TRENDING TAGS :
रूस-यूक्रेन युद्ध में मिसेज ट्रंप की एंट्री! 5 नवंबर को हो जाएगा आर-पार पर फैसला, व्हाइट हाउस ने क्या कुछ कहा?
मेलानिया ट्रंप 5 नवंबर को व्हाइट हाउस में रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगी।
Russia-Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को खत्म कराने की कोशिशों के बीच अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप की भूमिका चर्चा में आ गई है। 5 नवंबर को मेलानिया ट्रंप व्हाइट हाउस में रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधियों के साथ मुलाकात करेंगी।
खास बात यह है कि इस मुलाकात की पहल खुद मेलानिया ट्रंप ने की है। व्हाइट हाउस के मुताबिक, वह दोनों युद्धरत देशों के प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाने जा रही हैं। इसके साथ ही वह यूक्रेन के ओलेश्की और उसके आसपास के इलाकों में हुए सीजफायर को लेकर भी भाषण देंगी।
मेलानिया ट्रंप ने खुद की रूस-यूक्रेन के बीच बातचीत की पहल
व्हाइट हाउस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, मेलानिया ट्रंप ने रूस और यूक्रेन के बीच संपर्क स्थापित करने की पहल खुद की थी। अमेरिकी प्रशासन का दावा है कि उनकी कोशिशों से खेरसॉन क्षेत्र के ओलेश्की और आसपास के इलाकों में सीजफायर कराने में मदद मिली है।
व्हाइट हाउस ने इसे अमेरिकी इतिहास में एक असाधारण और अभूतपूर्व कूटनीतिक पहल बताया है। उसका कहना है कि अमेरिका की किसी फर्स्ट लेडी की ओर से इस तरह की पहल पहले देखने को नहीं मिली है। अब मेलानिया ट्रंप 5 नवंबर को सुबह 11 बजे (अमेरिकी पूर्वी समय) व्हाइट हाउस में सीजफायर को लेकर अपना भाषण देंगी।
अबू धाबी में भी होगी रूस और यूक्रेन के बीच बातचीत
रूस और यूक्रेन के बीच शांति की कोशिशें केवल व्हाइट हाउस तक सीमित नहीं हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने भी जानकारी दी है कि दोनों देशों के बीच 10 और 11 नवंबर को अबू धाबी में बातचीत होगी।
इन बैठकों में अमेरिका मध्यस्थ की भूमिका निभाएगा। बातचीत के दौरान युद्ध के बाद सुरक्षा व्यवस्था, तनाव कम करने और मानवीय मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इन विषयों पर दोनों देशों के प्रतिनिधि कामकाजी स्तर पर बातचीत करेंगे।
जेलेंस्की ने ट्रंप के साथ अपने रिश्ते को बताया भावनात्मक
इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अपने रिश्तों को लेकर भी बात की है। PBS NewsHour को दिए इंटरव्यू में उन्होंने दोनों नेताओं के संबंधों को भावनात्मक बताया।
जेलेंस्की ने अमेरिकी सरकार से अपील की कि वह यूक्रेन पर दबाव बनाने के बजाय रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर दबाव बनाए। उनका कहना है कि युद्ध खत्म कराने के लिए मॉस्को पर दबाव डालना जरूरी है।
क्या शांति की ओर बढ़ेंगे रूस और यूक्रेन?
रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध खत्म कराने के लिए अमेरिका लगातार कूटनीतिक कोशिशें कर रहा है। एक तरफ मेलानिया ट्रंप की पहल पर व्हाइट हाउस में दोनों देशों के प्रतिनिधियों की मुलाकात होने जा रही है, वहीं दूसरी तरफ अबू धाबी में भी बातचीत प्रस्तावित है।
हालांकि, इन बैठकों से युद्ध खत्म होने का रास्ता निकलेगा या नहीं, यह आने वाले दिनों में होने वाली बातचीत पर निर्भर करेगा। फिलहाल सीजफायर, सुरक्षा व्यवस्था और मानवीय मुद्दे दोनों देशों के बीच चर्चा के अहम विषय बने हुए हैं।


