Iran China Relations: ईरान के समर्थन में उतरा चीन, अमेरिका-इजरायल की कार्रवाई को बताया गैरकानूनी

Iran China Relations: चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने अमेरिका-इजरायल की सैन्य कार्रवाई को अवैध बताते हुए ईरान का समर्थन किया और कहा पश्चिम एशिया निर्णायक मोड़ पर है क्षेत्रीय स्थिरता के लिए तत्काल युद्धविराम की आवश्यकता है।

Newstrack/IANS
Published on: 6 May 2026 4:19 PM IST
China Iran Relations
X

China Iran Relations

Iran China Relations: चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजराइल की सैन्य कार्रवाई को “अवैध” करार देते हुए क्षेत्र में तत्काल संघर्ष विराम की जरूरत पर जोर दिया है। चीनी विदेश मंत्रालय के मुताबिक, वांग यी ने बीजिंग में अपने ईरानी समकक्ष अब्बास अराघची के साथ बैठक के दौरान कहा कि पश्चिम एशिया “निर्णायक मोड़” पर खड़ा है और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए व्यापक युद्धविराम “अनिवार्य” है।

ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम न्यूज एजेंसी के अनुसार, वांग ने तनाव कम करने के प्रयासों के प्रति चीन की प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि दोनों पक्षों के बीच सीधी बातचीत ही समाधान का रास्ता है। वहीं, अराघची ने चीन के “दृढ़ रुख” की सराहना करते हुए कहा कि अमेरिका-इजरायल की कार्रवाई की निंदा करने में बीजिंग की भूमिका अहम रही है। उन्होंने यह भी कहा कि तेहरान और बीजिंग के बीच सहयोग पहले से अधिक मजबूत होगा।

यह बयान ऐसे समय आया है जब क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच कूटनीतिक प्रयास तेज हो गए हैं। तो दूसरी ओर, अमेरिका के राष्ट्रपति ने प्रोजेक्ट फ्रीडम पर फिलहाल रोक लगा दी है। उन्होंने मंगलवार शाम सोशल पोस्ट में कहा कि यह फैसला पाकिस्तान और अन्य देशों के अनुरोध पर लिया गया है, साथ ही ईरान के साथ संभावित शांति समझौते की दिशा में हो रही प्रगति को ध्यान में रखते हुए किया गया है।

ट्रंप ने अपने बयान में कहा कि “प्रोजेक्ट फ्रीडम” को “कुछ समय के लिए रोका जा रहा है, ताकि यह देखा जा सके कि क्या ईरान के साथ अंतिम समझौता पूरा किया जा सकता है।” हालांकि, अमेरिका द्वारा ईरानी बंदरगाहों पर लगाया गया दबाव और नाकाबंदी फिलहाल जारी रहेगी।

यह अभियान सोमवार को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में फंसे हुए वाणिज्यिक जहाजों को सुरक्षित रास्ता देने के लिए शुरू किया गया था, जो हालिया तनाव के कारण समुद्री यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने इसे मानवता के लिए जरूरी करार दिया था लेकिन मंगलवार रात फिर बंद कर दिया गया।

Vineeta Pandey

Vineeta Pandey

Next Story