TRENDING TAGS :
इंडोनेशिया में धरती के कांपने से तबाही! 38 शव बरामद, 7.7 तीव्रता के भूकंप के बाद सुनामी अलर्ट
Indonesia Earthquake: इंडोनेशिया के तट के पास शनिवार तड़के 7.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। मौमेरे और आसपास 38 शव मिले हैं, छह घायल हैं और सुनामी की चेतावनी जारी की गई है।
Image Source- Social Media
Indonesia Earthquake: इंडोनेशिया के तट के पास शनिवार तड़के 7.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। भूकंप समुद्र के अंदर आया, जिसके बाद सुनामी (Tsunami) की आशंका जताते हुए चेतावनी जारी कर दी गई। मुख्य भूकंप के बाद कई आफ्टरशॉक्स (Aftershocks) भी महसूस किए गए हैं।
मौमेरे में 38 शव मिले
शहर की बचाव एजेंसी के प्रमुख फथुर रहमान ने बताया कि मौमेरे बंदरगाह शहर और उसके आसपास बचाव कर्मियों को अब तक 38 शव मिले हैं। इसके अलावा छह घायलों को भी मलबे से बाहर निकाला गया है। सभी घायलों का इलाज जारी है। वहीं दो लोग मलबे में दबे हुए मिले हैं।
समुद्र के अंदर था भूकंप का केंद्र
यूरोपियन-मेडिटेरेनियन सिस्मोलॉजिकल सेंटर यानी ईएमएससी (EMSC) के मुताबिक भूकंप का केंद्र समुद्र के अंदर था। इसकी गहराई करीब 35 किलोमीटर बताई गई है। ईएमएससी के अनुसार स्थानीय समय के हिसाब से भूकंप सुबह करीब 4 बजकर 58 मिनट पर रिकॉर्ड किया गया।
मुख्य झटके के बाद आए कई आफ्टरशॉक
मुख्य भूकंप के बाद कम से कम तीन आफ्टरशॉक यानी बाद के झटके भी दर्ज किए गए हैं। लगातार आ रहे इन झटकों से साफ है कि धरती के अंदर हलचल अभी पूरी तरह थमी नहीं है। ऐसे में आने वाले समय में और झटके महसूस किए जाने की आशंका बनी हुई है।
इंडोनेशिया में सुनामी की चेतावनी जारी
समुद्र के अंदर आए इस शक्तिशाली भूकंप के बाद इंडोनेशिया की मौसम और भूभौतिकी एजेंसी बीएमकेजी (BMKG) ने देश के कुछ इलाकों के लिए तुरंत सुनामी की चेतावनी जारी कर दी। एजेंसी की टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। इसके साथ ही यह आकलन भी किया जा रहा है कि भूकंप और उसके बाद आए झटकों का असर किन इलाकों पर सबसे ज्यादा पड़ सकता है।
ऑस्ट्रेलिया के लिए सुनामी का खतरा नहीं
वहीं ऑस्ट्रेलिया की सुनामी चेतावनी एजेंसी (Tsunami Warning Agency) ने साफ किया है कि इस भूकंप से ऑस्ट्रेलिया की मुख्य भूमि, वहां के द्वीपों या अन्य क्षेत्रों के लिए कोई सुनामी खतरा नहीं है। यानी ऑस्ट्रेलिया में फिलहाल राहत की स्थिति बनी हुई है।
जमीन पर नुकसान का आकलन जारी
भूकंप समुद्र के अंदर आया था, इसलिए इंडोनेशिया में जमीन पर इसका वास्तविक असर कितना हुआ है, यह अभी पूरी तरह साफ नहीं हो पाया है। हालांकि मौमेरे और उसके आसपास 38 शव मिलने की जानकारी सामने आई है और छह घायलों को बचाया गया है। दो लोग मलबे में दबे हुए मिले हैं। अधिकारी स्थिति पर बारीकी से नजर बनाए हुए हैं और आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
'रिंग ऑफ फायर' पर स्थित है इंडोनेशिया
इंडोनेशिया (Indonesia) भूकंप और ज्वालामुखी गतिविधियों (Volcanic Activity) के लिहाज से बेहद संवेदनशील देश है। इसकी बड़ी वजह यह है कि इंडोनेशिया प्रशांत महासागर के आसपास मौजूद ज्वालामुखियों और फॉल्ट लाइनों की एक चाप यानी 'रिंग ऑफ फायर' (Ring of Fire) पर स्थित है। इसी वजह से यहां भूकंप और ज्वालामुखी गतिविधियां लगातार चिंता का विषय बनी रहती हैं।


