किम जोंग उन का हुआ निधन? खबरों के बीच आया नया ट्विस्ट, उत्तर कोरिया के तानाशाह को लेकर सस्पेंस में दुनिया

उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन की मौत और ब्रेन हैमरेज की खबरों के बीच उनकी नई तस्वीरें सरकारी अखबार में प्रकाशित हुई हैं।

Sachin Singh
Published on: 20 Oct 2026 2:50 PM IST (Updated on: 20 Oct 2026 2:55 PM IST)
किम जोंग उन का हुआ निधन? खबरों के बीच आया नया ट्विस्ट, उत्तर कोरिया के तानाशाह को लेकर सस्पेंस में दुनिया
X

Kim Jong Un Death Rumours: उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन की मौत की खबर को लेकर सोशल मीडिया पर कई दावे किए जा रहे है। इस बीच उनकी कुछ नई तस्वीरें सामने आई हैं। इन तस्वीरों में किम जोंग उन एक गारमेंट और फुटवियर प्रदर्शनी में नजर आ रहे हैं।

तस्वीरें उत्तर कोरिया के सरकारी अखबार 'रोडोंग सिनमुन' में प्रकाशित हुई हैं। ये तस्वीरें ऐसे समय सामने आई हैं, जब दावा किया जा रहा है कि 42 साल के किम जोंग उन की ब्रेन हैमरेज से मौत हो गई है या वह कोमा में चले गए हैं। हालांकि, इन दावों का कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया था।

ब्रेन हैमरेज और कोमा में जाने का दावा

किम जोंग उन की सेहत को लेकर चर्चा तब तेज हुई, जब अमेरिका में रहने वाले चीनी वानजुन झी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई दावे किए। वह चाइना डेमोक्रेसी पार्टी से जुड़े बताए जाते हैं।

वानजुन ने पहले दावा किया कि किम जोंग उन की मौत हो गई है और उत्तर कोरिया में सत्ता परिवर्तन की आशंका के बीच चीन ने प्योंगयांग में 9,000 सैनिक भेजे हैं।

बाद में उन्होंने आरोप लगाया कि किम जोंग उन को गंभीर ब्रेन हैमरेज हुआ था और उनके इलाज के लिए बीजिंग के पेकिंग यूनियन मेडिकल कॉलेज अस्पताल से डॉक्टरों की एक टीम उत्तर कोरिया भेजी गई थी।

वानजुन के दावे के मुताबिक, किम जोंग उन कोमा में चले गए थे और बाद में उन्हें बीजिंग ले जाया गया, जहां डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। उन्होंने यह भी दावा किया कि किम का शव गुप्त रूप से उत्तर कोरिया वापस भेज दिया गया है।

गुलाबी जूते देखते नजर आए किम जोंग उन

सामने आई तस्वीरों में किम जोंग उन प्रदर्शनी में रखे कपड़ों और जूतों को देखते दिखाई दे रहे हैं। एक तस्वीर में वह आगे की ओर झुककर एक महिला के हाथ में पकड़ा छोटा-सा गुलाबी जूता देखते नजर आते हैं। महिला ने हल्के गुलाबी रंग की ड्रेस पहन रखी है।

दूसरी तस्वीर में किम जोंग उन एक अधिकारी से बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान उनके हाथ फैले हुए हैं और मुंह खुला है, जिससे वह कुछ कहते हुए नजर आते हैं।

वहीं, तीसरी तस्वीर में वह एक पुतले पर प्रदर्शित भूरे-लाल रंग के महिलाओं के कोट की बांह की तरफ हाथ बढ़ाते दिख रहे हैं। उनके पीछे कई अधिकारी भी मौजूद हैं।

हालांकि, ये तस्वीरें सरकारी मीडिया की ओर से जारी की गई है। चूंकि, उत्तर कोरिया एक तानाशाह का देश है, इसलिए मौत की खबर छिपाने के लिए भी इस तरह की तस्वीरें शेयर कर सकता है।

किम यो जोंग के हाथों में सत्ता जाने की भी उठी चर्चा

किम जोंग उन की मौत और सेहत को लेकर फैली अटकलों के साथ यह सवाल भी उठने लगा कि अगर उत्तर कोरिया के नेता सत्ता संभालने की स्थिति में नहीं हैं, तो देश की कमान किसके हाथ में होगी। इसी दौरान उनकी शक्तिशाली बहन किम यो जोंग की भूमिका को लेकर भी चर्चा होने लगी।

2020 में भी किम जोंग उन की मौत की उड़ी थी अफवाह

किम जोंग उन की मौत को लेकर ऐसी अटकलें पहले भी सामने आ चुकी हैं। साल 2020 में उत्तर कोरिया से भागकर दक्षिण कोरिया पहुंचे और बाद में वहां के सांसद बने जी सियोंग-हो ने दावा किया था कि उन्हें किम जोंग उन की मौत का 99 फीसदी भरोसा है। उस समय उन्होंने यह दावा भी किया था कि किम की हृदय संबंधी सर्जरी के बाद उनकी हालत गंभीर हो गई थी।

लेकिन बाद में किम जोंग उन सार्वजनिक रूप से नजर आए थे। इसके बाद जी सियोंग-हो ने अपनी गलत जानकारी के लिए माफी मांगी थी।

इस बार भी मौत और गंभीर बीमारी से जुड़े दावों के बीच किम जोंग उन की नई तस्वीरें सामने आई हैं। तस्वीरों में वह प्रदर्शनी के दौरान अधिकारियों के साथ दिखाई दे रहे हैं। वहीं, सोशल मीडिया पर किए गए उन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, जिनमें उनकी मौत या कोमा में जाने की बात कही गई थी।

Sachin Singh
ABOUT THE AUTHOR

Sachin Singh

Conetent Writer Mail ID - sachinsingh.alert@gmail.comsachinsingh.alert@gmail.com

Sachin Singh is a media professional with 4 years of experience in the field of journalism and digital media. After completing his education at Jamia Millia Islamia Central University, he has worked with reputed media organizations such as Editor ji, ABP News and Doordarshan. Currently, Sachin Singh is working as a Content Writer with News Track, where he contributes to fast-paced digital news coverage and content creation. His areas of interest include politics, national and international affairs, and food. With experience across different formats of journalism, he focuses on producing informative, accurate, and engaging content for digital audiences.

Next Story