TRENDING TAGS :
अमेरिकियों को चुन-चुनकर मारने में लगा ईरान! हिट लिस्ट में तीन बड़े अमेरिकी नेता, साजिश में पाकिस्तान का भी नाम
निक्की हेली ने आरोप लगाया है कि ईरान ने अमेरिकी जमीन पर उनकी हत्या कराने की साजिश रची थी।
Iran-US Conflict: अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच अमेरिकी नेता निक्की हेली ने तेहरान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की पूर्व राजदूत हेली का दावा है कि ईरान ने अमेरिकी जमीन पर ही उनकी हत्या कराने की साजिश रची थी। इस कथित साजिश में ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) से जुड़े एक पाकिस्तानी कारोबारी का नाम सामने आया है। हेली ने यह भी कहा कि ईरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भी कई बार निशाना बनाने की कोशिश कर चुका है।
हेली ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में इस मामले का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कुछ महीने पहले एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। आरोप था कि उसने एक मुखबिर को पैसे देकर उनकी हत्या कराने की व्यवस्था करने की कोशिश की थी। हेली के मुताबिक, इस साजिश के पीछे ईरानी शासन और IRGC का हाथ था।
पाकिस्तानी कारोबारी पर हत्या की सुपारी देने का आरोप
हेली जिस मामले का जिक्र कर रही हैं, वह पाकिस्तानी नागरिक आसिफ मर्चेंट से जुड़ा है। मार्च 2026 में अमेरिकी संघीय जूरी ने मर्चेंट को हत्या के लिए सुपारी देने और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से जुड़े आतंकवादी कृत्य की कोशिश के आरोपों में दोषी ठहराया था।
अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, मर्चेंट ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के लिए काम करता था। वह अप्रैल 2024 में अमेरिका पहुंचा था। आरोप था कि उसका मकसद राजनीतिक हत्याओं की व्यवस्था करना और कुछ दस्तावेज चुराना था।
जून 2024 में मर्चेंट ने न्यूयॉर्क में कुछ ऐसे लोगों से मुलाकात की, जिन्हें वह अपनी योजना को अंजाम देने में मददगार समझ रहा था। लेकिन वे लोग असल में अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के अंडरकवर अधिकारी थे। अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, मर्चेंट ने कथित हत्या की योजना के लिए उन्हें 5,000 डॉलर एडवांस भी दिए थे।
ट्रंप, बाइडेन और निक्की हेली थे संभावित निशाने
मुकदमे के दौरान मर्चेंट ने गवाही दी थी कि ईरान में उसके एक हैंडलर ने तीन संभावित निशानों के नाम बताए थे। इनमें मौजूदा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन और निक्की हेली शामिल थे।
हालांकि, मर्चेंट ने अदालत में दावा किया कि वह अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर डरा हुआ था और दबाव में इस पूरे ऑपरेशन में शामिल हुआ। उसका कहना था कि उसे उम्मीद थी कि किसी की हत्या होने से पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वहीं, ईरान की सरकार ने अमेरिकी अधिकारियों की हत्या की साजिश रचने से जुड़े आरोपों को खारिज किया है। ऐसे में इस मामले में अमेरिकी जांच एजेंसियों और अदालत में सामने आए तथ्यों के साथ ईरान के इनकार को भी ध्यान में रखना जरूरी है।
ईरान पर हमले फिलहाल टाल रहे ट्रंप
निक्की हेली का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य तनाव बना हुआ है। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिलहाल ईरान पर नए हमले टालने के संकेत दिए हैं।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने सोमवार को कहा कि क्षेत्र के कई देशों ने उनसे सैन्य कार्रवाई रोकने की अपील की है। इनमें कतर, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन और कुवैत शामिल हैं। इन देशों की अपील के बाद उन्होंने फिलहाल अतिरिक्त हमलों को टालने की बात कही।
ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य में अपनी नौसैनिक नाकेबंदी जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सेना पूरी तरह तैयार है, लेकिन उन्हें फिलहाल सैन्य ताकत इस्तेमाल करने की जरूरत पड़ने की उम्मीद नहीं है।
यह बयान कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल-थानी के साथ बैठक के बाद आया। कतर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम कराने के लिए कूटनीतिक प्रयासों में शामिल है।
अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में कहां फंसा पेंच?
तनाव कम करने की कोशिशों के बावजूद दोनों देशों के बीच सहमति बनती नहीं दिख रही है। ईरान ने संघर्ष खत्म करने के लिए अमेरिका से अपने बंदरगाहों की नाकेबंदी हटाने, कुछ प्रतिबंधों में ढील देने और बमबारी रोकने की मांग की है।
वहीं, वॉशिंगटन ने तेहरान की इन शर्तों को स्वीकार नहीं किया है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने ईरान की मांगों को अव्यावहारिक और अनुचित बताया है।
इस बीच क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां भी जारी हैं। रिपोर्टों में ईरान के किश्म द्वीप पर अमेरिकी हमलों और खाड़ी क्षेत्र के साथ होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यापारिक जहाजों पर हमलों की खबरें सामने आई हैं।


