump Birthday: 80 साल के हुए राष्ट्रपति ट्रंप, वाइट हाउस में हुआ UFC फाइट का आयोजन, बर्थडे पर अरबों किए खर्च
X

Donald Trump Birthday: अमेरिका के इतिहास में रविवार का दिन एक अनोखे और कभी न भूलने वाले पल का गवाह बनने जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आज अपने जीवन के 80 साल पूरे कर चुके हैं। इस उम्र में जहां लोग आराम करना पसंद करते हैं, वहीं ट्रंप ने अपने आठवें दशक की शुरुआत एक ऐसे धमाके के साथ की है जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। ट्रंप ने अपने जन्मदिन के इस मील के पत्थर को मनाने के लिए व्हाइट हाउस के ऐतिहासिक दक्षिणी लॉन (साउथ लॉन) में एक विशाल 'मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स' (UFC) फाइट का आयोजन किया। इस अनोखे आयोजन के जरिए वे दुनिया के सामने यह साबित करना चाहते हैं कि 80 की उम्र में भी उनकी ताकत, ऊर्जा और जोश में कोई कमी नहीं आई है।

राष्ट्रपति पद का अनोखा इतिहास

डोनाल्ड ट्रंप पहले ही अमेरिकी इतिहास में सबसे अधिक उम्र में राष्ट्रपति पद की शपथ लेने वाले नेता बन चुके हैं। अगर वे अपना यह दूसरा कार्यकाल पूरा करते ही वो अमेरिका के अब तक के सबसे बुजुर्ग राष्ट्रपति होने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लेंगे। ट्रंप अक्सर अपने पूर्ववर्ती राष्ट्रपति जो बाइडन की बढ़ती उम्र का मजाक उड़ाते रहे हैं और उन्हें 'स्लीपी जो' कहकर बुलाते रहे हैं। लेकिन अब खुद ट्रंप की बढ़ती उम्र भी अमेरिकी जनता और मीडिया के तीखे लेंस के नीचे आ गई है। जो बाइडन जहां मीडिया से दूरी बनाकर रखते थे और शांत रहते थे, वहीं ट्रंप ने अपने कार्यकाल को रीयल-टाइम में जिया है और पत्रकारों को ओवल ऑफिस तक अभूतपूर्व पहुंच दी है।

"रिवर्स बेंजामिन बटन": गिरती रेटिंग और थकान के संकेत

भले ही ट्रंप के अधिकारी उनके चौबीसों घंटे काम करने और कभी न थकने वाली ऊर्जा की तारीफ करते हों, लेकिन जनता की नजरें उनकी बढ़ती उम्र के निशानों को भी पकड़ रही हैं। हाल के दिनों में ट्रंप के भाषणों में शब्दों का दोहराव और मुद्दों से भटकने की आदत देखी गई है। जून की शुरुआत में अमेरिकी कांग्रेस की एक सुनवाई के दौरान विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसद टेड लियू ने कुछ ऐसे वीडियो दिखाए, जिनमें ट्रंप कैबिनेट की बैठकों के दौरान झपकी लेते हुए नजर आ रहे थे। विरोधियों ने उन्हें 'कमांडर इन स्लीप' कहना भी शुरू कर दिया है। इसके साथ ही हालिया सर्वे में सामने आया है कि जैसे-जैसे ट्रंप की उम्र बढ़ रही है, उनकी लोकप्रियता का ग्राफ नीचे आ रहा है। देश में महंगाई और बढ़ती कीमतों से परेशान जनता के बीच उनका अप्रूवल रेट महज 35 फीसदी रह गया है।

व्हाइट हाउस के मैदान में 60 मिलियन डॉलर का तमाशा

ट्रंप के इस जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए व्हाइट हाउस के मैदान पर लगभग 60 मिलियन डॉलर यानी पांच अरब रुपये से अधिक की लागत से एक विशाल अल्टीमेट फाइटिंग चैंपियनशिप (UFC) का अखाड़ा तैयार किया गया है। यह अस्थायी स्टेडियम खुद व्हाइट हाउस की मुख्य इमारत से भी ऊंचा दिखाई दे रहा है, जिसमें 4,300 से ज्यादा मेहमानों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इस पूरे ढांचे के ऊपर 'द क्लॉ' नाम का एक स्पेसशिप जैसा मैटेलिक आर्च लगाया गया है, जो आधुनिक लाइट्स और बड़ी स्क्रीन से लैस है। इस खूनी खेल में पिंजरे के भीतर बंद फाइटर्स एक-दूसरे को मारकर पस्त करने की कोशिश करेंगे।




जनता का ध्यान भटकाने की चाल?

राजनैतिक विश्लेषक इस पूरे तमाशे को ट्रंप की एक सोची-समझी राजनैतिक चाल मान रहे हैं। इस समय ट्रंप ईरान में छिड़े एक बेहद महंगे और अलोकप्रिय युद्ध में फंसे हुए हैं, जिससे देश की अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ रहा है। ऐसे में कॉरनेल यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर माइक फोंटेन ने इसकी तुलना प्राचीन रोम के 'ग्लेडिएटर गेम्स' से की है। उन्होंने कहा कि इतिहास में जब भी राजाओं की लोकप्रियता गिरती थी, तो वे जनता का ध्यान भटकाने के लिए ऐसे ही खूनी खेलों का आयोजन करते थे, जिसे 'ब्रेड एंड सर्कस' कहा जाता था।

पारिवारिक बिजनेस और सरकारी संसाधनों का घालमेल

इस आयोजन ने ट्रंप परिवार के बिजनेस और सरकारी पद के बीच के घालमेल को भी उजागर कर दिया है। इस फाइट नाइट के विजेताओं को दिए जाने वाले ढाई लाख डॉलर के विशेष बोनस का प्रबंधन 'वर्ल्ड लिबर्टी फाइनेंशियल' नाम की एक क्रिप्टोकरेंसी कंपनी कर रही है। इस कंपनी के सह-मालिक खुद ट्रंप के पारिवारिक सदस्य और उनके बेटे जैक हैं। आलोचकों का कहना है कि ट्रंप ने इस निजी उत्सव के लिए अमेरिका की सात सरकारी एजेंसियों के संसाधनों और हजारों घंटों की सरकारी मजदूरी को झोंक दिया है।

बाइडन के जन्मदिन से बिल्कुल जुदा है ट्रंप का अंदाज

यह आयोजन इस बात का भी बड़ा सबूत है कि ट्रंप अपने प्रतिद्वंदियों से कितने अलग हैं। जब साल 2022 में जो बाइडन 80 साल के हुए थे, तो उन्होंने व्हाइट हाउस में अपने परिवार के साथ एक बेहद निजी और साधारण ब्रंच करके अपना जन्मदिन मनाया था। लेकिन ट्रंप ने देश के ऐतिहासिक 'फ्लैग डे' और अमेरिका की आजादी की 250वीं वर्षगांठ के जश्न को पूरी तरह से अपने व्यक्तिगत प्रचार और ताकत के प्रदर्शन में बदल दिया है। हालांकि, मौसम विभाग ने रविवार की रात को तेज आंधी और बिजली कड़कने की चेतावनी दी है, जो ट्रंप के इस मेगा शो के मजे को किरकिरा कर सकती है। फिर भी, पूरी दुनिया की नजरें आज व्हाइट हाउस के इस पिंजरे वाले दंगल पर टिकी हुई हैं।

Harsh Srivastava
ABOUT THE AUTHOR

Harsh Srivastava

Hi! I am Harsh Srivastava, currently working as a Content Writer and News Coordinator at Newstrack. I oversee content planning, coordination, and contribute with in-depth articles and news features, especially focusing on politics and crime. I started my journey in journalism in 2023 and have worked with leading publications such as Hindustan, Times of India, and India News, gaining experience across cities including Varanasi, Delhi and Lucknow. My work revolves around curating timely news, in- depth research, and delivering engaging content to keep readers informed and connected.

Next Story