पाकिस्तानी सेना का बागी कैप्टन बना BLA का नया चीफ! 8 साल तक फौज में की नौकरी, फिर कर दी बगावत

Former PAK Army Captain Rahman: पाकिस्तान की सेना में 8 साल तक कैप्टन रहे रहमान गुल उर्फ मुरीद को बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) का नया कमांडर-इन-चीफ बनाया गया है। जानिए कौन हैं रहमान गुल और कैसे पाकिस्तानी सेना छोड़कर बने अलगाववादी संगठन के प्रमुख।

Aditya Kumar Verma
Published on: 15 Nov 2026 4:11 PM IST
Former Pakistan Army Captain Rehman Gul
X

Image Source- Social Media

Former PAK Army Captain Rahman: पाकिस्तान में सक्रिय प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी ने अपने नए कमांडर-इन-चीफ का ऐलान कर दिया है। संगठन ने वरिष्ठ कमांडर रहमान गुल उर्फ मुरीद (Rehman Gul alias Mureed) को अपना नया प्रमुख चुना है। इस नियुक्ति की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि रहमान गुल कभी पाकिस्तानी सेना (Pakistan Army) में कैप्टन के पद पर तैनात था। उसने करीब आठ साल तक सेना में नौकरी की, लेकिन 2010 में बगावत कर दी और बाद में बीएलए में शामिल हो गया।

बीएलए के मुताबिक, रहमान गुल को संगठन की वरिष्ठ कमांड परिषद और सभी कमांडरों की सहमति से नया प्रमुख नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह संगठन की मजीद ब्रिगेड (Majeed Brigade) का कमांडर था। अब वह बशीर जेब बलूच की जगह संगठन की पूरी कमान संभालेगा।

सर्वसम्मति से चुना गए रहमान गुल

बलूच लिबरेशन आर्मी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि संगठन की वरिष्ठ कमांड परिषद ने आपसी विचार-विमर्श के बाद रहमान गुल उर्फ मुरीद को नया कमांडर-इन-चीफ बनाने का फैसला लिया है। इस फैसले को संगठन के पूरे नेतृत्व और सभी कमांडरों का समर्थन मिला है।

संगठन के मुताबिक, रहमान गुल इससे पहले वरिष्ठ कमांड परिषद के सदस्य के तौर पर काम कर रहा था। इसके अलावा वह बीएलए की मजीद ब्रिगेड की कमान भी संभाल चुका है। संगठन ने उसे अलग-अलग महत्वपूर्ण पदों पर काम करने का अनुभव रखने वाला वरिष्ठ कमांडर बताया है।

बीएलए ने अपने बयान में दावा किया है कि नए नेतृत्व के तहत उसकी तथाकथित आजादी की लड़ाई नए जोश और पूरी ताकत के साथ जारी रहेगी। संगठन ने अपनी गतिविधियों और अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प भी दोहराया है।

बशीर जेब की जगह लेगा रहमान गुल

रहमान गुल की नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब बीएलए ने हाल ही में अपने नेतृत्व में बदलाव किया था। 3 नवंबर को संगठन ने घोषणा की थी कि बशीर जेब बलूच अब कमांडर-इन-चीफ के पद पर नहीं रहेंगे।

इसके बाद संगठन के प्रशासनिक, सैन्य और नीतिगत फैसलों की जिम्मेदारी वरिष्ठ कमांड परिषद को सौंप दी गई थी। अब रहमान गुल को नया प्रमुख चुने जाने के साथ ही नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी हो गई है।

बशीर जेब दिसंबर 2018 में असलम बलूच की मौत के बाद संगठन के प्रमुख बने थे। असलम बलूच की अफगानिस्तान में एक आत्मघाती हमले में मौत हुई थी। इसके बाद बशीर जेब ने संगठन की कमान संभाली।

उनके नेतृत्व में बीएलए ने पाकिस्तान के सुरक्षा प्रतिष्ठानों, सुरक्षा बलों और चीनी हितों को निशाना बनाकर कई बड़े हमलों की जिम्मेदारी ली थी।

कई प्रमुख हमलों में आया नाम

बशीर जेब के नेतृत्व में बीएलए ने पाकिस्तान में कई बड़े हमलों की जिम्मेदारी ली। इनमें साल 2018 में कराची स्थित चीनी वाणिज्य दूतावास (Chinese Consulate) पर हुआ हमला भी शामिल था।

इसके बाद 2019 में ग्वादर के पर्ल कॉन्टिनेंटल होटल (Pearl Continental Hotel) पर हमला हुआ। साल 2020 में कराची स्टॉक एक्सचेंज (Karachi Stock Exchange) को निशाना बनाया गया। इन सभी घटनाओं की जिम्मेदारी बीएलए ने ली थी।

इसके अलावा मार्च 2025 में जाफर एक्सप्रेस (Jaffar Express) के अपहरण की घटना के लिए भी संगठन ने जिम्मेदारी ली थी। इन घटनाओं के बाद बीएलए पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था और क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में लगातार चर्चा में रहा है।

कौन है रहमान गुल उर्फ मुरीद?

रहमान गुल उर्फ मुरीद बलूचिस्तान में सक्रिय बलूच लिबरेशन आर्मी के महत्वपूर्ण सैन्य चेहरों में गिना जाता रहा है। उसकी पहचान सिर्फ एक अलगाववादी कमांडर के तौर पर नहीं, बल्कि पाकिस्तान की सेना में काम कर चुके पूर्व सैन्य अधिकारी के रूप में भी है।

वह पाकिस्तानी सेना में कैप्टन के पद पर रह चुका है। सेना छोड़ने के बाद वह बीएलए में शामिल हुआ और धीरे-धीरे संगठन की सबसे खतरनाक इकाइयों में गिनी जाने वाली मजीद ब्रिगेड का कमांडर बन गया।

अमेरिकी थिंक टैंक जेम्सटाउन फाउंडेशन (Jamestown Foundation) ने 13 अगस्त 2025 को प्रकाशित अपनी विस्तृत प्रोफाइल में रहमान गुल को बीएलए का दूसरा सबसे महत्वपूर्ण कमांडर बताया था।

इस रिपोर्ट के मुताबिक, रहमान गुल का जन्म 14 अगस्त 1984 को बलूचिस्तान के नौशकी में हुआ था। उसका संबंध मेंगल समुदाय के एक प्रभावशाली परिवार से बताया गया है। उसके पिता का नाम मीर अफजल खान मेंगल बताया गया है।

क्या है बलूच लिबरेशन आर्मी?

बलूच लिबरेशन आर्मी पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सक्रिय एक सशस्त्र अलगाववादी संगठन (Armed Separatist Group) है। यह संगठन बलूचिस्तान की आजादी की मांग करता है।

संगठन का आरोप है कि पाकिस्तानी सरकार बलूचिस्तान के प्राकृतिक संसाधनों (Natural Resources) का दोहन कर रही है और वहां रहने वाली बलूच आबादी के साथ भेदभाव किया जा रहा है।

हालांकि, पाकिस्तान और अमेरिका दोनों ने बलूच लिबरेशन आर्मी को आतंकवादी संगठन (Terrorist Organization) घोषित कर रखा है। संगठन की गतिविधियों और पाकिस्तान में किए गए हमलों को लेकर यह लंबे समय से चर्चा में रहा है।

रहमान गुल ने क्यों कर दी बगावत?

रहमान गुल की शुरुआती पढ़ाई बलूचिस्तान के नौशकी स्थित गवर्नमेंट बॉयज मॉडल हाई स्कूल से हुई थी। इसके बाद वह आगे की पढ़ाई के लिए क्वेटा गया। उसने पेशावर विश्वविद्यालय (University of Peshawar) से बैचलर ऑफ आर्ट्स की डिग्री हासिल की।

जेम्सटाउन फाउंडेशन की रिपोर्ट के मुताबिक, रहमान गुल ने साल 2002 में पाकिस्तानी सेना ज्वाइन की थी। वह 19 फ्रंटियर फोर्स रेजिमेंट (19 Frontier Force Regiment) में करीब आठ साल तक तैनात रहा। इसके अलावा उसने पाकिस्तान मिलिट्री एकेडमी, काकुल (Pakistan Military Academy, Kakul) में दो साल का प्रशिक्षण भी लिया था।

दक्षिण वजीरिस्तान से POK तक रही तैनाती

पाकिस्तानी सेना में नौकरी के दौरान रहमान गुल की तैनाती कई संवेदनशील इलाकों में हुई थी। वह दक्षिण वजीरिस्तान के लड्डा और उत्तरी वजीरिस्तान के मीरानशाह जैसे इलाकों में तैनात रहा। इसके अलावा पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के कोटली जिले के खुईरट्टा सेक्टर में भी उसने सेवाएं दी थीं।

जेम्सटाउन फाउंडेशन की रिपोर्ट के अनुसार, साल 2010 में उसने पाकिस्तानी सेना से बगावत कर दी। इसके बाद वह बलूच लिबरेशन आर्मी में शामिल हो गया।

यानी जिस पाकिस्तानी सेना में रहमान गुल ने करीब आठ साल तक कैप्टन के तौर पर काम किया, उसी सेना के खिलाफ सक्रिय संगठन में वह शामिल हो गया। अब संगठन के शीर्ष नेतृत्व की जिम्मेदारी मिलने के बाद रहमान गुल बीएलए का नया कमांडर-इन-चीफ बन गया है।

Aditya Kumar Verma
ABOUT THE AUTHOR

Aditya Kumar Verma

Content Writer Mail ID - adityakumarverma993@gmail.comadityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा उत्तर प्रदेश के पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने भारतीय राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और मानवीय सरोकारों से जुड़ी खबरों की व्यापक रिपोर्टिंग की है। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है और वे रिपोर्टर, एंकर तथा सब-एडिटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही वो उत्तर प्रदेश की राजनीति, शासन-प्रशासन और नौकरशाही व्यवस्था की गहरी समझ रखते हैं। पत्रकारिता के अलावा उन्हें पुस्तकों का अध्ययन, लेखन, कविता-लेखन और पाठ और यात्राएं करना विशेष रूप से पसंद है। विभिन्न संस्कृतियों और समाजों को करीब से जानने-समझने की उनकी रुचि ने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनकी लेखन शैली और रिपोर्टिंग में भी देखने को मिलता है।

Next Story