TRENDING TAGS :
Germanwings Flight 9525: कॉकपिट का वो लॉक, जिसने 150 जिंदगियां छीन लीं, फिर बदले उड़ान के नियम
Germanwings Flight 9525 हादसे में 150 लोगों की जान गई थी। जानें कॉकपिट लॉक, Two-Person Cockpit Rule और पायलट सुरक्षा में हुए बदलावों की कहानी।
Germanwings Flight 9525: The Cockpit Lock Tragedy That Changed Aviation Rules
Germanwings Flight 9525: कभी-कभी विमान हादसा सिर्फ एक दुर्घटना तक सीमित नहीं होता। वह आने वाले समय के लिए ऐसा सबक छोड़ जाता है, जिसे पूरी दुनिया को याद रखना पड़ता है। 24 मार्च 2015 को फ्रांस के खूबसूरत आल्प्स पहाड़ों के बीच कुछ ऐसा ही हुआ था। आसमान में उड़ रहा एक यात्री विमान अचानक जमीन की ओर उतरने लगा और कुछ ही मिनटों बाद पहाड़ से जा टकराया। विमान में सवार 150 लोगों में से कोई भी जिंदा नहीं बचा।
यह हादसा इसलिए और ज्यादा दर्दनाक था क्योंकि विमान में कोई तकनीकी खराबी नहीं थी, न ही मौसम ने कोई बड़ी बाधा पैदा की थी। जांच में सामने आया कि कॉकपिट में मौजूद सह-पायलट ने जानबूझकर विमान को नीचे ले जाने की कार्रवाई की थी। उस वक्त कैप्टन कॉकपिट से बाहर थे और अंदर से दरवाजा लॉक था। बाहर मौजूद कैप्टन की कोशिशों के बावजूद कॉकपिट का दरवाजा नहीं खुल सका।
Germanwings Flight 9525 की इस त्रासदी ने विमानन जगत को सोचने पर मजबूर कर दिया कि अगर विमान के कॉकपिट के अंदर मौजूद व्यक्ति ही खतरा बन जाए तो यात्रियों की सुरक्षा कैसे की जाए। इसी हादसे के बाद कॉकपिट में दो लोगों की मौजूदगी, पायलटों की मेडिकल जांच और मानसिक स्वास्थ्य सहायता जैसे मुद्दों पर दुनिया भर में नए सिरे से चर्चा शुरू हुई।
24 मार्च 2015 को जर्मनविंग्स विमान के साथ क्या हुआ था?
Germanwings का Airbus A320 बार्सिलोना से जर्मनी के डसेलडोर्फ जा रहा था। विमान में 144 यात्री और छह क्रू सदस्य थे। उड़ान सामान्य रूप से चल रही थी। कुछ समय बाद कैप्टन पैट्रिक सोंडरहाइमर कॉकपिट से बाहर निकले।
यही वह पल था, जिसने पूरी कहानी बदल दी।
कॉकपिट में मौजूद सह-पायलट एंड्रियास लुबित्ज ने दरवाजा अंदर से लॉक कर दिया। इसके बाद विमान की ऊंचाई लगातार कम होने लगी। कैप्टन ने कॉकपिट में वापस आने की कोशिश की। उन्होंने दरवाजा खुलवाने के लिए संपर्क किया, लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला।
जांच के अनुसार लुबित्ज ने विमान के ऑटोपायलट की सेटिंग बदलकर उसे नीचे ले जाने का निर्देश दिया था। विमान लगातार नीचे आता रहा और आखिरकार फ्रांस के आल्प्स क्षेत्र में पहाड़ से टकरा गया। इस दुर्घटना में विमान में मौजूद सभी 150 लोगों की मौत हो गई।
मजबूत कॉकपिट दरवाजा बना सबसे बड़ा सवाल
हादसे के बाद सबसे ज्यादा चर्चा कॉकपिट के उस मजबूत दरवाजे की हुई, जिसे बाहर से खोलना बेहद मुश्किल था। विमान के कॉकपिट दरवाजे को इस तरह डिजाइन किया जाता है कि कोई बाहरी व्यक्ति जबरन अंदर प्रवेश न कर सके। कैप्टन ने बाहर से कॉकपिट में प्रवेश करने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। यहां एक सुरक्षा व्यवस्था दूसरी समस्या में बदल गई। जिस मजबूत दरवाजे का उद्देश्य कॉकपिट को बाहरी खतरे से बचाना था, उसी वजह से बाहर मौजूद कैप्टन अंदर पहुंच नहीं सके।
Germanwings हादसे के बाद विमानन सुरक्षा विशेषज्ञों के सामने यही सवाल था कि कॉकपिट को बाहरी हमले से सुरक्षित रखते हुए अंदर मौजूद संभावित खतरे से कैसे निपटा जाए।
हादसे की जांच में पायलट की मेडिकल स्थिति भी सामने आई
Germanwings दुर्घटना की जांच केवल कॉकपिट दरवाजे तक सीमित नहीं रही। फ्रांस की दुर्घटना जांच एजेंसी BEA ने पायलट की मेडिकल और मानसिक स्थिति से जुड़ी जानकारी का भी अध्ययन किया।
जांच में सामने आया कि एंड्रियास लुबित्ज की मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का इलाज चल रहा था। कुछ डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को लेकर चिंताएं भी दर्ज की थीं। यहीं से विमानन क्षेत्र में एक दूसरी बड़ी बहस शुरू हुई। पायलट की मेडिकल जानकारी निजी होती है, लेकिन अगर कोई गंभीर स्वास्थ्य स्थिति उड़ान सुरक्षा को प्रभावित कर सकती है तो ऐसी जानकारी संबंधित लोगों तक किस तरह पहुंचे? जर्मन विंग्स हादसे के बाद इस सवाल पर यूरोप सहित कई जगहों पर नियमों और प्रक्रियाओं की समीक्षा हुई।
मोजाम्बिक एयरलाइंस हादसे ने भी पहले दिखाई थी ऐसी कमजोरी
जर्मन विंग्स से करीब डेढ़ साल पहले एक और विमान हादसे ने इसी तरह के खतरे की ओर इशारा किया था। 29 नवंबर 2013 को Mozambique Airlines की फ़्लाइट 470 नामीबिया में दुर्घटनाग्रस्त हुई थी।
इस विमान में 33 लोग सवार थे। उड़ान के दौरान सह-पायलट कॉकपिट से बाहर गए थे। जांच के अनुसार, उनके बाहर रहने के दौरान कैप्टन ने कॉकपिट का दरवाजा लॉक कर लिया और विमान को नीचे ले जाने की प्रक्रिया शुरू की। विमान नामीबिया के Bwabwata National Park क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें सवार सभी 33 लोगों की मौत हो गई।
यह हादसा भी इस बात का उदाहरण बना कि कॉकपिट में अकेले मौजूद पायलट के पास विमान पर कितना नियंत्रण होता है और ऐसी स्थिति में दूसरे क्रू सदस्य की मौजूदगी कितनी महत्वपूर्ण हो सकती है।
SilkAir और EgyptAir हादसों ने भी उठाए थे गंभीर सवाल
विमानन इतिहास में इससे पहले भी ऐसे हादसे हुए थे, जिनमें कॉकपिट में मौजूद पायलट के नियंत्रण और विमान के अचानक नीचे जाने को लेकर सवाल उठे।
1997 में SilkAir Flight 185 इंडोनेशिया में दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। इसके बाद विमान के अचानक नीचे जाने और नियंत्रण खोने के कारणों को लेकर अलग-अलग जांच और निष्कर्ष सामने आए।
इसी तरह 1999 में EgyptAir Flight 990 अटलांटिक महासागर में दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। इस मामले में अमेरिकी NTSB और मिस्र की जांच एजेंसी के निष्कर्षों में बड़ा अंतर रहा।
इन हादसों से एक बात सामने निकल कर आई कि, विमान की सुरक्षा व्यवस्था में मानवीय कारक को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
क्या है Two-Person Cockpit Rule?
‘Two-Person Cockpit Rule’ का मूल उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि उड़ान के दौरान कॉकपिट में किसी समय केवल एक व्यक्ति अकेला न रह जाए।
अगर किसी पायलट को किसी कारण से कॉकपिट से बाहर जाना पड़ता है, तो निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दूसरा अधिकृत क्रू सदस्य उसके स्थान पर कॉकपिट में मौजूद रह सकता है। इस तरह अंदर मौजूद अकेले पायलट की गतिविधियों पर एक अतिरिक्त सुरक्षा निगरानी बनी रहती है।
इस व्यवस्था का उद्देश्य सिर्फ जानबूझकर विमान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश को रोकना नहीं है। अगर किसी पायलट की तबीयत अचानक खराब हो जाए, वह बेहोश हो जाए या किसी दूसरी आपात स्थिति में मदद की जरूरत पड़े, तो दूसरा व्यक्ति तुरंत सहायता कर सकता है।
Germanwings हादसे के बाद EASA ने क्या किया?
Germanwings हादसे के कुछ ही दिनों बाद यूरोपीय विमानन सुरक्षा एजेंसी यानी EASA ने कॉकपिट में कम से कम दो क्रू सदस्यों की मौजूदगी की सिफारिश की थी। 27 मार्च 2015 को EASA ने यूरोप की एयरलाइनों से कहा था कि जब कॉकपिट में दो पायलटों में से कोई एक बाहर जाए तो कम से कम दो लोगों की मौजूदगी बनाए रखने की व्यवस्था की जाए। बाद में EASA ने इस मुद्दे को जोखिम आधारित नजरिए से देखने पर जोर दिया। यानी हर एयरलाइन को अपनी सुरक्षा व्यवस्था, जोखिम और ऑपरेशन को ध्यान में रखते हुए उचित उपाय करने की जरूरत बताई गई।
पायलटों की मानसिक सेहत पर भी बढ़ा ध्यान
Germanwings हादसे का एक बड़ा असर पायलटों की मानसिक और मनोवैज्ञानिक सेहत को लेकर देखने को मिला। विमान उड़ाने वाले पायलट से केवल तकनीकी दक्षता की उम्मीद नहीं की जाती। उसकी मेडिकल फिटनेस भी बेहद महत्वपूर्ण होती है। लेकिन मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या की पहचान करना और उसके आधार पर किसी पायलट की उड़ान ड्यूटी तय करना बेहद संवेदनशील विषय है।
हादसे के बाद यूरोपीय विमानन सुरक्षा क्षेत्र में पायलटों की मनोवैज्ञानिक जांच, मेडिकल निगरानी, सपोर्ट सिस्टम और ऐसी परिस्थितियों में जानकारी साझा करने की व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया गया। इसका मकसद पायलटों को कलंकित करना नहीं, बल्कि ऐसी स्थिति पैदा होने से पहले सहायता उपलब्ध कराना था, जिसमें किसी व्यक्ति की समस्या यात्रियों की सुरक्षा के लिए खतरा बन जाए।
कॉकपिट का दरवाजा इतना मजबूत क्यों होता है?
कॉकपिट का मजबूत दरवाजा विमान सुरक्षा की सबसे अहम परतों में से एक है। खासकर 11 सितंबर 2001 के आतंकवादी हमलों के बाद दुनिया भर में कॉकपिट सुरक्षा को और मजबूत किया गया।
इसका मकसद यात्रियों या किसी बाहरी व्यक्ति को जबरन कॉकपिट में प्रवेश करने से रोकना था। दरवाजे को सामान्य परिस्थितियों में बाहर से आसानी से खोलने की अनुमति नहीं होती।
लेकिन जर्मन हादसे ने दिखाया कि सुरक्षा व्यवस्था बनाते समय हर संभावित स्थिति पर विचार करना जरूरी है। बाहर से आने वाले खतरे को रोकने वाला दरवाजा तभी पूरी तरह सुरक्षित माना जा सकता है, जब अंदर की आपात स्थिति के लिए भी पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था मौजूद हो।
2026 में Flydubai की घटना ने फिर खींचा ध्यान
करीब 11 साल बाद 2026 में Flydubai की एक उड़ान से जुड़ी घटना ने कॉकपिट सुरक्षा को फिर चर्चा में ला दिया है। दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में कॉकपिट के अंदर भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार और ओमानी को-पायलट के बीच कथित हाथापाई की घटना सामने आई।
रिपोर्टों के मुताबिक इस दौरान विमान के संचालन पर असर पड़ा और बाद में विमान को सुरक्षित रूप से उतारा गया। घटना की जांच और उससे जुड़े तथ्यों का आधिकारिक रूप से आकलन किया जा रहा है।


