TRENDING TAGS :
किर्गिस्तान में दिखी मोदी-पुतिन की यारी! एक ही कार में बैठ पीएम ने दिया 'शांति मंत्र', बोलें- अनंत युद्ध नहीं, अब युद्ध का अंत
बैठक के बाद मोदी और पुतिन एक ही कार में सवार होकर वर्ल्ड नोमैड गेम्स के उद्घाटन समारोह में पहुंचे, जिसने दोनों नेताओं की करीबी दोस्ती को फिर चर्चा में ला दिया।
India Russia Relations: किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच अहम द्विपक्षीय मुलाकात हुई। इस दौरान एक बार फिर से दोनों की दोस्ती देखने को मिली। दोनों नेताओं ने भारत-रूस संबंधों को और मजबूत करने के साथ-साथ यूक्रेन युद्ध और वैश्विक शांति जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की। मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने साफ कहा कि मानवता के हित में दुनिया को 'अनंत युद्ध' से निकलकर 'युद्ध के अंत' की दिशा में आगे बढ़ना होगा।
मुलाकात के बाद एक ही कार में नजर आए मोदी-पुतिन
दोनों नेताओं की मुलाकात का एक दिलचस्प दृश्य भी सामने आया। द्विपक्षीय बैठक खत्म होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन एक ही कार में सवार होकर बिश्केक एरीना के लिए रवाना हुए। दोनों नेता वहां छठे वर्ल्ड नोमैड गेम्स के उद्घाटन समारोह में शामिल होने पहुंचे। मुलाकात के बाद एक ही कार में दोनों नेताओं का साथ जाना भारत और रूस के बीच करीबी रिश्तों की एक और झलक के तौर पर देखा गया।
पुतिन ने भारत-रूस रिश्तों को बताया मजबूत
बैठक में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत और रूस के रिश्तों को लेकर संतोष जताया। पुतिन ने कहा कि दोनों देशों के संबंध विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त साझेदारी के सिद्धांतों पर लगातार मजबूत हो रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के भारत-रूस संबंधों पर विशेष ध्यान देने की भी सराहना की। पुतिन ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच स्थापित कारोबारी और दोस्ताना रिश्ते भी दोनों देशों के संबंधों को आगे बढ़ाने में मदद कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने पीएम मोदी का आभार जताया।
पीएम मोदी बोले- राष्ट्रीय हित हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बातचीत के दौरान पिछले साल राष्ट्रपति पुतिन की भारत यात्रा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पुतिन की भारत यात्रा बेहद सफल और यादगार रही थी। पीएम मोदी ने कहा कि यह संतोष की बात है कि भारत और रूस के बीच सहयोग लगातार नई ऊंचाइयों तक पहुंच रहा है। दोनों देश अपने-अपने नागरिकों के कल्याण के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। मोदी ने कहा कि दोनों देशों का साझा दृष्टिकोण रहा है कि राष्ट्रीय हित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने साफ किया कि भविष्य में भी यही दोनों देशों के बीच सहयोग का मार्गदर्शक सिद्धांत बना रहेगा।
यूक्रेन युद्ध पर मोदी का बड़ा संदेश
बैठक में यूक्रेन युद्ध का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। पीएम मोदी ने कहा कि भारत पहले भी यूक्रेन के मुद्दे पर रूस के साथ लगातार चर्चा करता रहा है। उन्होंने कहा कि पिछली मुलाकात में राष्ट्रपति पुतिन ने उन्हें इस मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी थी। मोदी ने दोहराया कि भारत शांति की दिशा में होने वाले हर प्रयास का समर्थन करता है और आगे भी ऐसा करता रहेगा।
'हर दिन का युद्ध मानवता को पीछे धकेलता है'
पीएम मोदी ने युद्ध के मानवीय प्रभाव को लेकर बेहद स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युद्ध में बीतने वाला हर दिन मानवता को पीछे ले जाता है, जबकि शांति की दिशा में उठाया गया हर कदम दुनिया में नई उम्मीद और उत्साह पैदा करता है। मोदी ने कहा कि अब दुनिया को लगातार चलते रहने वाले युद्ध से निकलकर उसके अंत की ओर बढ़ना चाहिए। उनके मुताबिक, मानवता की भलाई के लिए ऐसा करना बेहद जरूरी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सभी समस्याओं का जल्द से जल्द शांतिपूर्ण समाधान होना समय की जरूरत है और यही भारत का संदेश भी है।
गांधी और बुद्ध की धरती का शांति संदेश
पीएम मोदी ने भारत की ऐतिहासिक विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि महात्मा गांधी और भगवान बुद्ध की धरती का संदेश एक ही है और वो है शांति का रास्ता। उन्होंने कहा कि भारत का मानना है कि युद्ध की जगह बातचीत और शांति को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। मोदी ने कहा कि वह राष्ट्रपति पुतिन के साथ इन मुद्दों पर विस्तार से बातचीत करने के लिए उत्सुक हैं।


