बस इश्क थी, चीनी जासूस नहीं! अमेरिकी एजेंसियों को नहीं मिला कोई सबूत, Nvidia के जेनसन हुआंग बने बलि का बकरा?

Nvidia के CEO जेनसन हुआंग ने कंपनी में करीब 33 साल बिताने के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

Sachin Singh
Published on: 13 Nov 2026 6:43 PM IST (Updated on: 13 Nov 2026 6:43 PM IST)
बस इश्क थी, चीनी जासूस नहीं! अमेरिकी एजेंसियों को नहीं मिला कोई सबूत, Nvidia के जेनसन हुआंग बने बलि का बकरा?
X

Nvidia: दुनिया की बड़ी टेक कंपनियों में शामिल Nvidia के पूर्व CEO जेनसन हुआंग के इस्तीफे के बाद अब चीनी जासूसी से जुड़ा मामला एक नया मोड़ लेता दिख रहा है। हुआंग का नाम चीन की कारोबारी महिला एलिस हुआंग के साथ अफेयर को लेकर चर्चा में आया था। इसके बाद तीन लड़कियों के साथ उनके अफेयर का खुलासा हुआ। फिर उन्होंने इस बात को भी स्वीकारी कि उन्होंने अपनी पत्नि को धोखा दिया है।

आरोप लगाए गए थे कि एलिस के चीन की खुफिया एजेंसियों से संबंध हो सकते हैं और वह Nvidia से जुड़ी संवेदनशील जानकारी तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रही थीं। लेकिन अब अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के बीच ही इस बात को लेकर सहमति नहीं है कि एलिस वाकई चीन के लिए जासूसी कर रही थीं या नहीं। CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक जुटाई गई खुफिया जानकारी से यह साबित नहीं हुआ है कि एलिस ने बीजिंग के लिए जासूस के तौर पर काम किया।

क्या एलिस हुआंग चीन के लिए जासूसी कर रही थीं?

CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी अधिकारियों के बीच इस बात को लेकर मतभेद हैं कि चीन की खुफिया एजेंसी मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी (MSS) ने एलिस हुआंग को जेनसन हुआंग से जानकारी जुटाने के लिए भर्ती किया था या नहीं। कुछ अधिकारियों का मानना है कि एलिस के संबंधों को चीनी जासूसी से जोड़कर देखना जल्दबाजी होगी। वहीं, कुछ दूसरे अधिकारियों को शक है कि चीन की खुफिया एजेंसियां इस पूरे मामले में शामिल हो सकती हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, FBI कम से कम एक साल से इस मामले की जांच कर रही है। अमेरिकी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लांश ने भी गुरुवार को कहा कि एलिस की पहचान और चीन की खुफिया एजेंसियों से उनके संभावित संबंधों को लेकर अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकला है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जब पूछा गया कि क्या एलिस को चीनी जासूस साबित कर दिया गया है, तो उन्होंने भी साफ जवाब नहीं दिया। ट्रंप ने कहा कि सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या वह महिला जासूस थी, और उन्हें नहीं पता कि यह बात साबित हुई है या नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर वह वास्तव में जासूस थी, तो जेनसन का CEO पद छोड़ना सही फैसला हो सकता है।

एलिस हुआंग और Nvidia के बीच क्या था कनेक्शन?

एलिस हुआंग सिंगापुर की कंपनी Megaspeed से जुड़ी रही हैं। यह कंपनी Nvidia की चिप्स खरीदने वाली बड़ी कंपनियों में शामिल बताई जाती है। अमेरिकी जांच एजेंसियों को शक था कि कुछ विदेशी कंपनियों के जरिए Nvidia की एडवांस AI चिप्स उन देशों तक पहुंचाई जा रही हैं, जहां इनके निर्यात पर प्रतिबंध हैं। इसी सिलसिले में अमेरिकी न्याय विभाग और वाणिज्य विभाग ने 2024 में Megaspeed की जांच शुरू की थी।

जांच का एक अहम पहलू यह भी रहा कि जब कंपनी की गतिविधियों की पड़ताल चल रही थी, तब उसे अमेरिकी सरकार की Entity List में क्यों नहीं डाला गया। इस सूची में उन कंपनियों को रखा जाता है, जिनके साथ राष्ट्रीय सुरक्षा या विदेश नीति से जुड़े कारणों के चलते कारोबार पर पाबंदियां लगाई जाती हैं।

हालांकि, अभी तक ऐसा कोई पुख्ता सबूत सार्वजनिक नहीं हुआ है जिससे यह साबित हो कि एलिस ने जानबूझकर चीन को अमेरिकी तकनीक या Nvidia की गोपनीय जानकारी पहुंचाई।

चीन के राष्ट्रीय सुरक्षा कानूनों का भी आया जिक्र

इस पूरे मामले में चीन के राष्ट्रीय सुरक्षा कानूनों का भी जिक्र हो रहा है। अमेरिकी अधिकारियों का मानना है कि चीन में नागरिकों और कंपनियों को खुफिया जानकारी जुटाने में मदद करने के लिए मजबूर किया जा सकता है। इसी आधार पर कुछ अधिकारियों को आशंका है कि एलिस के पास जेनसन हुआंग तक पहुंच होना अमेरिका के लिए सुरक्षा जोखिम बन सकता था।

लेकिन दूसरी तरफ, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के कुछ अधिकारियों का कहना है कि अब तक मिले सबूत यह साबित नहीं करते कि एलिस ने जानबूझकर चीन को जानकारी दी। कुछ विशेषज्ञों और अधिकारियों का यह भी मानना है कि इस मामले में पूरा ध्यान एलिस के कथित जासूसी कनेक्शन पर चला गया है, जबकि बड़ा सवाल यह भी है कि अमेरिकी कंपनियों की एडवांस चिप्स चीन तक पहुंचने से रोकने में सरकारी व्यवस्था कहां चूक गई।

33 साल बाद जेनसन हुआंग ने छोड़ा Nvidia का CEO पद

इस विवाद के बीच जेनसन हुआंग ने Nvidia के CEO पद से इस्तीफा दे दिया है। कंपनी के बोर्ड ने गुरुवार को उनके इस्तीफे की घोषणा की। हुआंग ने करीब 33 साल तक कंपनी का नेतृत्व किया। उनके पद छोड़ने के बाद Nvidia की चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) कोलेट क्रेस को अंतरिम CEO की जिम्मेदारी दी गई है।

हुआंग का इस्तीफा ऐसे समय आया है, जब उनके कथित अफेयर और विदेशी खुफिया एजेंसी से जुड़े आरोपों को लेकर कंपनी में जांच चल रही थी। Nvidia के बोर्ड ने पहले ही इस मामले की स्वतंत्र जांच शुरू करने की बात कही थी। इसके अलावा, जेनसन हुआंग के एक अन्य महिला कर्मचारी के साथ कथित संबंधों की खबरें भी सामने आई थीं। हालांकि, कंपनी ने इस्तीफे की घोषणा में इन सभी आरोपों को इसकी वजह बताकर कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी।

अब भी कई सवालों के जवाब बाकी

फिलहाल इस पूरे विवाद में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या एलिस हुआंग का चीन की खुफिया एजेंसियों से कोई संबंध था और क्या Nvidia की तकनीक या कारोबारी जानकारी तक उनकी पहुंच का इस्तेमाल किया गया। अमेरिकी एजेंसियां अभी इस मामले की जांच कर रही हैं और अब तक सार्वजनिक जानकारी के आधार पर एलिस के जासूस होने की पुष्टि नहीं हुई है।

ऐसे में जेनसन हुआंग का इस्तीफा, Nvidia की आंतरिक जांच और अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के बीच मतभेद इस मामले को और गंभीर बना रहे हैं। आने वाले दिनों में जांच से क्या जानकारी सामने आती है, इस पर अमेरिका के साथ-साथ पूरी टेक इंडस्ट्री की नजर रहेगी।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story