अपनी मौत की भविष्यवाणी कर बैठे पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान! टॉप जजों को लिखी चिट्ठी

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने जेल में बिगड़ती सेहत का हवाला देते हुए देश की शीर्ष अदालतों के मुख्य न्यायाधीशों को खुला पत्र लिखा है।

Sachin Singh
Published on: 16 Nov 2026 5:47 PM IST
अपनी मौत की भविष्यवाणी कर बैठे पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान! टॉप जजों को लिखी चिट्ठी
X

Imran Khan: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने जेल में अपनी बिगड़ती सेहत को लेकर ऐसा दावा किया है, जिसने वहां की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद इमरान खान ने देश की शीर्ष अदालतों के मुख्य न्यायाधीशों को खुला पत्र लिखकर जल्द मेडिकल इलाज और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।

उन्होंने दावा किया कि जेल में उनकी हालत लगातार खराब हो रही है और अगर समय रहते इलाज नहीं मिला तो उनकी जान भी जा सकती है। अपने पत्र में इमरान ने लिखा, '71 साल की उम्र में यह लगातार बनी हुई स्थिति मुझे ऐसी जगह ले जा रही है, जहां से शायद मैं जिंदा वापस न लौट पाऊं।'

192-193 तक पहुंच गया ब्लड प्रेशर, ब्रेन हेमरेज का खतरा

16 नवंबर को लिखे इस पत्र में इमरान खान ने दावा किया कि 10 नवंबर को उनका ब्लड प्रेशर 192 और 193 तक पहुंच गया था। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों ने उन्हें ब्रेन हेमरेज और हार्ट अटैक का खतरा बताया है। इमरान के मुताबिक, इससे पहले भी उनका ब्लड प्रेशर 130, 150 और 170 तक पहुंच चुका है। उन्होंने अपनी बिगड़ती सेहत को जान के लिए खतरा बताते हुए न्यायपालिका से तत्काल दखल देने की मांग की है।

यह चिट्ठी पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट, फेडरल कॉन्स्टिट्यूशनल कोर्ट और इस्लामाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों को संबोधित की गई है। इमरान ने कहा है कि उन्हें कोई विशेष सुविधा नहीं चाहिए, बल्कि अदालत के पहले दिए गए आदेशों का पालन और उचित इलाज चाहिए।

दिन में 22 घंटे तक अकेले रखे जाने का आरोप

इमरान खान ने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उन्हें दिन में करीब 22 घंटे तक एकांत कारावास में रखा जाता है। बाहरी दुनिया से उनका संपर्क लगभग खत्म कर दिया गया है। उन्होंने परिवार, वकीलों, किताबों और टीवी तक नियमित पहुंच नहीं मिलने का भी आरोप लगाया है।

पूर्व प्रधानमंत्री ने दावा किया कि उनकी पत्नी से हर हफ्ते होने वाली मुलाकातें बिना किसी स्पष्ट वजह के रद्द कर दी जाती हैं। उनकी तीन बहनें भी हिरासत में हैं। वहीं, उनके बेटे कासिम और सुलेमान को अदालत के आदेश के बावजूद उनसे फोन पर बात करने की अनुमति नहीं दी गई है। इमरान के मुताबिक, पूरे एक साल में उन्हें अपने वकील से सिर्फ चार बार मिलने दिया गया।

पत्नी बुशरा बीबी की आंखों की रोशनी जाने का डर

इमरान खान ने अपनी पत्नी बुशरा बीबी की सेहत को लेकर भी चिंता जताई है। पत्र में उन्होंने दावा किया कि अप्रैल 2026 में बुशरा बीबी की आंख की रेटिना अलग होने की समस्या सामने आई थी, जिसके बाद उनकी जटिल सर्जरी हुई। इमरान का आरोप है कि इसके बाद उन्हें भी एकांत कारावास में रखा गया और अब उन्हें देखने तथा आंखें खोलने में परेशानी हो रही है।

इमरान ने आशंका जताई कि अगर बुशरा बीबी की दोबारा सर्जरी नहीं हुई तो उनकी आंखों की रोशनी जा सकती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बुशरा के मेडिकल रिकॉर्ड तक उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन नहीं होने का दावा

इमरान खान ने अपने पत्र में सुप्रीम कोर्ट के 18 अगस्त 2026 के आदेश का भी जिक्र किया है। उनके मुताबिक, अदालत ने उन्हें दो दिनों के भीतर शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में शिफ्ट करने का निर्देश दिया था। इसके साथ ही कार्डियोलॉजिस्ट और आंखों के विशेषज्ञ को शामिल करते हुए मेडिकल बोर्ड बनाने, हर हफ्ते परिवार से मुलाकात कराने और बेटों से सप्ताह में दो बार फोन पर बात करने की अनुमति देने का आदेश भी दिया गया था।

इमरान का आरोप है कि यह आदेश अब तक लागू नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि तीन जजों की बेंच ने जेल की रिपोर्ट देखने के बाद उनकी बिगड़ती सेहत को ध्यान में रखते हुए ये निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बावजूद उन्हें जरूरी इलाज नहीं मिल रहा है। यह मामला फिलहाल फेडरल कॉन्स्टिट्यूशनल कोर्ट में लंबित है।

'देर होने से पहले मुझे इंसाफ दीजिए'

इमरान खान ने अदालतों से अपील की है कि उनकी सेहत से जुड़े मामले को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि वह किसी तरह की रियायत नहीं मांग रहे, बल्कि सिर्फ न्याय और उचित इलाज चाहते हैं।

अपने पत्र के आखिर में उन्होंने कहा कि उनकी एकमात्र मांग है कि उन्हें और उनकी पत्नी को सही मेडिकल सुविधा मिले और अदालत उनकी जान की रक्षा करे। इमरान ने जजों से अपील करते हुए लिखा, 'देर होने से पहले मुझे इंसाफ दीजिए।'

फिलहाल इमरान खान के ये आरोप उनकी ओर से लिखे गए पत्र में किए गए दावे हैं। उन्होंने पाकिस्तान की शीर्ष अदालतों से इस मामले में जल्द हस्तक्षेप करने और पहले जारी किए गए आदेशों को लागू कराने की मांग की है।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story