TRENDING TAGS :
बाढ़ का सैलाब, छत पर फंसी जिंदगी... नेपाल आर्मी ने ऐसे बचाई युवक की जान, Video Viral
नेपाल में भीषण फ्लैश फ्लड के बीच छत पर फंसे युवक को नेपाल आर्मी ने हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू किया। रेस्क्यू का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
Nepal Flash Flood: नेपाल में बुधवार को आई भीषण फ्लैश फ्लड के बीच एक युवक के रेस्क्यू का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। नेपाल आर्मी की ओर से साझा किए गए इस वीडियो में एक युवक बाढ़ के पानी और मलबे से घिरे अपने घर की छत पर फंसा नजर आ रहा है।
वीडियो में दिखाई देता है कि जैसे ही नेपाल आर्मी का हेलिकॉप्टर युवक के पास पहुंचता है, वह अपनी टी-शर्ट लहराकर रेस्क्यू टीम का ध्यान अपनी ओर खींचता है। इसके बाद सेना का एक जवान हेलिकॉप्टर से उसकी ओर पहुंचता है और उसे सुरक्षित निकालने की कार्रवाई शुरू की जाती है।
नेपाल आर्मी ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “बाढ़ प्रभावित लोगों के बचाव में नेपाली सेना... उच्च सतर्कता अपनाएं और सुरक्षित रहें। जहां संकट है, वहां नेपाली सेना है।”
फ्लैश फ्लड में अब तक 19 लोगों की मौत
यह रेस्क्यू ऑपरेशन ऐसे समय हुआ है जब नेपाल के मध्य हिस्सों में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में कम से कम 19 लोगों की मौत की खबर है, जबकि बड़ी संख्या में लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
नेपाल पर्यटन बोर्ड के मुताबिक, रसुवा क्षेत्र में आई बाढ़ के बाद कुल 384 यात्री लापता बताए गए हैं। इनमें 291 विदेशी नागरिक और 93 नेपाली नागरिक शामिल हैं। लापता विदेशी नागरिकों में कम से कम 105 भारतीय बताए जा रहे हैं।
हेलिकॉप्टर से चल रहा रेस्क्यू अभियान
बाढ़ प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए नेपाल आर्मी ने हेलिकॉप्टर और विशेष बचाव दल तैनात किए हैं। दुर्गम इलाकों में सड़क और संचार व्यवस्था बाधित होने के कारण हवाई बचाव अभियान बेहद महत्वपूर्ण हो गया है।
अचानक आई बाढ़ ने तिब्बत सीमा से लगे इलाके में कई बस्तियों और हाइड्रोपावर परियोजनाओं को प्रभावित किया है। स्थानीय स्तर पर सड़क, बिजली और संचार सेवाओं को भी नुकसान पहुंचने की खबर है।
भोटेकोशी नदी में अचानक बढ़ा जलस्तर
बताया जा रहा है कि स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 9 बजे भोटेकोशी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ा, जिसके बाद आसपास के क्षेत्रों में तेज बहाव के साथ बाढ़ का पानी फैल गया। बाढ़ अपने साथ भारी मात्रा में मलबा भी लेकर आई, जिससे कई इलाकों में हालात बेहद खतरनाक हो गए।
नेपाल के साथ-साथ चीन के तिब्बत क्षेत्र में स्थित जिरोंग पोर्ट भी अचानक आई बाढ़ से प्रभावित हुआ है। वहां सड़क, संचार और बिजली व्यवस्था पर असर पड़ा है।
प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। लापता लोगों की तलाश जारी है और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।


