नेतन्याहू ने किए सिर्फ झूठे वादे... अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति के दावे से हिली दुनिया, बोलें- बेईमान इरादा

जो बाइडेन ने अपनी आने वाली किताब में नेतन्याहू पर गाजा में आम लोगों की सुरक्षा को लेकर किए गए वादे नहीं निभाने का आरोप लगाया है।

Sachin Singh
Published on: 15 Nov 2026 9:25 PM IST (Updated on: 15 Nov 2026 9:25 PM IST)
नेतन्याहू ने किए सिर्फ झूठे वादे...  अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति के दावे से हिली दुनिया, बोलें- बेईमान इरादा
X

Benjamin Netanyahu: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को लेकर बड़ा खुलासा किया है। बाइडेन का आरोप है कि गाजा में सैन्य कार्रवाई के दौरान नेतन्याहू बार-बार आम लोगों की जान बचाने के लिए जरूरी कदम उठाने का भरोसा देते थे, लेकिन इसके बाद भी इजरायली सेना के हमलों में फिलिस्तीनी नागरिकों की मौतें जारी रहती थीं। बाइडेन ने कहा कि वह नेतन्याहू के इस रवैये से धीरे-धीरे परेशान हो गए थे। उन्हें लगता था कि इजरायली प्रधानमंत्री देश के लंबे समय के हितों के बजाय अपने तात्कालिक राजनीतिक फायदे को ज्यादा महत्व दे रहे हैं।

बाइडेन ने ये बातें अपनी आने वाली किताब 'Promise Me, America' में लिखी हैं। उनकी इस किताब के कुछ अंश शुक्रवार को CNN समेत कई अमेरिकी मीडिया संस्थानों ने प्रकाशित किए। किताब 17 नवंबर को रिलीज होने वाली है। बाइडेन ने लिखा है कि 7 अक्टूबर 2023 को हमास के हमले के बाद जब इजरायल ने गाजा में सैन्य कार्रवाई शुरू की, तभी से वह नेतन्याहू के सामने आम लोगों की सुरक्षा का मुद्दा उठाते रहे। उनका कहना है कि नेतन्याहू भी यह समझते थे कि फिलिस्तीनी नागरिकों की बढ़ती मौतों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इजरायल की छवि खराब हो रही है और अमेरिका में भी युद्ध को लेकर समर्थन कमजोर पड़ रहा है।

नेतन्याहू भरोसा देते थे, लेकिन हमले नहीं रुकते थे: बाइडेन

बाइडेन ने अपनी किताब में लिखा है कि नेतन्याहू आम लोगों की सुरक्षा के लिए ज्यादा सावधानी बरतने का भरोसा देते थे, लेकिन उनके वादों का जमीन पर कोई खास असर नहीं दिखता था। बाइडेन के मुताबिक, नेतन्याहू से बातचीत के बाद भी इजरायली सेना की ओर से ऐसी कार्रवाई होती थी, जिसमें और ज्यादा नागरिकों की जान चली जाती थी।

बाइडेन ने लिखा, "बीबी (नेतन्याहू) ऐसे वादे करने में हिचकिचाते नहीं थे, जिन्हें पूरा करने की न तो उनके पास क्षमता थी और न ही उनकी मंशा थी।" उन्होंने कहा कि जब भी अमेरिका की ओर से इजरायल की कार्रवाई पर सवाल उठाए जाते थे, तो इजरायल अपनी तरफ से कोई न कोई सफाई या वजह पेश कर देता था, लेकिन नतीजा नहीं बदलता था और आम लोगों की मौतें जारी रहती थीं।

7 अक्टूबर के हमले से टूट गई थी स्थायी शांति की उम्मीद

बाइडेन ने किताब में यह भी बताया कि हमास के 7 अक्टूबर 2023 के हमले ने मध्य पूर्व में स्थायी शांति कायम करने की उनकी उम्मीदों को तोड़ दिया था। उन्होंने लिखा कि हमले वाले दिन उन्होंने नेतन्याहू को कई बार फोन किया था। वह उन्हें यह भरोसा दिलाना चाहते थे कि अमेरिका भविष्य में इस तरह के हमले दोबारा न होने देने के लिए पूरी कोशिश करेगा।

बाइडेन के मुताबिक, वह समझते थे कि हमास के हमले में हुई हत्याओं के बाद इजरायल जवाबी कार्रवाई करना चाहता है, लेकिन इसके साथ ही वह इजरायली सरकार से लगातार कह रहे थे कि लड़ाई के बीच फंसे आम लोगों की जान बचाने के लिए ज्यादा सावधानी बरती जाए।

नेतन्याहू पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को अपने फायदे के लिए इस्तेमाल करने का आरोप

बाइडेन ने अपनी किताब में नेतन्याहू के साथ अपने रिश्तों में भरोसे की कमी का भी जिक्र किया है। उन्होंने लिखा कि दोनों नेताओं के बीच बातचीत सीधी होती थी, लेकिन एक-दूसरे पर ज्यादा भरोसा नहीं था। बाइडेन ने नेतन्याहू की तुलना डोनाल्ड ट्रंप से करते हुए आरोप लगाया कि वह तथ्यों को अपने हिसाब से पेश करने में माहिर थे और अपने निजी हितों के लिए लोकतांत्रिक संस्थाओं को मोड़ने से भी परहेज नहीं करते थे।

बाइडेन ने कहा कि उन्हें इस बात की चिंता थी कि नेतन्याहू इजरायल के भविष्य और लंबे समय के हितों को ध्यान में रखकर फैसले नहीं ले रहे थे। उनके मुताबिक, नेतन्याहू को अपने राजनीतिक भविष्य के बजाय देश के व्यापक हितों के बारे में सोचना चाहिए था।

गाजा में करीब 75 हजार फिलिस्तीनियों की मौत का दावा

गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, इस संघर्ष में अब तक करीब 75 हजार फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है। संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों के समन्वय कार्यालय (OCHA) ने भी इन आंकड़ों का हवाला दिया है। मरने वालों में बड़ी संख्या बच्चों की भी बताई गई है। युद्ध के चलते गाजा की लगभग पूरी आबादी को किसी न किसी समय अपना घर छोड़कर विस्थापित होना पड़ा है।

संयुक्त राष्ट्र ने इजरायल के सैन्य अभियान को नरसंहार करार दिया है। ऐसे में बाइडेन की आने वाली किताब के ये अंश गाजा युद्ध को लेकर अमेरिका और इजरायल के तत्कालीन नेतृत्व के बीच रहे मतभेदों और दोनों नेताओं के रिश्तों में आई तल्खी को सामने लाते हैं।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story