TRENDING TAGS :
मोदी के लिए सीना तानकर खड़ा हुआ मेलोनी का देश! 'वोट चोर' नारों पर बोला- यूरोपियन होते कौन हैं भारत को लेक्चर देने वाले?
इटली के संसदीय नेता जूलियो टेर्जी ने भारत के लोकतंत्र का समर्थन करते हुए जियाकोमो फिलिबेक के बयान की आलोचना की।
PM Narendra Modi: भारत की राजनीति और लोकतंत्र को लेकर कांग्रेस के एक कार्यक्रम में दिए गए बयान पर अब इटली के नेताओं के बीच भी जुबानी जंग छिड़ गई है। इटली के संसदीय नेता जूलियो टेर्जी ने भारत के लोकतंत्र का समर्थन करते हुए यूरोपियन सोशलिस्ट पार्टी के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक की आलोचना की है। बता दें कि जॉर्जिया मेलोनी इटली की प्रधानमंत्री हैं।
फिलिबेक ने हैदराबाद में कांग्रेस की ओर से आयोजित भारत समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी को निशाने पर लेते हुए ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा लगाया था। टेर्जी का कहना है कि दूसरे देशों के नेताओं को भारत के घरेलू राजनीतिक मामलों का सम्मान करना चाहिए और संसदीय कूटनीति में आपसी सम्मान बनाए रखना चाहिए।
‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे पर शुरू हुआ विवाद
दरअसल, शनिवार को हैदराबाद में कांग्रेस की ओर से भारत समिट का आयोजन किया गया था। इसमें शामिल होने पहुंचे जियाकोमो फिलिबेक ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की उस मुहिम का समर्थन किया, जिसमें मतदाता सूची को साफ और पारदर्शी बनाने की मांग की जा रही है। इसी दौरान उन्होंने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा भी दोहराया। इस नारे का मतलब है कि जिन लोगों ने वोट चुराए हैं, उन्हें सत्ता छोड़ देनी चाहिए।
फिलिबेक ने कांग्रेस के एंटी-SIR अभियान और दो हफ्ते पहले रामलीला मैदान में निकाले गए मार्च का जिक्र करते हुए कहा कि लोकतंत्र अपने आप सुरक्षित नहीं रहता, बल्कि इसकी रक्षा के लिए लोगों को आगे आना पड़ता है। उनके इस बयान पर बीजेपी ने आपत्ति जताई और शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि फिलिबेक ने भारत के लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक बयानबाजी की है।
इटली की नेता डेबोरा बर्गामिनी ने भी जताई नाराजगी
इस विवाद में इटली की सत्तारूढ़ गठबंधन का हिस्सा फोर्जा इटालिया पार्टी की नेता डेबोरा बर्गामिनी भी कूद पड़ीं। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए फिलिबेक के बयान पर सवाल उठाए। बर्गामिनी ने कहा कि लोकतंत्र में किसी को भी आरोप लगाने की आजादी है, लेकिन आरोपों को साबित करने की जिम्मेदारी भी उसी की होती है।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत इटली का मित्र देश है और दोनों देशों के बीच खास रणनीतिक साझेदारी के साथ कई क्षेत्रों में सहयोग है। ऐसे में किसी विदेशी प्रतिनिधि का भारत की घरेलू राजनीतिक बहस में दखल देना सही नहीं है। बर्गामिनी ने यूरोपीय नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें भारत को लोकतंत्र का पाठ नहीं पढ़ाना चाहिए। उन्होंने इस बात का भी जिक्र किया कि भारत में करीब 97 करोड़ नागरिक मतदान करते हैं।
जूलियो टेर्जी ने भी किया समर्थन
बर्गामिनी के बयान का समर्थन करते हुए इटली के संसदीय नेता जूलियो टेर्जी ने भी फिलिबेक की टिप्पणी पर नाराजगी जताई। टेर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि इस तरह की घटनाएं खुले, सभ्य और रचनात्मक संवाद को बढ़ावा नहीं देतीं। उन्होंने कहा कि संसदीय कूटनीति में आपसी सम्मान बेहद जरूरी है और इसका हमेशा ध्यान रखा जाना चाहिए।
टेर्जी ने साफ संदेश दिया कि भारत के राजनीतिक और घरेलू मामलों पर विदेशी नेताओं को टिप्पणी करते समय मर्यादा और सम्मान बनाए रखना चाहिए। इस तरह भारत के चुनावी मुद्दे पर कांग्रेस के कार्यक्रम में दिया गया बयान अब इटली की राजनीति में भी चर्चा का विषय बन गया है।
क्या है कांग्रेस का ‘वोट चोरी’ अभियान?
कांग्रेस और दूसरे विपक्षी दलों का आरोप है कि देश की मतदाता सूचियों में गड़बड़ियां हुई हैं और इसमें बीजेपी तथा चुनाव आयोग की भूमिका है। विपक्ष इसी मुद्दे को लेकर ‘वोट चोरी’ अभियान चला रहा है। हालांकि बीजेपी और चुनाव आयोग दोनों ही इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए खारिज कर चुके हैं।


