TRENDING TAGS :
अमेरिकी राष्ट्रपति के दफ्तर तक पहुंची हनुमान चालीसा, ट्रंप को किसने और क्यों दी?
Donald Trump Diwali Celebration: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में दीया जलाकर दिवाली मनाई। इस दौरान भारतीय उद्यमी विशाल गोंडल ने उन्हें हनुमान चालीसा भेंट की। जानिए समारोह में कौन-कौन शामिल हुआ।
Donald Trump Diwali Celebration
Donald Trump Diwali Celebration: अमेरिका की राजनीति में जहां अक्सर बयानबाजी, चुनावी दांव-पेच और कूटनीतिक हलचल देखने को मिलती है, वहीं शुक्रवार को व्हाइट हाउस (White House) का नजारा कुछ अलग था। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने ओवल ऑफिस (Oval Office) में दीया जलाकर दिवाली मनाई। इस दौरान एक तरफ भारतीय मूल के दिग्गज अधिकारी और बड़ी कंपनियों के CEO मौजूद थे, तो दूसरी तरफ भारतीय उद्यमी विशाल गोंडल ने ट्रंप को हनुमान चालीसा की प्रति भेंट कर सबका ध्यान खींच लिया। अब अमेरिकी राष्ट्रपति के ऑफिस में दीये की रोशनी के साथ हनुमान चालीसा की मौजूदगी भी चर्चा का विषय बन गई है। कह सकते हैं कि इस बार ओवल ऑफिस में कूटनीति के साथ भारतीय संस्कृति की भी खास चमक दिखाई दी।
ट्रंप ने दीया जलाकर की दिवाली समारोह की शुरुआत
शुक्रवार को व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में आयोजित दिवाली समारोह (Diwali Celebration) की शुरुआत राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दीप प्रज्ज्वलित करके की। इस खास कार्यक्रम में अमेरिकी प्रशासन के कई भारतीय मूल के अधिकारी, कारोबारी, उद्यमी और बड़ी कंपनियों के प्रमुख शामिल हुए।
कार्यक्रम में भारत के अमेरिका में राजदूत विनय मोहन क्वात्रा, एफबीआई निदेशक काश पटेल, सेलिब्रिटी शेफ विकास खन्ना और IBM के CEO अरविंद कृष्णा मौजूद रहे। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और सोशल सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन के डिप्टी कमिश्नर अर्जुन मोदी ने भी समारोह में हिस्सा लिया।
इसके अलावा माइक्रोन टेक्नोलॉजी के CEO संजय मेहरोत्रा, राष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थान (NIH) के निदेशक जय भट्टाचार्य और उद्यमी विशाल गोंडल भी इस आयोजन का हिस्सा बने। समारोह में धाल्ला ग्रुप ऑफ कंपनीज की अध्यक्ष रूबी धाल्ला, नैक सिस्टम्स के संस्थापक राजीव शर्मा, केशवम डीसी के अध्यक्ष विश्वजीत मल्लमपति और राष्ट्रपति के अतिथि हेतलकुमार पटेल भी मौजूद रहे।
ट्रंप को भेंट की गई हनुमान चालीसा
इस दिवाली समारोह में सबसे ज्यादा चर्चा उद्यमी विशाल गोंडल की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप को दिए गए खास उपहार की रही। GOQii टेक्नोलॉजीज के संस्थापक और CEO विशाल गोंडल ने उन्हें तुलसीदास रचित हनुमान चालीसा (Hanuman Chalisa) की एक प्रति भेंट की।
गोंडल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर समारोह की तस्वीरें साझा करते हुए इसे अपने लिए सम्मान की बात बताया। उन्होंने कहा कि हनुमान चालीसा लाखों लोगों के लिए साहस, भक्ति और शक्ति का स्रोत है।
उन्होंने यह भी बताया कि जब ओवल ऑफिस में दीये जलाए जा रहे थे, तब उनकी प्रार्थना भारत और अमेरिका के रिश्तों में और मजबूती आने तथा अंधकार पर प्रकाश की जीत के लिए थी। इस तरह दिवाली के मौके पर ट्रंप को मिला यह उपहार भारतीय आस्था और संस्कृति की झलक लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय तक पहुंच गया।
जॉर्ज बुश ने शुरू की थी व्हाइट हाउस में दिवाली मनाने की परंपरा
व्हाइट हाउस में दिवाली मनाने की परंपरा आज की नहीं है। इसकी शुरुआत साल 2003 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश (George W. Bush) के कार्यकाल में हुई थी। शुरुआती दौर में ये आयोजन मुख्य रूप से आइजनहावर एग्जीक्यूटिव ऑफिस बिल्डिंग में होते थे, जिनमें भारतीय-अमेरिकी समुदाय के लोग और भारतीय राजनयिक शामिल होते थे।
इसके बाद साल 2009 में राष्ट्रपति बराक ओबामा (Barack Obama) व्हाइट हाउस में दीया जलाने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बने। उन्होंने ईस्ट रूम में आयोजित समारोह में दीप प्रज्ज्वलित किया था। इसके बाद से व्हाइट हाउस के अलग-अलग हिस्सों में दिवाली समारोह आयोजित किए जाते रहे हैं। इनमें ओवल ऑफिस और रूजवेल्ट रूम भी शामिल हैं।
भारतीय संस्कृति और अमेरिकी राजनीति का खास संगम
व्हाइट हाउस में दिवाली का आयोजन केवल एक त्योहार मनाने तक सीमित नहीं है। यह अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों की बढ़ती भागीदारी और भारत-अमेरिका संबंधों (India-US Relations) में सांस्कृतिक जुड़ाव को भी दिखाता है।
इस बार ट्रंप के साथ कई भारतीय मूल के प्रभावशाली लोगों की मौजूदगी और उन्हें हनुमान चालीसा भेंट किए जाने ने समारोह को और खास बना दिया। अमेरिकी राजनीति के सबसे चर्चित दफ्तरों में से एक ओवल ऑफिस में दीया जलना और हनुमान चालीसा पहुंचना अपने आप में भारतीय संस्कृति की अंतरराष्ट्रीय पहचान की एक दिलचस्प तस्वीर पेश करता है।


