TRENDING TAGS :
पायलट सीधे 'हाइजैक' क्यों नहीं कहता? 7500, 7600 और 7700 कोड का क्या है राज?
फ्लाईदुबई की FZ1073 में 7700 से 7500 और फिर 7700 कोड इस्तेमाल हुआ। जानिए 7500, 7600 और 7700 का मतलब और पायलट सीधे हाइजैक क्यों नहीं बोलता।
नई दिल्ली: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में 30 सितंबर को हुई गंभीर घटना के बाद विमानन के तीन खास इमरजेंसी कोड (7500, 7600 और 7700) एक बार फिर चर्चा में हैं। उड़ान के दौरान FZ1073 ने पहले 7700, फिर 7500 और बाद में दोबारा 7700 squawk किया। विमान ने अपना रूट बदला और सऊदी अरब के तबूक में सुरक्षित लैंडिंग की। सभी यात्री सुरक्षित रहे। घटना की जांच जारी है।
7500 का मतलब सिर्फ 'हाइजैक' नहीं
विमानन की अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था में 7500 का आधिकारिक अर्थ 'Unlawful Interference' यानी विमान में गैर-कानूनी हस्तक्षेप है। इसमें हाईजैक जैसी स्थिति भी शामिल हो सकती है। पायलट के लिए हर परिस्थिति में रेडियो पर खुले तौर पर 'हाइजैक' कहना संभव या सुरक्षित नहीं होता। ऐसे में ट्रांसपोंडर पर 7500 सेट करने से एयर ट्रैफिक कंट्रोल को तुरंत गंभीर सुरक्षा स्थिति का संकेत मिल जाता है।
हालांकि 7500 दिखने का मतलब अपने आप यह नहीं है कि किसी बाहरी व्यक्ति ने विमान पर कब्जा कर लिया है। FZ1073 के मामले में बाद की जानकारी के मुताबिक कॉकपिट में पायलटों के बीच हिंसक घटना हुई थी। संबंधित अधिकारियों के अनुसार एक पायलट ने दूसरे पर हमला किया था। मामले की पूरी परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
7600 यानी रेडियो संपर्क फेल
7600 का मतलब Communication Failure होता है। जब विमान और एयर ट्रैफिक कंट्रोल के बीच रेडियो संपर्क टूट जाता है, तब यह कोड इस्तेमाल किया जाता है। इसका सीधा संबंध हाईजैक से नहीं है।
7700 यानी सामान्य आपात स्थिति
7700 General Emergency का कोड है। विमान में कोई गंभीर आपात स्थिति पैदा होने पर पायलट परिस्थितियों के अनुसार इसे इस्तेमाल कर सकता है। इसमें मेडिकल, तकनीकी या अन्य गंभीर आपात स्थिति शामिल हो सकती है।
FZ1073 में क्या हुआ?
FZ1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी। उड़ान के दौरान विमान ने पहले 7700 भेजा। कुछ देर बाद यह 7500 पर चला गया। इसके बाद विमान ने अपना रास्ता बदला और सऊदी अरब की ओर गया। बाद में फिर 7700 squawk किया गया और विमान ने तबूक में emergency landing की।
फ्लाईदुबई ने घटना को flight-deck altercation बताया है। रिपोर्टों के अनुसार विमान में 174 लोग सवार थे और चालक दल के घायल सदस्यों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। यात्रियों को बाद में दूसरे विमान से तेल अवीव पहुंचाया गया।
तीन कोड ऐसे याद रखें:
7500 — Unlawful Interference / हाईजैक जैसी स्थिति
7600 — Radio Communication Failure/रेडियो संपर्क फेल होना
7700 — General Emergency/सामान्य आपात स्थिति
इन कोड का मकसद पायलट को लंबी बातचीत किए बिना भी ATC तक महत्वपूर्ण सुरक्षा संकेत पहुंचाना है। यही वजह है कि आसमान में दिखने वाला चार अंकों का एक छोटा-सा कोड जमीन पर मौजूद एयर ट्रैफिक कंट्रोल के लिए बेहद महत्वपूर्ण हो सकता है।


