TRENDING TAGS :
शादी के 6 महीने बाद पत्नी की हत्या, फिर प्रेमिका को भेजी लाश की तस्वीर... ऐसे खुला मर्डर का राज
Indian Engineer Arrested USA: अमेरिका में भारतीय इंजीनियर पर पत्नी की हत्या का आरोप। जांच में प्रेमिका को शव की तस्वीर भेजने, डिजिटल सबूत और कथित साजिश का सनसनीखेज खुलासा हुआ।
Indian Engineer Arrested USA: अमेरिका के वॉशिंगटन राज्य में रहने वाले भारत के तेलंगाना निवासी एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर पर अपनी पत्नी की हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार, 30 वर्षीय अविनाश नार्ने ने कथित तौर पर अपनी 27 वर्षीय पत्नी राजिता सबिनेनी की गला घोंटकर हत्या की। इतना ही नहीं, जांच में यह भी सामने आया कि पत्नी की मौत के अगले दिन उसने कथित तौर पर शव की तस्वीर अपनी प्रेमिका को भेजी थी। करीब नौ महीने तक चली जांच के बाद पुलिस ने अविनाश को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ पहले से योजना बनाकर हत्या करने का मामला दर्ज किया गया है। दोषी साबित होने पर उसे आजीवन कारावास की सजा हो सकती है।
बाथरूम में मिला था पत्नी का शव
यह घटना अक्टूबर 2025 की है। पुलिस को एक फोन कॉल मिली, जिसमें अविनाश ने बताया कि उसकी पत्नी बाथरूम में बंद है और काफी देर से कोई जवाब नहीं दे रही है। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो बाथरूम का दरवाजा तोड़कर अंदर गई। वहां राजिता का शव फर्श पर पड़ा मिला। शुरुआत में मामला सामान्य मौत जैसा लग रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरी कहानी बदल दी। मेडिकल जांच में पता चला कि राजिता की मौत दम घुटने से हुई थी और उसका कारण गला दबाना था। इसके बाद पुलिस ने इसे हत्या का मामला मानकर विस्तृत जांच शुरू की।
डिजिटल सबूतों ने खोली सच्चाई
पूछताछ के दौरान अविनाश ने दावा किया कि घटना के समय वह कुछ देर के लिए घर से बाहर गया था। उसने कहा कि लौटने पर पत्नी ने दरवाजा नहीं खोला, इसलिए उसने पुलिस को सूचना दी। लेकिन जांच के दौरान पुलिस ने अपार्टमेंट के स्मार्ट लॉक और सुरक्षा प्रणाली का डेटा खंगाला। रिकॉर्ड से पता चला कि जिस समय अविनाश बाहर होने का दावा कर रहा था, उस दौरान घर में कोई दूसरा व्यक्ति दाखिल नहीं हुआ था। इन डिजिटल सबूतों के आधार पर पुलिस ने किसी बाहरी व्यक्ति के शामिल होने की संभावना को खारिज कर दिया और जांच का फोकस पति पर ही केंद्रित हो गया।
जांच में सामने आया प्रेम संबंध
पुलिस जांच के दौरान अविनाश के मोबाइल, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल जानकारी की भी जांच की गई। इसी दौरान अधिकारियों को पता चला कि शादी से पहले उसका भारत में एक महिला के साथ प्रेम संबंध था। जांच में यह भी सामने आया कि शादी के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा। रिपोर्ट के मुताबिक, वह महिला शादी समारोह में भी शामिल हुई थी और विवाह के बाद भी दोनों लगातार बातचीत करते रहे। पुलिस का दावा है कि घटना वाले दिन भी अविनाश ने उस महिला से कई बार बात की थी।
शव की तस्वीर भेजने का आरोप
जांच के दौरान पुलिस को एक और महत्वपूर्ण जानकारी मिली। आरोप है कि पत्नी की मौत के अगले दिन अविनाश ने अपनी प्रेमिका को राजिता के शव की तस्वीर भेजी थी। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पूछताछ में उसने तस्वीर भेजने की बात स्वीकार की। इस खुलासे के बाद पुलिस को शक और गहरा हो गया कि हत्या पहले से योजना बनाकर की गई थी।
पत्नी ने पहले भी जताई थी चिंता
जांच एजेंसियों के अनुसार, राजिता और अविनाश के बीच मौत से पहले कई संदेशों का आदान-प्रदान हुआ था। इनमें राजिता ने कई बार शिकायत की थी कि पति द्वारा दिए गए पेय पदार्थों का स्वाद सामान्य नहीं लग रहा था। बताया गया कि घटना वाले दिन भी उसने एक स्मूदी का स्वाद दवा और खांसी की सिरप जैसा बताया था। वहीं, पुलिस के पहुंचने पर अविनाश ने कहा था कि पत्नी की तबीयत ठीक नहीं थी और संभव है कि दवा लेने के बाद वह बेहोश हो गई हो।हालांकि, जांच में मिले अन्य सबूतों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पुलिस ने इस दावे को स्वीकार नहीं किया।
आठ महीने की जांच के बाद गिरफ्तारी
राजिता की मौत के बाद पुलिस ने कई महीनों तक तकनीकी और फॉरेंसिक जांच की। अधिकारियों ने डिजिटल रिकॉर्ड, कॉल डिटेल, सुरक्षा कैमरों की जानकारी और अन्य सबूतों का गहन विश्लेषण किया। जांच पूरी होने के बाद अविनाश नार्ने को फर्स्ट-डिग्री मर्डर के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। अदालत ने उसकी जमानत 5 मिलियन अमेरिकी डॉलर तय की है। फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में है। यदि अदालत में उसके खिलाफ लगाए गए आरोप साबित हो जाते हैं, तो वॉशिंगटन राज्य के कानून के तहत उसे उम्रकैद की सजा का सामना करना पड़ सकता है। यह मामला अब अमेरिकी अदालत में विचाराधीन है और आगे की सुनवाई में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।


