TRENDING TAGS :
मोजतबा खामेनेई की कभी भी हो सकती है मौत! इजराइली मीडिया का बड़ा दावा, राष्ट्रपति के बयान से बढ़ी टेंशन
Mojtaba Khamenei Health Update: ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर एक बार फिर गंभीर दावे सामने आए हैं। इजराइली मीडिया और ईरानवायर की रिपोर्टों में उनकी हालत बेहद नाजुक बताई गई है और अधिकारियों के हवाले से उनकी मौत की आशंका जताई गई है।
Mojtaba Khamenei Health Update: ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के स्वास्थ्य को लेकर एक बार फिर पूरी दुनिया में अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। इजराइली मीडिया चैनलों ने सनसनीखेज दावा करते हुए कहा है कि मोजतबा की हालत अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है। अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दुनिया को बहुत जल्द उनकी मौत की आधिकारिक खबर मिल सकती है। 28 फरवरी को हुए भीषण हवाई हमले में उनके पिता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद मोजतबा ने देश की कमान संभाली थी, लेकिन पद संभालने के बाद से वे आज तक सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं।
हवाई हमले में हुए थे गंभीर रूप से घायल
खबरों के मुताबिक, 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा किए गए संयुक्त हवाई हमले में मोजतबा खामेनेई भी बुरी तरह जख्मी हो गए थे। इस हमले में उनके पेट और पैर में गहरे जख्म आए थे, जिसके बाद से लगातार उनका गुप्त रूप से इलाज चल रहा है। हालांकि, बीच-बीच में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) की तरफ से उनके लिखित संदेश जारी किए जाते रहे हैं। जुलाई के शुरुआती हफ्ते में आयोजित अपने पिता के राजकीय अंतिम संस्कार में भी वे नजर नहीं आए थे, जिसे तब सुरक्षा कारणों से दूर रहना बताया गया था।
'चैनल 14' और 'ईरान वायर' की रिपोर्ट से मचा हड़कंप
ईरान सरकार भले ही मोजतबा की बिगड़ती सेहत की खबरों को खारिज करती रही हो, लेकिन इजराइल के प्रमुख समाचार चैनल 'चैनल 14' ने तेहरान के अंदरूनी सूत्रों के हवाले से कहा है कि वे अस्पताल में भर्ती हैं और बेहद नाजुक दौर से गुजर रहे हैं। इसी तरह की रिपोर्ट 'ईरान वायर' ने भी प्रकाशित की है। राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन के करीबी प्रशासनिक सूत्रों ने खुलासा किया है कि 28 फरवरी के घातक हमले के बाद से मोजतबा ने अपनी कैबिनेट के किसी भी मंत्री से सीधी मुलाकात नहीं की है।
राष्ट्रपति के करीबी सूत्र का बड़ा खुलासा
ईरानी राष्ट्रपति कार्यालय के करीबी एक सूत्र ने बताया कि मोजतबा खामेनेई की शारीरिक स्थिति लगातार गिरती जा रही है। शीर्ष नेतृत्व के बीच अब सिर्फ इसी बात की चर्चा चल रही है कि वे किसी भी पल अंतिम सांस ले सकते हैं। सूत्र के अनुसार, यदि जल्द ही उनकी शहादत की खबर सामने आती है, तो इसमें किसी को कोई अचरज नहीं होना चाहिए। इस खुलासे के बाद पूरे मिडिल ईस्ट के राजनीतिक समीकरणों में एक बार फिर भारी हलचल देखने को मिल रही है।
राष्ट्रपति पेजेश्कियन ने भी मानी बात
तेहरान के अधिकारी भले ही पहले मोजतबा के अक्षम होने के दावों को खारिज करते आए हों, लेकिन हाल ही में खुद राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने स्वीकार किया कि इस समय सर्वोच्च नेता से संपर्क स्थापित करना 'बहुत ज्यादा मुश्किल' हो गया है। इसके बावजूद राष्ट्रपति ने जोर देकर कहा कि इस कठिन समय में भी उनकी मौजूदगी सरकार और सेना के लिए प्रेरणा का सबसे बड़ा जरिया बनी हुई है। फिलहाल पूरी दुनिया की निगाहें ईरान के इस राजनीतिक घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं।


