TRENDING TAGS :
सीजफायर के बीच इजरायल का बड़ा हमला, हमास की रफाह ब्रिगेड का कमांडर समीर अबू यूनिस ढेर
गाजा में सीजफायर के बीच इजरायल ने खान यूनिस के मवासी इलाके में एयरस्ट्राइक कर हमास की रफाह ब्रिगेड के कमांडर समीर अबू यूनिस को मार गिराया। जानिए हमले की पूरी कहानी और ताजा अपडेट।
Israel Airstrike Khan Younis killed in Gaza
Israel Hamas War: गाजा में सीजफायर के बावजूद इजरायल और हमास के बीच टकराव थमने का नाम नहीं ले रहा है। इजराइली सेना (IDF) ने दक्षिणी गाजा के खान यूनिस में बड़ा टार्गेटेड एयरस्ट्राइक कर हमास को एक और बड़ा झटका दिया है। इस हमले में हमास की सशस्त्र शाखा अल-कस्साम ब्रिगेड के वरिष्ठ कमांडर समीर अबू यूनिस की मौत हो गई है। वह हमास की रणनीतिक रूप से अहम रफाह ब्रिगेड का कमांडर था।
15 नवंबर को सामने आई रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इजराइली सेना ने रविवार को हमास के एक वरिष्ठ सैन्य कमांडर को निशाना बनाने की पुष्टि की। इसके बाद हमास के सूत्रों ने भी समीर अबू यूनिस की मौत की पुष्टि की। बाद में अल-कस्साम ब्रिगेड ने भी बयान जारी कर उसकी पहचान और मौत की जानकारी दी। हमास के मुताबिक, 53 वर्षीय अबू यूनिस ने 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल पर हुए हमले की योजना बनाने और उसे अंजाम देने में भूमिका निभाई थी।
मवासी इलाके में सड़क पर किया गया सटीक हवाई हमला
रिपोर्ट के अनुसार, इजरायली सेना ने शनिवार को दक्षिणी गाजा के खान यूनिस स्थित मवासी इलाके में अबू यूनिस को निशाना बनाया। वह उस समय सड़क पर मौजूद था, जब उसके खिलाफ सटीक हवाई हमला किया गया। इस हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आसपास मौजूद कई अन्य लोग घायल हो गए।
अबू यूनिस लंबे समय से हमास की सैन्य गतिविधियों से जुड़ा हुआ था। हमास के मुताबिक, वह 1991 में अल-कस्साम ब्रिगेड में शामिल हुआ था। रफाह क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सैन्य जिम्मेदारियां संभालने के बाद उसे रफाह ब्रिगेड की कमान सौंपी गई थी। उसकी मौत को हमास के दक्षिणी गाजा स्थित सैन्य नेतृत्व के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
इजरायल ने नहीं बताई कमांडर की पहचान
इस पूरे घटनाक्रम में एक अहम बात यह है कि इजरायली सेना ने अपने शुरुआती बयान में केवल हमास के वरिष्ठ सैन्य कमांडर को निशाना बनाने की जानकारी दी थी। IDF ने तत्काल उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की। हालांकि, हमास के सूत्रों ने रॉयटर्स को उसकी मौत की पुष्टि की और बाद में अल-कस्साम ब्रिगेड ने भी समीर अबू यूनिस का नाम जारी किया।
हमास ने रविवार दोपहर खान यूनिस में उसका जनाजा निकालने की जानकारी भी दी।
सीजफायर के बाद भी गाजा में जारी है इजरायल की सैन्य कार्रवाई
अक्टूबर 2025 में लागू हुए संघर्षविराम समझौते के बाद गाजा में बड़े पैमाने पर जारी युद्ध की तीव्रता जरूर कम हुई, लेकिन इजरायल के सैन्य अभियान पूरी तरह बंद नहीं हुए। इजरायल लगातार हमास के सैन्य नेटवर्क और उसके कमांडरों को निशाना बना रहा है। दूसरी तरफ, हमास के निरस्त्रीकरण और गाजा के भविष्य को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच विवाद बना हुआ है।
गौरतलब है कि 12 नवंबर को भी इजरायल ने खान यूनिस के नासिर अस्पताल परिसर को निशाना बनाया था। इस हमले में छह लोगों की मौत हुई और कम से कम 20 लोग घायल हुए। इजरायली सेना और शिन बेट ने बताया था कि हमले का लक्ष्य हमास की खान यूनिस ब्रिगेड का कमांडर मुहम्मद अबू इस्माइल था। हालांकि, उस समय उसकी मौत की पुष्टि नहीं हुई थी।
सीजफायर के बाद 1,600 से ज्यादा फिलिस्तीनियों की मौत
रॉयटर्स के मुताबिक, गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि अक्टूबर 2025 में सीजफायर लागू होने के बाद से अब तक इजरायली हमलों और सैन्य अभियानों में कम से कम 1,600 फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है। इसी अवधि में इजरायल के पांच सैनिक भी मारे गए हैं।
ऐसे में समीर अबू यूनिस की मौत ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या गाजा में लागू सीजफायर वास्तव में स्थायी शांति की दिशा में आगे बढ़ रहा है या फिर इसके बावजूद इजरायल और हमास के बीच सैन्य टकराव का सिलसिला जारी रहेगा?


