TRENDING TAGS :
Bear Attack: भालू के हमले से जापान में हड़कंप, सुरक्षा कारणों से 94 स्कूल बंद
Bear Attack: जापान के उत्सुनोमिया शहर में भालू के दिखाई देने से हड़कंप मच गया। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने 94 स्कूल बंद कर दिए और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
Bear Attack
Bear Attack: टोक्यो से लगभग 100 किलोमीटर उत्तर में स्थित है उत्सुनोमिया। लगभग पांच लाख आबादी वाले इस शहर में एक भालू ने हड़कंप मचा रखा है। नतीजतन, प्रशासन ने एहतियात के तौर पर 94 प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों को बंद करने का निर्देश जारी किया। यह कदम तब उठाया जब शनिवार को शहर के एक पार्क के पास लगभग एक मीटर लंबे मध्यम आकार के काले भालू को देखा गया।
रविवार तड़के शहर के केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी भालू दिखाई दिया। फुटेज में वह दो युवकों के ठीक सामने दौड़ता नजर आया, जिससे वे घबरा गए। रविवार दिनभर भालू को रिहायशी इलाकों में देखा गया और सोमवार सुबह करीब 4 बजे वह शहर के केंद्र से लगभग 2 किलोमीटर दूर एक औद्योगिक क्षेत्र में भी दिखाई दिया।
प्रशासन की अपील और सुरक्षा इंतजाम
जापानी समाचार एजेंसी क्योडो के अनुसार, शहर प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों के दरवाजे और खिड़कियां बंद रखें, भालू दिखाई देने पर उसके पास न जाएं और निकटतम सुरक्षित भवन में शरण लें। स्थानीय निवासियों को सतर्क करने के लिए सार्वजनिक उद्घोषणा वाहनों को भी तैनात किया गया है। पुलिस और स्थानीय शिकार संघ ने सोमवार सुबह भालू की तलाश फिर से शुरू कर दी।
भालुओं के दिखने की रिकॉर्ड 50,000 घटनाएं
इस वर्ष जापान में भालुओं के दिखने की रिकॉर्ड 50,000 घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें अधिकांश देश के उत्तर-पूर्वी हिस्से में हुई हैं। आमतौर पर भालू टोक्यो के इतने करीब नहीं देखे जाते। हालांकि, पिछले महीने ओकूतामा में एक रूसी पर्वतारोही भालू के हमले में घायल हो गया था। इसके कुछ समय बाद एक अन्य भालू हाचिओजी शहर में भी दिखाई दिया। पिछले सप्ताह फुकुशिमा में एक भालू ने चार लोगों पर हमला किया था। बाद में वह एक कंपनी के कार्यालय में घुस गया, जहां उसने एक कर्मचारी को घायल कर दिया था।
जापान में बढ़ते भालू हमलों की चिंता
हाल के वर्षों में जापान में भालुओं के हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं। मार्च तक के एक वर्ष में भालू हमलों से होने वाली मौतों और चोटों की संख्या रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। इस समस्या से निपटने के लिए स्थानीय सरकारें विभिन्न उपायों पर काम कर रही हैं, जिनमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से जुड़े सीसीटीवी कैमरों के जरिए भालुओं की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
सटीक संख्या उपलब्ध नहीं है, लेकिन जापान के मुख्य द्वीप होंशू पर एशियाई काले भालुओं की आबादी 12,000 से 42,000 के बीच होने का अनुमान है। माना जाता है कि भालुओं की संख्या और उनके दिखने की घटनाएं दोनों बढ़ी हैं। ये भालू 1.5 मीटर तक लंबे और 120 किलोग्राम तक वजनी हो सकते हैं।
भालुओं की दहशत
वहीं बड़े भूरे भालू केवल उत्तरी द्वीप होकूआइदो में पाए जाते हैं। नर भूरे भालुओं की औसत लंबाई लगभग 2 मीटर होती है और उनका वजन 400 किलोग्राम तक हो सकता है। उनकी अनुमानित संख्या लगभग 12,000 है।
विशेषज्ञों के हवाले से एनएचके-जापान की रिपोर्ट बताती है कि, बलूत (एकॉर्न) जैसे भालुओं के प्रमुख खाद्य स्रोतों की पैदावार में उतार-चढ़ाव होने पर वे भोजन की तलाश में कस्बों और गांवों की ओर आ जाते हैं। इसके अलावा ग्रामीण इलाकों की आबादी, खासकर युवाओं की संख्या में कमी आने से कई रिहायशी क्षेत्र अधिक शांत हो गए हैं, जिससे भालुओं के वहां प्रवेश करने और इंसानों से आमना-सामना होने की घटनाएं बढ़ रही हैं।


