TRENDING TAGS :
मलेशिया ने भारतीयों को दिया बड़ा झटका! घूमने का प्लान है तो जान लें नया नियम
मलेशिया 1 जनवरी 2027 से भारतीय नागरिकों के लिए 30 दिन की वीजा-फ्री एंट्री की सुविधा खत्म करने जा रहा है।
Malaysia Visa Rules 2027: मलेशिया घूमने जाने की तैयारी कर रहे भारतीयों के लिए एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब भारतीय पासपोर्ट धारक बिना वीजा के मलेशिया की यात्रा नहीं कर पाएंगे। मलेशिया सरकार 1 जनवरी 2027 से भारतीय नागरिकों को मिलने वाली 30 दिन की वीजा-फ्री एंट्री की सुविधा खत्म करने जा रही है। यानी नए साल से मलेशिया जाने वाले भारतीयों को यात्रा से पहले वैध वीजा लेना जरूरी होगा। मलेशिया के इमिग्रेशन विभाग ने 17 नवंबर को जारी नोटिस में इस फैसले की जानकारी दी है।
1 जनवरी से पहले लेना होगा वीजा
इमिग्रेशन विभाग के मुताबिक, भारतीय नागरिकों के लिए वीजा छूट की सुविधा 1 जनवरी 2027 से बंद हो जाएगी। इसके बाद मलेशिया पहुंचने से पहले वीजा लेना अनिवार्य होगा। इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया 1 दिसंबर 2026 से शुरू हो जाएगी। भारतीय नागरिक मलेशिया के MyVISA पोर्टल के जरिए ऑनलाइन वीजा के लिए आवेदन कर सकेंगे।
विभाग ने यह भी साफ किया है कि वीजा आवेदन की फीस वापस नहीं की जाएगी। यानी अगर किसी का वीजा आवेदन खारिज हो जाता है, तब भी उसे फीस का रिफंड नहीं मिलेगा। इतना ही नहीं, अगर बाद में सरकार अपनी नीति बदलती है या यात्री अपना ट्रैवल प्लान रद्द करता है, तब भी आवेदन शुल्क वापस नहीं किया जाएगा। मलेशिया का इमिग्रेशन विभाग सरकार के निर्देशों के मुताबिक प्रवेश से जुड़े नियमों में बदलाव करने का अधिकार भी अपने पास रखता है।
नौकरी की तलाश में वीजा-फ्री सुविधा का हो रहा था गलत इस्तेमाल
मलेशिया का यह फैसला ऐसे समय आया है, जब कुछ समय पहले ही कुआलालंपुर स्थित भारतीय उच्चायोग ने भारतीय यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की थी। 22 सितंबर को जारी इस एडवाइजरी में बताया गया था कि 30 दिन की वीजा-फ्री सुविधा का इस्तेमाल करके कई भारतीय मलेशिया पहुंच रहे हैं और वहां नौकरी तलाशने की कोशिश कर रहे हैं।
भारतीय उच्चायोग ने साफ कहा था कि वीजा-फ्री एंट्री की सुविधा सिर्फ घूमने और सामाजिक मुलाकातों के लिए है। इसका इस्तेमाल नौकरी करने या रोजगार तलाशने के लिए नहीं किया जा सकता। उच्चायोग ने यह भी चेतावनी दी थी कि कुछ एजेंट भारतीय नागरिकों को मलेशिया में नौकरी दिलाने का झूठा वादा करके गुमराह कर रहे हैं। ऐसे मामलों में लोग वहां फंस सकते हैं और उन्हें अवैध रूप से रहने, शोषण, हिरासत या कानूनी कार्रवाई जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
मलेशिया घूमने जाने वाले भारतीय कौन से दस्तावेज रखें?
भारतीय उच्चायोग ने असली पर्यटकों को सलाह दी थी कि वे मलेशिया जाते समय अपने साथ सभी जरूरी और सत्यापित यात्रा दस्तावेज रखें, ताकि एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन से जुड़ी परेशानी न हो।
इसके लिए यात्रियों के पास कन्फर्म रिटर्न टिकट, होटल की वैध बुकिंग और कम से कम छह महीने की वैधता वाला पासपोर्ट होना चाहिए। इसके अलावा मलेशिया डिजिटल अराइवल कार्ड (MDAC) भी जमा करना जरूरी है, जिसे यात्रा से तीन दिन पहले ऑनलाइन भरना होता है।
उच्चायोग ने भारतीय नागरिकों को यह भी सलाह दी थी कि वे जरूरी वर्क परमिट या वीजा रेफरेंस (VDR) के बिना नौकरी के लिए मलेशिया न जाएं।
नए साल से पहले ट्रैवल प्लान में करना होगा बदलाव
मलेशिया की यात्रा करने वाले भारतीयों को अब अपने ट्रैवल प्लान के हिसाब से वीजा की तैयारी करनी होगी। 1 जनवरी 2027 से पहले तक मौजूदा वीजा-फ्री सुविधा लागू रहेगी, लेकिन इसके बाद बिना वैध वीजा के मलेशिया में प्रवेश नहीं मिलेगा। ऐसे में नए साल में मलेशिया घूमने जाने की योजना बना रहे लोगों को 1 दिसंबर से शुरू होने वाली वीजा आवेदन प्रक्रिया का ध्यान रखना होगा।


