India Scolds Pakistan: 'जो अपनों पर ही बम बरसाता है, वो ज्ञान न दे...', भारत ने दुनिया के सामने पाकिस्तान को धोया

India Scolds Pakistan: यूएनएससी में भारत ने एक बार फिर पाकिस्तान को आतंकवाद समर्थक छवि और दोहरे रवैये को लेकर तगड़ी फटकार लगाई है।

Shishumanjali kharwar
Published on: 21 May 2026 9:03 AM IST (Updated on: 21 May 2026 9:03 AM IST)
India Scolds Pakistan
X

India Scolds Pakistan

India Scolds Pakistan: संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में भारत ने एक बार फिर पाकिस्तान को आतंकवाद समर्थक छवि और दोहरे रवैये को लेकर तगड़ी फटकार लगाई है। भारत के खिलाफ लगातार बयानबाजी कर रहे पाकिस्तान को इस बार संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि हरीश पवर्तनेनी ने करारा जवाब दिया। यूएनएससी में बहस के दौरान जब पाकिस्तान प्रतिनिधि ने जम्मू-कश्मीर का मुद्दा उठा भारत को घेरने की कोशिश की। तभी भारत ने दो टूक शब्दों में कहा कि पाकिस्तान को पहले अपने इतिहास और वर्तमान कारनामों पर निगाह डाल लेनी चाहिए।

दुनिया पाकिस्तान की असलियत से परिचित: भारत

भारत ने कहा कि जिस देश का इतिहास नरसंहार, आतंकवाद और मानवाधिकार उल्लंघनों से भरा पड़ा हो, उसे भारत के आंतरिक मामलों पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। भारतीय प्रतिनिधि ने पाकिस्तान की आलोचना करते हुए कहा कि दुनिया पाकिस्तान की असलियत से भली-भांति परिचित हो चुकी है और उसका प्रोपेगेंडा अब ज्यादा समय तक नहीं चल सकता। भारत ने इस दौरान पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान में किए गए कथित हवाई हमलों का मुद्दा भी उठाया। हरीश पवर्तनेनी ने स्पष्ट कहा कि इसी साल मार्च महीने में जब पूरी दुनिया रमजान के पवित्र महीने में शांति और भाईचारे का संदेश दे रही थी, तब पाकिस्तान ने काबुल स्थित ‘ओमिद नशामुक्ति उपचार अस्पताल’ पर हवाई हमला किया।

संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन अफगानिस्तान की रिपोर्ट का हवाला देते हुए भारत ने पाकिस्तान का घेराव किया। भारत ने कहा कि अफगानिस्तान में हुए इस हमले में 269 निर्दोष नागरिकों की जान चली गयी। वहीं 122 लोग घायल हुए थे। भारत ने सख्त लहजे में आरोप लगाते हुए कहा कि हमला भी उस समय किया गया जब लोग नमाज पढ़कर मस्जिद से बाहर आ रहे थे। भारतीय प्रतिनिधि ने कहा कि पाकिस्तान लगातार अंतरराष्ट्रीय कानून और मानवाधिकारों की बातें कर रहा है, लेकिन उसकी खुद की कार्रवाई इसके विपरीत है। भारतीय प्रतिनिधि ने कहा कि पाकिस्तान अंधेरे में तो मासूम नागरिकों को निशाना बनाता है और वैश्विक मंचों पर नैतिकता का ज्ञान देने का दिखावा करता है।

पाकिस्तानी सेना के अत्याचारों की दिलाई याद

भारत ने 1971 के बांग्लादेश मुक्ति संग्राम के दौरान पाकिस्तान की सेना द्वारा किए गए अत्याचारों की भी याद दिलाई। भारतीय प्रतिनिधि ने कहा कि ‘ऑपरेशन सर्चलाइट’ के दौरान पाकिस्तानी सेना ने अपने ही नागरिकों पर अमानवीय अत्याचार किए थे और लाखों लोगों की हत्या तथा महिलाओं के साथ अत्याचार हुए थे। भारत ने कहा कि ऐसा देश मानवाधिकारों पर भाषण देने की स्थिति में नहीं है।

हरीष पवर्तनेनी ने करारा हमला करते हुए कहा कि पाकिस्तान लंबे समय से अपनी घरेलू नाकामियों और राजनीतिक अस्थिरता से जनता का ध्यान हटाने के लिए सीमा पार आतंकवाद और हिंसा का सहारा लेता आया है। भारतीय प्रतिनिधि ने कहा कि दुनिया अब पाकिस्तान की रणनीति और उसके झूठे प्रचार को समझ चुकी है। उन्होंने दोटूक कहा कि विश्वास, कानून और नैतिकता की कमी वाले देश की बयानबाजी का अब वैश्विक मंचों पर कोई असर नहीं पड़ता।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

Mail ID -Shishulko@gmail.com

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story